सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: मुख्य सचिव राजेश कुमार को सेवा विस्तार; जरांगे को आजाद मैदान में भूख हड़ताल करने की मिली अनुमति

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 29 Aug 2025 07:16 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र सरकार ने मुख्य सचिव राजेश कुमार का कार्यकाल तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है। कुमार 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले थे। गुरुवार को जारी आदेश में कहा गया कि राजेश कुमार अब 30 नवंबर तक इस पद पर कार्य करेंगे।

loader
Trending Videos


जरांगे को आजाद मैदान में भूख हड़ताल जारी रखने की मिली अनुमति
पुलिस ने शुक्रवार को मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आरक्षण के लिए एक और दिन के लिए भूख हड़ताल जारी रखने की अनुमति दे दी। शुक्रवार सुबह अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने वाले कार्यकर्ता को शुरू में केवल एक दिन के लिए ही मैदान पर हड़ताल करने की अनुमति दी गई थी। पुलिस ने कहा कि बॉम्बे उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अनुमति की अवधि शाम छह बजे समाप्त हो गई थी, लेकिन आयोजकों ने समय बढ़ाने की मांग की थी और आजाद मैदान पुलिस थाने ने उनके आवेदन को स्वीकार कर लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


ग्लाइडिंग अभ्यास के दौरान सैन्यकर्मी घायल
महाराष्ट्र के नासिक जिले में बृहस्पतिवार सुबह हैंग ग्लाइडिंग अभ्यास के दौरान हार्ड लैंडिंग के बाद एक सैन्यकर्मी घायल हो गया। घटना सुबह 9.15 बजे हुई। रक्षा विभाग के अनुसार शिग्वा गांव के सामान्य क्षेत्र में पावर्ड हार्नेस हैंग ग्लाइडिंग की अभ्यास उड़ान के दौरान ग्लाइडर के अचानक डूबने से हवलदार गुरदेव की हार्ड लैंडिंग हुई। उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। उन्हें देवलाली स्थित सैन्य अस्पताल ले जाया गया। वहां से मुंबई स्थित आईएनएचएस अश्विनी में रेफर कर दिया गया।

पुणे जिले में दो बसों की भिड़ंत, 12 यात्री घायल
महाराष्ट्र के पुणे जिले में शुक्रवार सुबह दो राज्य परिवहन (एसटी) बसों की भिड़ंत हो गई, जिसमें 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह हादसा सुबह करीब नौ बजे मुलशी तहसील के चाचवली गांव के पास हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि श्रीवर्धन से बीड जा रही एक बस के ब्रेक फेल हो गए। ड्राइवर ने बस को सड़क के किनारे ले जाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह खेड (रायगढ़) की ओर जा रही दूसरी बस से टकरा गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए पउड के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पालघर में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के साथ तीन गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से छह लाख रुपये कीमत के गुटका और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बरामद हुए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।  सूचना मिलने पर स्थानीय अपराध शाखा ने गुरुवार को तलासरी क्षेत्र में एक ढाबे के पास खड़े एक टेंपो की तलाशी ली। अधिकारी ने बताया कि गाड़ी में 6 लाख रुपये मूल्य के गुड़का और अन्य तंबाकू उत्पाद पाए गए। टेम्पो के तीन सवारों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक बयान में कहा, इस बात की जांच की जा रही है कि यह प्रतिबंधित सामान कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार किए गए तीनों की पहचान मोहम्मद अरजब जमीरुल हक (22 वर्षीय), दिलशाद शामशाद अली (20 वर्षीय) और नेनाराम चाभूजी गुजर (48 वर्षीय) के रूप में हुई है।  


मराठा आरक्षण आंदोलन: सीएसएमटी के पास भारी ट्रैफिक जाम, बेस्ट की बसें और अन्य वाहन फंसे
दक्षिण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के आसपास शुक्रवार को हजारों मराठा आरक्षण प्रदर्शनकारियों के जमा होने से सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। मराठा समुदाय के हजारों सदस्य आजाद मैदान की ओर जाने वाली सड़कों पर उतर आए, जहां कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने अपने आरक्षण आंदोलन की शुरुआत की है।

एक अधिकारी ने बताया कि सुबह की भीड़ के समय बेस्ट बसें और अन्य वाहन 30 मिनट से ज्यादा समय तक कहीं नहीं चल पाए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत सीएसएमटी क्षेत्र में पहुंचे और जरांगे के समर्थकों से सड़कों को खाली कर ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने का आग्रह किया। अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने और ट्रैफिक नियंत्रण के प्रयास जारी हैं।


आज मुंबई में ईस्टर्न फ्रीवे और सायन-पनवेल हाईवे समेत कई सड़कों पर आवाजाही बंद
मराठा आरक्षण आंदोलन के चलते शुक्रवार सुबह 6 बजे से मुंबई में ईस्टर्न फ्रीवे और सायन-पनवेल हाईवे सहित कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। केवल आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त ने गुरुवार शाम आदेश जारी किया। कार्यकर्ता मनोज जरांगे शुक्रवार से आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उनका काफिला सुबह मुंबई पहुंचेगा। पनवेल-सायन रोड, वी एन पुरव रोड, पी डिमेलो रोड, वॉलचंद हीराचंद मार्ग, डॉ. दादाभाई नौरोजी रोड और हजरिमल सोनी रोड पर भी रोक रहेगी।

29 हजार से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
मुंबई में डेढ़ दिन बाद गणेशोत्सव के दौरान गुरुवार रात तक करीब 29,965 गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया गया, जिनमें 29,614 घरेलू और 337 सार्वजनिक मंडलों की मूर्तियां शामिल हैं। बीएमसी ने 70 प्राकृतिक जलाशय और 288 कृत्रिम तालाब विसर्जन हेतु बनाए हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे छोटी प्लास्टर ऑफ पेरिस मूर्तियों को कृत्रिम तालाबों में ही विसर्जित करें। बीएमसी ने 1000 से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया है और 12 खतरनाक पुलों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। अभी तक कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

बॉम्बे हाईकोर्ट के वकील ने उल्हासनगर में की आत्महत्या

बंबई उच्च न्यायालय की वकील सरिता खानचंदानी की मौत मामले में ठाणे पुलिस ने बताया कि उन्होंने उल्हासनगर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। कैंप नंबर 4 में रोमा अपार्टमेंट की छत से सुबह करीब 11.30 बजे कूद कर जान देने के इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस तफ्तीश कर रही है। लिस उपायुक्त (जोन चतुर्थ) सचिन गोरे ने बताया कि उल्हासनगर पुलिस थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। गोर ने कहा, पुलिस को घटना का वीडियो मिल गया है। आगे की जांच जारी है। उन्हें जनहित याचिकाओं खास तौर पर ध्वनि प्रदूषण से जुड़े मामलों के लिए जाना जाता था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed