सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: तेज रफ्तार ट्रक ने छह लोगों को कुचला, मौत; बीड सरपंच हत्याकांड के मुख्य आरोपी कराड की जमानत याचिक

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 30 Aug 2025 09:55 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के बीड जिले में शनिवार को तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे चल रहे छह लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे धुले-सोलापुर रोड पर नमलगांव फाटा पर हुई। कंटेनर ट्रक के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक ने छह पैदल यात्रियों को कुचल दिया। पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय आकाश कोलसे, विशाल काकड़े और अनिकेत शिंदे, 21 वर्षीय दिनेश पवार और किशोर तौर और 30 वर्षीय पवन जगताप के रूप में हुई है।

loader
Trending Videos


मकोका अदालत ने मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड की जमानत याचिका खारिज की
बीड जिले की विशेष अदालत ने सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड को शनिवार को जमानत देने से इनकार कर दिया और कहा कि साक्ष्य प्रथम दृष्टया अपराध में उसकी सक्रिय संलिप्तता दर्शाते हैं। बीड जिले के मस्साजोग गांव के सरपंच देशमुख का पिछले साल नौ दिसंबर को अपहरण कर लिया गया और उन्हें प्रताड़ित करके मार डाला गया। कराड समेत आठ लोगों को मकोका, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार किया गया था। उनकी याचिका को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के विशेष न्यायाधीश (बीड कोर्ट) वीएच पटवाडकर ने खारिज कर दिया। अदालत ने इस बात पर जोर दिया कि कराड और सह-आरोपियों द्वारा कथित रूप से किए गए अपराधों की आपराधिकता और प्रतिशोध इतना गंभीर था कि यदि उन्हें जमानत पर रिहा किया जाता है, तो उनके द्वारा इसी तरह के या इससे बड़े अपराध को दोहराने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन
विज्ञापन


महिला को परेशान करने आरोप में व्यवसायी गिरफ्तार
पालघर के वाडा में शनिवार को एक व्यवसायी को 24 वर्षीय एक महिला का पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वाडा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि उसकी पहचान ट्रैवल व्यवसायी देवेंद्र पाटिल (30) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर शुक्रवार को दर्ज मामले के अनुसार पाटिल ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम अकाउंट से उसे अश्लील संदेश और अश्लील तस्वीरें भेजी थीं। उसे महिला का पीछा करने और उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

लातूर के निवासियों ने तेज आवाज और जमीनी कंपन की शिकायत की
महाराष्ट्र के लातूर के निवासियों ने शनिवार को बताया कि दोपहर 1:45 से दो बजे के बीच उन्हें तेज आवाज सुनाई दी और उसके बाद जमीन में कंपन हुआ। हालांकि लातूर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूकंप की अटकलों का खंडन करते हुए कहा कि दिन के दौरान क्षेत्र में कोई भूकंपीय गतिविधि दर्ज नहीं की गई। डीडीएमए ने नागरिकों से शांत रहने और अफवाहों पर विश्वास न करने या उन्हें न फैलाने को कहा। हालांकि ऐसी असामान्य ध्वनियां या कंपन कभी-कभी गैर-भूकंपीय कारणों से भी हो सकती हैं, लेकिन शनिवार को कोई भूकंपीय घटना दर्ज नहीं की गई।


भाजपा नेता विनोद तावड़े ने मुंबई में अमित शाह से की मुलाकात
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में मुलाकात की। पार्टी सूत्रों ने इस बारे में बताया। बता दें कि अमित शाह शुक्रवार रात शहर पहुंचे थे, जहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया।

पार्टी सूत्र के अनुसार, तावड़े की शाह से मुलाकात के दौरान उन्होंने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव, बिहार विधानसभा चुनाव और संगठनात्मक मामलों पर चर्चा की। इसके अलावा मराठा आरक्षण आंदोलन पर भी शाह ने जानकारी ली। वहीं, शाह मुख्यमंत्री फडणवीस और मंत्री आशीष शेलार, जो मराठा आरक्षण पर कैबिनेट उप-समिति के सदस्य हैं, से अधिक जानकारी लेंगे।

 शाह मुंबई में आज लालबागचा राजा के करेंगे दर्शन 
सूत्रों के अनुसार, शाह शनिवार सुबह लोकप्रिय लालबागचा राजा गणपति के दर्शन करेंगे। कुछ अन्य गणेश मंडलों का भी दौरा कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री शाह सीएम फडणवीस से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे।

 विरार इमारत ढहने के मामले में चार और गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में इमारत ढहने के मामले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस हादसे में इस सप्ताह की शुरुआत में 17 लोगों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि इस हादसे की जाँच मीरा-भायंदर और वसई-विरार पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है।

गौरतलब है कि मुंबई से सटे पालघर के विरार इलाके के विजय नगर में बुधवार रात करीब 12.05 बजे एक अनधिकृत चार मंजिला रमाबाई अपार्टमेंट बगल के एक खाली पड़े मकान पर गिर गया। इस हादसे में दो बच्चों समेत कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई।

गणपति विसर्जन के दौरान 16 साल के किशोर की झील में डूबने से मौत
पालघर जिले के सरावली इलाके में शुक्रवार शाम एक दुखद हादसा हो गया। गणपति विसर्जन के दौरान 16 साल का एक लड़का झील में डूब गया। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि यह घटना शाम करीब 8 बजे हुई। राजभाऊ राजकुमार पासवान नाम का युवक जब मूर्ति विसर्जन कर रहा था, तभी वह फिसलकर झील में गिर गया और डूब गया। करीब 9:45 बजे तलाश अभियान के बाद उसका शव बरामद किया गया। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान खासकर झीलों, नदियों और समुद्र किनारे अत्यंत सावधानी बरतें।

BEST के बिजली नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सरकार ने 3,346 करोड़ की योजना को दी मंजूरी
महाराष्ट्र सरकार के उद्योग और ऊर्जा विभाग ने शुक्रवार को बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के लिए 3,346.29 करोड़ रुपये की संशोधित योजना को मंजूरी दी है। यह मंजूरी केंद्र की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत दी गई है। मामले में सरकारी आदेश (GR) के अनुसार, यह योजना मुंबई में बिजली आपूर्ति को मजबूत, आधुनिक, विश्वसनीय और किफायती बनाने के लिए लागू की जा रही है। इसमें नए सबस्टेशन, स्मार्ट मीटर, पावर सिस्टम अपग्रेड, और तकनीकी सुधार शामिल हैं।

महाराष्ट्र में 34,000 करोड़ के निवेश, सीएम फडणवीस का उद्धव ठाकरे पर हमला
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में करीब 34,000 करोड़ रुपये के 17 समझौता ज्ञापन (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। फडणवीस ने कहा, "हमने भरोसेमंद संस्थानों के साथ समझौते किए हैं, जिससे महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इसके साथ ही उन्होंने शिवसेना (उद्धव गुट) के प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए पूछा, "जब वह सत्ता में थे, तब उन्होंने मराठा समुदाय के लिए एक भी काम किया हो तो बताएं। मुख्यमंत्री का यह बयान मराठा आरक्षण को लेकर चल रहे आंदोलन और राजनीतिक बहस के बीच आया है।

गणेशोत्सव के तीसरे दिन मुंबई में 60000+ मूर्तियां विसर्जित
गणेशोत्सव के तीसरे दिन मुंबई में 60000 से अधिक मूर्तियां विसर्जित की गईं। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान 60,177 गणपति मूर्तियों का विसर्जन किया गया, जिनमें से 29,683 मूर्तियां प्लास्टर ऑफ पेरिस (PoP) की थीं और 30,494 मूर्तियां इको-फ्रेंडली मिट्टी की थीं। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने जल प्रदूषण रोकने के लिए 290 कृत्रिम तालाब और 70 प्राकृतिक जलस्रोत (समुद्र, झीलें आदि) बनाए हैं। बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इको-फ्रेंडली मूर्तियां ड्रम या बाल्टी में विसर्जित करें और 6 फीट से छोटी PoP मूर्तियां कृत्रिम तालाबों में ही विसर्जित करें। यह विसर्जन 10 दिवसीय उत्सव के पहले डेढ़ दिन में हुआ।

बिश्नोई के नाम पर धमकी पर गिरफ्तारी
मुंबई पुलिस ने 26 वर्षीय तेजस शेलार को एक व्यवसायी से बिश्नोई गैंग के नाम पर 25 लाख रुपये और 1 किलोग्राम सोना मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया। शेलार ने ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण 3 लाख रुपये का कर्ज ले लिया था। उसने व्यवसायी को कई बार कॉल कर कहा कि उसका घर, ऑफिस और फैक्ट्री गैंग की निगरानी में हैं। व्यवसायी की शिकायत के बाद पुलिस ने 18 घंटे में अंबरनाथ से शेलार को पकड़ा। उसने अपराध कबूल कर लिया है। वह एक निजी कंपनी में काम करता था और व्यवसायी की जानकारी पहले से जुटाई थी।

मराठा आरक्षण: महाराष्ट्र सरकार ने बढ़ाई वंशावली समितियों की अवधि
महाराष्ट्र सरकार ने तालुका स्तर पर गठित वंशावली समितियों (Genealogy Committees) की अवधि 30 जून 2026 तक बढ़ा दी है। ये समितियां मराठा समाज के पात्र लोगों को कुनबी जाति (OBC) के तहत जाति तथा जाति वैधता प्रमाणपत्र जारी करने का कार्य करेंगी।
सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता मंत्री संजय शिरसाट ने इस बारे में बताया। गौरतलब है कि यह निर्णय तब लिया गया है जबकि मुंबई में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर  मनोज जरांगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं। 

किशोर सुधार गृह से छह लड़कियां फरार, दो का पता चला
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे में स्थित एक सरकारी किशोर सुधार गृह से बुधवार को छह लड़कियां फरार हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और उनमें से दो का पता लगा लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed