सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Of 6 April: Maharashtra News, secretariat, Nanded triple murder, CM Fadnavis, Hindi News

Maharashtra: खरात मामले में सीडीआर लीक की होगी जांच; सुनेत्रा पवार के खिलाफ कांग्रेस ने उतारा प्रत्याशी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: Pavan Updated Mon, 06 Apr 2026 06:16 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Of 6 April: Maharashtra News, secretariat, Nanded triple murder, CM Fadnavis, Hindi News
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वयंभू बाबा अशोक खरात से जुड़े मामले में कॉल डाटा रिकॉर्ड (सीडीआर) लीक की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी खरात की संपत्तियों की जांच करेगा। सीएम फडणवीस ने कहा कि किसी को भी सीडीआर हासिल करने का अधिकार नहीं है और केवल अधिकृत एजेंसियां ही ऐसा कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह डाटा कैसे और किसके जरिए लीक हुआ, इसकी जांच राज्य सरकार करेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह विवाद उस समय बढ़ा जब कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने दावा किया कि उन्हें व्हाट्सएप के जरिये खरात का सीडीआर मिला, जिसमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से कथित बातचीत का उल्लेख था। अशोक खरात को मार्च में एक विवाहित महिला से तीन साल तक दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ अब तक कुल आठ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। 
Trending Videos


केवल आरोपों के आधार पर कार्रवाई नहीं की जा सकती
फडणवीस ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में केवल आरोपों के आधार पर कार्रवाई नहीं की जा सकती और ठोस सबूतों के आधार पर ही कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ईडी ने भी इस मामले का संज्ञान ले लिया है और खरात के खातों तथा लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

बारामती उपचुनाव- कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा के खिलाफ उतारा प्रत्याशी
कांग्रेस ने महाराष्ट्र की बारामती सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी के प्रदेश सचिव आकाश मोरे को मैदान में उतारा है। मोरे का मुकाबला उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से होगा। वह सोमवार को अपना पर्चा दाखिल करेंगे। इसी दिन सुनेत्रा भी नामांकन दाखिल करेंगी। मोरे, पूर्व विधायक विजयराव के पुत्र हैं और धनगर समुदाय से संबंध रखते हैं। बारामती सीट, 28 जनवरी को पूर्व उपमुख्यमंत्री और सुनेत्रा के पति अजीत पवार के निधन से बाद से खाली थी। यहां 23 अप्रैल को उपचुनाव होना है।

इससे पहले, सुनेत्रा ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को फोन किया और उनसे बारामती विधानसभा क्षेत्र में निर्विरोध उपचुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया। लेकिन देर शाम कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी। एक दिन पहले, सुनेत्रा ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से समर्थन मांगा था। विपक्षी एनसीपी (एसपी) ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह बारामती क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले दिवंगत अजीत पवार के सम्मान में उपचुनाव नहीं लड़ेगी।
 

मुंबई: ब्रिटिश कालीन ऐतिहासिक एलिफिंस्टन पुल किया गया ध्वस्त
ऐतिहासिक एलिफिंस्टन रोड ओवरब्रिज (आरओबी) को रविवार को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। शहर में संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 113 साल पुराने इस ब्रिटिशकालीन की पुल की जगह अब ईस्ट–वेस्ट कनेक्टर एक आधुनिक डबल-डेकर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। सेंट्रल रेलवे के जन संपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के मुताबिक, अब तक शहर के व्यस्त सीएसएमटी-कुर्ला मार्ग पर बुनियादी ढांचे के सुधार और उपनगरीय रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए इसे मिलाकर पांच ब्रिटिशकालीन आरओबी गिरा दिए गए हैं। इसके हटने से कुर्ला और परेल के बीच दो नई उपनगरीय रेल लाइनों के लिए जगह बन गई है, जिन्हें आगे चलकर सीएसएमटी तक बढ़ाया जाएगा।

भारत के साथ व्यापार, निवेश और आर्थिक रिश्तों को और मजबूती देने की जरूरत- नेपाली राजदूत
भारत में नेपाल के राजदूत डॉ शंकर प्रसाद शर्मा ने रविवार को दोनों पड़ोसियों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक रिश्तों को और मजबूती देने की जरूरत बताई। उन्होंने यह बात ठाणे में आयोजित भारत-नेपाल व्यापार संवर्धन पहल कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के व्यापारिक समुदाय को आपसी विकास को बढ़ावा देने के लिए सहयोग और साझेदारी के नए रास्ते तलाशने चाहिए।
कार्यक्रम में दोनों देशों के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों, व्यापारिक नेताओं और उद्योग हितधारकों को सार्थक नेटवर्किंग और साझेदारी चर्चाओं के लिए एक सामान्य मंच देने के मकसद से एक साथ लाया। क्षेत्र में भारत के समग्र रणनीतिक हितों के संदर्भ में नेपाल महत्वपूर्ण है और दोनों देशों के नेताओं ने अक्सर सदियों पुराने रोटी बेटी संबंधों पर ध्यान दिया है। चारों तरफ से जमीन से घिरा नेपाल वस्तुओं और सेवाओं के परिवहन के लिए भारत पर बहुत अधिक निर्भर करता है। नेपाल को समुद्र तक पहुंच भारत से मिलती है और वह अपनी अधिकांश जरूरतों का आयात भी भारत से और इसी जरिये करता है।

महाराष्ट्र सचिवालय के अधिकारी को 6.37 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया
मुंबई में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने महाराष्ट्र सचिवालय (मंत्रालय) में तैनात एक सेक्शन ऑफिसर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी का नाम विलास लाड है, जो राज्य सरकार में क्लास-1 अधिकारी के पद पर कार्यरत था।

जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति ने अपने गांव में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए सरकारी अनुदान (ग्रांट) के लिए आवेदन किया था। इस प्रस्ताव को मंजूरी देने के बदले विलास लाड ने उससे 6.37 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत देने से मना करने पर शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। ACB ने 16 मार्च को जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद एक जाल बिछाया गया और आरोपी को नवी मुंबई के खारघर इलाके में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है।

नांदेड़ ट्रिपल मर्डर केस में 6 आरोपी गिरफ्तार, गैंगवार बनी वजह
महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना दो गैंगों के बीच पुरानी दुश्मनी का नतीजा बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के सदा गैंग और साई लाला गैंग के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

तीसरे घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भी उस पर हमला किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान अर्जित सिंह, सैयद आवेज और मोहम्मद अरबाज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात अर्जित सिंह अपने दोस्तों के साथ फिल्म देखकर लौट रहा था, तभी दूसरी गैंग के लोगों ने उनका पीछा कर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं और सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 8 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed