Maharashtra News: शराब पीकर राज ठाकरे को अपशब्द कहने वाला गिरफ्तार; गणेशोत्सव पर रात 12 बजे तक चलेगी मेट्रो

मुंबई के अंधेरी इलाके में शनिवार को पुलिस ने 30 वर्षीय दुकानदार सुजीत दुबे को गिरफ्तार किया। दुबे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह नशे की हालत में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ अपशब्द बोल रहा था। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात शराब पीने के बाद दुबे ने यह वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे इंटरनेट पर डाल दिया। वीडियो सामने आते ही एमएनएस कार्यकर्ता गुस्से में एमआईडीसी पुलिस स्टेशन पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुबे को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और वीडियो की अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

गणेशोत्सव में मुंबई मेट्रो चलेगी रात 12 बजे तक
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने घोषणा की है कि गणेशोत्सव (27 अगस्त से 6 सितंबर) के दौरान मेट्रो लाइन 2ए और लाइन सात की सेवाएं रात 12 बजे तक बढ़ा दी जाएंगी। आमतौर पर अंतिम ट्रेन रात 11 बजे चलती है, लेकिन भीड़ को देखते हुए यह समय बढ़ाया गया है। लाइन 2ए दहिसर (पूर्व) से अंधेरी (पश्चिम) और लाइन सात दहिसर (पूर्व) से अंधेरी (पूर्व) के गुंडावली तक जाती है। इस अवधि में मेट्रो सेवाओं की फ्रीक्वेंसी बढ़ा दी जाएगी ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। एमएमआरडीए प्रमुख संजय मुखर्जी और एमएमएमओसीएल की प्रबंध निदेशक रूबल अग्रवाल ने कहा कि यह फैसला यात्रियों की मांग पर लिया गया है ताकि लोग सुरक्षित और आरामदायक तरीके से पंडालों तक पहुंच सकें और यातायात जाम से बच सकें।
मरबट उत्सव में ट्रंप का विशाल पुतला बना आकर्षण
नागपुर में आयोजित सदियों पुराने मरबट उत्सव में इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा पुतला मुख्य आकर्षण रहा। लोगों ने इसे प्रतीकात्मक विरोध के रूप में तैयार किया था, ताकि अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ का विरोध जताया जा सके। परंपरागत रूप से मरबट उत्सव में समाज की बुराइयों और समस्याओं का पुतला बनाकर जलाया जाता है। इस बार ट्रंप का पुतला जलाकर लोगों ने आर्थिक नीतियों के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।
ठाणे में 75 वर्षीय महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शाहपुर तालुका के गंडुलवाड़ गांव में हुई सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने 75 वर्षीय महिला की हत्या कर दी और उनकी 97 वर्षीय मां पर हमला कर लूटपाट की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक घटना 18 और 19 अगस्त की दरमियानी रात को हुई। मृतका की पहचान वीणा दौलतराम हरपालानी (75) के रूप में हुई, जिन्हें आरोपी ने किसी भारी वस्तु से हमला कर मार डाला। वहीं उनकी मां लक्ष्मी नारायणदास डालवानी (97) गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपी महिला के गहने भी लेकर फरार हो गया था। पीड़िता के भाई की शिकायत पर खिनावली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और घर में घुसपैठ समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया। स्थानीय क्राइम ब्रांच ने जांच में तेजी दिखाते हुए गांव के लोगों और मजदूरों से पूछताछ की। तकनीकी इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने शिवाजी बलवंत धसाडे (25) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घायल वृद्धा का इलाज जारी है।
पालघर में पानी के टैंक में छह साल का बच्चा डूबा
पालघर जिले में एक आवासीय परिसर में खुले पानी के टैंक में गिरने से छह वर्षीय एक बच्चे की डूबकर मौत हो गई। उमरोली के शालिग्राम इलाके में बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह गलती से फिसलकर खुले पानी के टैंक में गिर गया। जब बच्चा नहीं मिला तो उसके माता-पिता ने शोर मचाया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बच्चे का शव शुक्रवार को पानी की टंकी में मिला, जिसे स्थानीय लोगों और अग्निशमन कर्मियों ने बाहर निकाला। दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
नगर निगम अधिकारियों ने प्लास्टिक बैग जब्त किए
लातूर जिले में प्रशासन ने प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 80,000 रुपये मूल्य की 550 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की। नगर निगम ने शुक्रवार को गंजगोलाई क्षेत्र में दो गोदामों पर छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कैरी बैग रखे हुए थे। अफसरों ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान का समर्थन करें। त्योहार पर प्लास्टिक बैग का उपयोग न करें, तथा पर्यावरण की सुरक्षा में मदद के लिए कपड़े के बैग का उपयोग करें। प्लास्टिक पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जमीन विवाद में खून-खराबा: छत्रपति संभाजीनगर में युवक की हत्या, तीन परिजन घायल
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में जमीन विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। शुक्रवार दोपहर हुई घटना में 38 वर्षीय प्रमोद पडसावन की पड़ोसी परिवार द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उनके तीन परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना सिडको इलाके के संभाजी कॉलोनी में हुई। मृतक प्रमोद के पिता रमेश पडसावन (60) की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। शिकायत में कहा गया है कि रमेश का परिवार काशीनाथ निमोने और उसके परिजनों के साथ एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद में है। शुक्रवार को पडसावन परिवार ने विवादित जमीन पर निर्माण सामग्री रखी, जिस पर काशीनाथ ने आपत्ति जताई।
आरोप है कि काशीनाथ, उसके पिता, पत्नी शशिकला और तीनों बेटे ज्ञानेश्वर, गौरव और सौरभ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आए। इस दौरान प्रमोद को लोहे की रॉड से पीटा गया। फिर ज्ञानेश्वर ने चाकू से कई बार वार कर प्रमोद को लहूलुहान कर दिया। जब परिवार के अन्य सदस्य बचाव में आए तो उन्हें भी धारदार हथियार और पत्थरों से हमला कर घायल कर दिया गया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। रमेश और उनका पोता रुद्र गंभीर हालत में भर्ती हैं, जबकि रमेश की पत्नी भी घायल हैं। पुलिस ने हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सभी छह आरोपियों को हिरासत में लिया है।
सड़क हादसे में संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति और उनकी पत्नी का निधन
महाराष्ट्र के राज्यपाल और उपराष्ट्रपति के पद के एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को काविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक (नागपुर) के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी और उनकी पत्नी बादामी देवी को श्रद्धांजलि दी। दोनों की उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। प्रो. त्रिपाठी (58) और उनकी पत्नी (56) वाराणसी से अपने गांव कुशीनगर लौट रहे थे, तभी उनकी कार ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना से शिक्षा जगत और विश्वविद्यालय परिवार में गहरा शोक छा गया। राज्यपाल ने उन्हें समर्पित संस्कृत विद्वान, शोधकर्ता और प्रशासक बताया, जबकि मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उन्होंने भारतीय दर्शन और न्यायशास्त्र पर गहन शोध करते हुए 40 से अधिक पुस्तकें लिखीं और कई राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी उन्हें संस्कृत भाषा के उत्थान और प्रसार का अथक कार्यकर्ता बताया। प्रो. त्रिपाठी का निधन भारतीय सांस्कृतिक और शैक्षणिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
जलगांव में युवक की पिटाई पर NHRC ने सरकार से जवाब मांगा
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने महाराष्ट्र के जलगांव में 21 वर्षीय युवक की पिटाई से हुई मौत पर राज्य सरकार और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। युवक को अलग समुदाय की युवती के साथ देखे जाने पर 8-10 लोगों ने सार्वजनिक रूप से पीटा और गंभीर हालत में घर के पास छोड़ दिया। बाद में युवक की अस्पताल में मौत हो गई। आयोग ने यूपी के में आगरा में सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) द्वारा एक शव के अंतिम संस्कार किए जाने का भी संज्ञान लिया है। इस मामले में झारखंड निवासी व्यक्ति के शव का यूपी में परिजनों की अनुपस्थिति में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक अन्य मामला लखनऊ में बीमार बच्ची को सरकारी अस्पताल में उपचार न मिलने का है। आयोग ने इन मामलों का भी संज्ञान लिया है।
CM फडणवीस एकनाथ शिंदे-अजित पवार से मिले
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को उपमुख्यमंत्रियों अजित पवार और एकनाथ शिंदे के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार, बैठक में कोई अन्य कैबिनेट मंत्री मौजूद नहीं था। इसमें आगामी गणेश उत्सव की तैयारियों, तीन साल से लंबित स्थानीय निकाय चुनावों, महायुति गठबंधन में तालमेल और राज्य संचालित निगमों के बंटवारे के मसौदे पर चर्चा हुई। स्थानीय निकाय चुनाव इस वर्ष के अंत तक होने की संभावना है।
महाराष्ट्र: दुष्कर्म के मामले में प्रफुल लोढ़ा गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पुणे जिले स्थित पिंपरी चिंचवाड़ा पुलिस ने शुक्रवार को एक 23 वर्षीय महिला की शिकायत पर दुष्कर्म के मामले में 62 वर्षीय प्रफुल लोढ़ा को गिरफ्तार किया है। जलगांव निवासी और कथित तौर पर कुछ राजनीतिक नेताओं से संबंध रखने वाले लोढ़ा के खिलाफ पिछले महीने मामला दर्ज किया गया था। पिंपरी चिंचवड़ की बावधान पुलिस ने जब उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया, तब वह एक अन्य मामले में मुंबई की आर्थर रोड जेल में न्यायिक हिरासत में थे। एक अधिकारी ने बताया कि लोढ़ा को 25 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, लोढ़ा ने उसे पुणे के एक होटल में बुलाया और कहा कि वह उसके पति को नौकरी दिलाएगा और बदले में उससे यौन संबंध बनाने की मांग की। जब महिला ने इनकार किया, तो उसने कथित तौर पर उसे धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच का लाइव प्रसारण रोकने की मांग
शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि अगले महीने होने वाले भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच का लाइव प्रसारण बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना बिल्कुल गलत है, क्योंकि पाकिस्तान लगातार आतंकवाद को बढ़ावा देता है। प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था और दुनिया को यह संदेश दिया था कि भारत आतंकवाद के प्रति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जब भारत ने पूरी दुनिया में आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख दिखाया है, तो फिर पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना उस संदेश के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई और खेल मंत्रालय का पाकिस्तान से खेलने पर जोर देना निराशाजनक है।
एअर इंडिया की मुंबई से जोधपुर जाने वाली फ्लाइट शुक्रवार को परिचालन से जुड़ी दिक्कतों की वजह से उड़ान भरने से पहले ही रद्द कर दी गई। एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी। एयरलाइन ने आगे कहा कि 22 अगस्त को मुंबई से जोधपुर जाने वाली फ्लाइट एआई645 एक परिचालन से जुड़ी दिक्कत की वजह से बे में वापस आ गई।
पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक दंपती भी शामिल है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आरोप है कि गिरोह ने देशभर में लोगों को 60.82 करोड़ का चूना लगाया। पुलिस के अनुसार वित्तीय लेन-देन से पता चलता है कि गिरोह के अंतरराष्ट्रीय संबंध भी हैं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शुक्रवार को आगामी नगर निगम चुनावों के लिए वार्डों की मसौदा सीमाएं जारी कर नागरिकों से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए। इन्हें 22 सितंबर दोपहर 3 बजे तक भेजना होगा। देर रात जारी नोटिस पर आयुक्त व राज्य नियुक्त प्रशासक भूषण गगरानी के हस्ताक्षर हैं। बीएमसी सभी आपत्तियों व सुझावों पर विचार करने के बाद अंतिम सीमांकन जारी करेगी। बता दें कि देश की सबसे समृद्ध नगर निकाय बीएमसी के आम चुनाव मार्च 2023 से लंबित हैं और अब वार्ड सीमाओं के अंतिम निर्धारण के बाद चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
नासिक में संरक्षक मंत्री मुद्दे पर जल्द निर्णय जरूरी: भाजपा नेता और मंत्री गिरीश महाजन
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता गिरीश महाजन ने शुक्रवार को कहा कि नाशिक जिले के संरक्षक मंत्री की नियुक्ति जल्द से जल्द होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस पर मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के बीच चर्चा चल रही है। महाजन ने कहा कि 2027 में होने वाले कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ मंत्री छगन भुजबल अलग समीक्षा बैठक कर रहे हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्हें कोई आपत्ति भी नहीं है। खबरों के मुताबिक वर्तमान में नासिक और रायगड जिलों में संरक्षक मंत्री की नियुक्ति का मामला लंबित है, जिससे प्रदेश में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में तनाव है। हालांकि, सीएम देवेंद्र फडणवीस और अन्य गठबंधन सहयोगी तनातनी से इनकार करते रहे हैं।
नौकरी दिलाने का झांसा देकर 72 लाख रुपये की ठगी
मुंबई पुलिस ने एक शख्स और उसके बेटे के खिलाफ सेवानिवृत्त बेस्ट कंडक्टर और उसके परिजनों से 72 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की। आरोपी तानाजी शिलिमकर और उसका बेटा कुशल शिलिमकर ने सरकारी व अर्ध-सरकारी कार्यालयों में नौकरी दिलाने का वादा किया था। गुरुवार को पुलिस ने बताया कि तानाजी ने शिकायतकर्ता मोहन जाधव की बेटी को मुख्यमंत्री कोटे से एसबीआई में नौकरी दिलाने का दावा कर 5 लाख रुपये लिए और नकली नियुक्ति पत्र भी दिया। मार्च 2022 से फरवरी 2023 के बीच कई रिश्तेदारों से पैसे वसूलने के बाद धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पूरे मामले में जांच जारी है।