सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Mumbai Police DCP Thane Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: मुंबई पुलिस में एक साथ बदले गए 13 DCP; 17 वर्षीय किशोरी से घर में घुसकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 31 May 2025 03:24 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Mumbai Police DCP Thane Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुंबई में शुक्रवार को 13 डिप्टी कमिश्नरों के तबादले किए गए। हाल ही में मुंबई स्थानांतरित किए गए आईपीएस अधिकारी राज तिलक रौशन को अब अपराध शाखा में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा, डीसीपी दत्ता नलावडे को अंधेरी में जोन एक्स में स्थानांतरित किया गया है। डीसीपी मुख्यालय-1 रहे कृष्णकांत उपाध्याय को वर्ली में डीसीपी जोन III के पद पर नियुक्त किया गया है। उपाध्याय दत्ता कांबले की जगह लेंगे। कांबले को विशेष शाखा-1 का डीसीपी बनाया गया है। सुरक्षा शाखा के डीसीपी महेश चिमटे को उत्तर मुंबई में डीसीपी जोन XII के पद पर तैनात किया गया है। डीसीपी स्मिता पाटिल को डीसीपी, मुख्यालय-1 बनाया गया है। आईपीएस अधिकारी समीर शेख को डीसीपी जोन VI और राकेश ओला को डीसीपी जोन VII के पद पर तैनात किया गया है।

loader
Trending Videos


मुंबई में 17 वर्षीय किशोरी से घर में घुसकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई में एक 17 वर्षीय किशोरी से घर में घुसकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी खिड़की के रास्ते घर में घुसा था। विक्रोली पार्कसाइट पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान समीर शेख (31) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को तकनीकी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया। शेख पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत दुष्कर्म और अन्य अपराधों के आरोप में केस दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

ठाणे में दीवार गिरने से बच्चे की मौत के मामले में स्कूल निदेशक गिरफ्तार
ठाणे में एक स्कूल की दीवार गिरने से 11 वर्षीय एक लड़के की मौत के एक दिन बाद पुलिस ने शनिवार को स्कूल के निदेशक को गिरफ्तार कर लिया। टिटवाला पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि स्कूल की दीवार खतरनाक हो गई थी। लोगों ने स्कूल को बार-बार इसके बारे में चेतावनी दी थी। खतरों के बारे में अवगत कराए जाने के बावजूद स्कूल निदेशक ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को बच्चों का एक समूह बगल की गली में खेल रहा था। तभी स्कूल की चारदीवारी का एक हिस्सा गिर गया, जिससे तीन बच्चे मलबे के नीचे दब गए दुर्घटना में कक्षा 5 के छात्र अंश सिंह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

पुणे में ऐतिहासिक शिवसृष्टी थीम पार्क के गेट पर पेशाब करने वाले के खिलाफ केस
 महाराष्ट्र के पुणे में ऐतिहासिक शिवसृष्टी थीम पार्क के गेट पर लगे साइनबोर्ड में पेशाब करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अंबेगांव बुद्रुक स्थित यह पार्क छत्रपति शिवाजी महाराज को समर्पित है।

एक अधिकारी ने बताया कि मराठा संगठन से जुड़े नवनाथ अमराले की शिकायत पर भारती विद्यापीठ पुलिस ने अमोल अरुण कुलकर्णी (59) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

शिकायतकर्ता ने दावा किया कि वह शनिवार को अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था, तभी सुबह करीब तीन बजे उसने देखा कि एक व्यक्ति शिवसृष्टि के गेट पर लगे साइनबोर्ड पर पेशाब कर रहा है। जब शिकायतकर्ता ने आरोपी को टोका तो उसने कहा, जो करना है कर लो। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल भी हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

लातूर में स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले दो युवकों को छह महीने की जेल
लातूर की जिला और सत्र अदालत ने दो स्कूली लड़कियों का पीछा करने और छेड़छाड़ करने के आरोप में दो युवकों को छह महीने की सजा सुनाई है। साथ ही ₹5,000 का जुर्माना भी लगाया गया है। आरोपी की पहचान अशोक शिवाजी आडसुले, बलू उर्फ विजय भगवान लोहार के रूप में हुई है। दोनों बोरगांव काले (लातूर) के रहने वाले हैं।

क्या है मामला?
साल 2022 में ये दोनों आरोपी स्कूल और ट्यूशन जाती दो लड़कियों का पीछा करते थे और उनसे अश्लील हरकतें करते थे। लड़कियों की शिकायत के बाद मुरुड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अदालत ने शुक्रवार को दोनों को दोषी करार देते हुए 6 महीने की जेल और ₹5,000 का जुर्माना सुनाया। यह फैसला महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक सख्त संदेश देता है कि इस तरह के अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

पालघर में तेज रफ्तार SUV की ट्रक से टक्कर, 3 की मौत; बच्चा समेत 2 गंभीर घायल
महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 11:30 बजे मेंधनवन घाट के पास मैनर गेट होटल के पास हुआ। मामले में पुलिस ने बताया कि कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी और यही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। एसयूवी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई है। वरिष्ठ निरीक्षक कैलास कोली ने बताया कि प्राथमिक जांच में तेज गति को कारण माना गया है।

महाराष्ट्र में पॉक्सो मामले में महिला 14 साल की जेल
महाराष्ट्र के ठाणे शहर की एक विशेष अदालत ने दो नाबालिग लड़कियों को वेश्यावृत्ति में धकेलने पर एक महिला को 14 साल के सख्त कारावास की सजा सुनाई है। विशेष पॉक्सो अधिनियम न्यायाधीश डी एस ए देशमुख ने 30 मई को दिए आदेश में कहा कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के लिए नरमी नहीं बरती जा सकती। उन्होंने अपने आदेश में जेल की सजा के साथ ही मुंबई के गोरेगांव इलाके की रहने वाली 40 साल की दोषी महिला पर 14,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।

विशेष लोक अभियोजक रेखा हिवराले के मुताबिक, महिला के खिलाफ मुकदमे के दौरान कुल सात गवाहों ने गवाही दी। इस महिला को 5 अप्रैल, 2021 को ठाणे के वागले एस्टेट इलाके में पासपोर्ट दफ्तर के पास एक होटल में दो नाबालिग लड़कियों के साथ पकड़ा गया था। इसमें से एक नाबालिग लड़की महिला की बेटी की दोस्त थी। महिला ने गरीब परिवार से आने वाली इस लड़की को वेश्यावृत्ति से अच्छे पैसे कमाने का लालच दिया था। इसके बाद महिला ने दूसरी नाबालिग पीड़िता सहित उसे ग्राहकों के पास भेजना शुरू कर दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed