सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National News Updates 27 Feb North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News

News Updates: मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार; राष्ट्रपति मुर्मू ने भरी प्रचंड हेलिकॉप्टर में उड़ान

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Shivam Garg Updated Fri, 27 Feb 2026 02:03 PM IST
विज्ञापन
National News Updates 27 Feb North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को राजस्थान के जैसलमेर में स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर HAL प्रचंड में उड़ान भरेंगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह उड़ान दो हेलिकॉप्टरों के गठन में होगी, जिसमें दूसरे हेलिकॉप्टर को वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह उड़ाएंगे। राष्ट्रपति जैसलमेर में वायुसेना के ‘वायु शक्ति’ अभ्यास का भी अवलोकन करेंगी।

Trending Videos


स्वदेश लौटे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पूरी कर शुक्रवार को भारत लौट आए। यह पिछले नौ वर्षों में उनका पहला इस्राइल दौरा था। इस दौरान भारत और इस्राइल ने अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया। यात्रा के दौरान नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कंप्यूटिंग, विनिर्माण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, कूटनीति और सुरक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में 27 समझौतों और एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि दोनों देश जल्द ही परस्पर लाभकारी मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को अंतिम रूप देंगे। साथ ही उभरती और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में सहयोग के लिए नई साझेदारी स्थापित करने की बात कही गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

रक्षा विशेषज्ञ मेजर मारूफ का 67 की उम्र में निधन
नई दिल्ली। भारतीय सेना की प्रतिष्ठित ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट के पूर्व अधिकारी और देश के जाने-माने रक्षा विशेषज्ञ मेजर मारूफ रजा (67) का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वे फेफड़ों में संक्रमण और मस्तिष्क संबंधी जटिलताओं के चलते जनवरी से गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में लाइफ सपोर्ट पर थे। उनके बेटे मेजर मदन कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की थी। मेजर रजा ने लद्दाख जैसे दुर्गम क्षेत्रों और आतंकवाद विरोधी अभियानों में सेवा दी थी।

सेना से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपनी विशेषज्ञता को संचार और लेखन के माध्यम से राष्ट्र सेवा में समर्पित किया। उन्होंने कई चैनलों पर विशेषज्ञ टिप्पणी दी और अखबारों के लिए कॉलम लिखे। रजा ने इन द लाइन ऑफ फायर जैसी डॉक्यूमेंट्री सीरीज और कई पुस्तकों के जरिये भारतीय सेना के साहस को वैश्विक पटल पर रखा। उन्होंने बीबीसी और सीएनएन जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हमेशा भारत के सामरिक हितों का पुरजोर समर्थन किया। उनके निधन को रक्षा पत्रकारिता और सैन्य विश्लेषण के क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

एपस्टीन फाइल्स से पीएम को जोड़ने पर मंत्री के खिलाफ याचिका
मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु सरकार से उस याचिका पर जवाब मांगा है, जिसमें राज्य के दुग्ध व डेयरी विकास मंत्री एम थंगराज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। आरोप है कि मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एपस्टीन फाइल्स से जोड़ा गया। जस्टिस एस श्रीमती ने मामले की सुनवाई करते हुए स्टालिन सरकार को जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया। याचिका तूतीकोरिन उत्तर से भाजपा अधिवक्ताओं की टीम के जिला प्रमुख एम नीतिपांडियन ने दायर की है। अदालत अब इस मामले की 12 मार्च को सुनवाई करेगी।

कर्नाटक में 50% आरक्षण जारी रहेगा- मंत्री पाटिल
कर्नाटक के कानून और संसदीय मामलों के मंत्री एच.के. पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार मौजूदा 50% आरक्षण की सीमा के तहत भर्ती प्रक्रिया जारी रखेगी। वहीं, बढ़े हुए आरक्षण और आंतरिक आरक्षण पर लंबित मामला कोर्ट में सुनवाई के अधीन रहेगा। मंत्री ने बताया कि कैबिनेट ने गुरुवार को अनुसूचित जातियों में आंतरिक आरक्षण और 2022 में पास किए गए अधिनियम के तहत 50% से 56% तक आरक्षण बढ़ाने के असर पर विस्तार से चर्चा की। पाटिल ने कहा कि इस फैसले से राज्य सरकार 56,000 से अधिक रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सकेगी।

नाइट क्लब अग्निकांड में मालिकों समेत 13 के खिलाफ आरोपपत्र
गोवा पुलिस ने बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में आग लगने की घटना से जुड़े मामले में बृहस्पतिवार को आरोपपत्र दाखिल कर दिया। इस मामले के 13 आरोपियों में नाइट क्लब के मालिक भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अंजुना पुलिस ने इस मामले में मापुसा के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष 4,150 पृष्ठों का आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसमें 305 गवाहों के बयान हैं। नाइट क्लब में 6 दिसंबर, 2025 को लगी आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। आरोपपत्र में अजय गुप्ता, गौरव लूथरा और उनके भाई सौरभ लूथरा को नामजद किया गया है। तीनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। एजेंसी

7.17 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच, गोवा में तीन मकान जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 7.17 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां अटैच की हैं। यह कार्रवाई एनडीपीएस कानून के तहत दर्ज मामले से जुड़ी है। मामला 7 मार्च 2021 को गोवा में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की ओर से दर्ज शिकायत पर आधारित है। शिकायत में उगोचुक्वू सोलोमन उबाबुको, इन्फिनिटी जॉन उर्फ डेविड, उर्फ वैलेंटाइन एजेजी और प्रसाद प्रकाश वालके के नाम शामिल थे। एनसीबी ने गोवा के असगांव स्थित परिसर से एलएसडी, कोकीन, चरस और गांजा जैसी व्यावसायिक मात्रा में ड्रग्स बरामद की थी। बाद में प्रसाद वालके के घर से भी एलएसडी मिली। वालके को 2018 में एनसीबी और 2023 में गोवा पुलिस की एंटी-नारकोटिक सेल ने अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है। जांच में सामने आया कि ड्रग तस्करी से कमाई गई रकम को कई बैंक खातों में नकद जमा कर वैध बनाने की कोशिश की गई। अटैच की गई संपत्तियों में गोवा में एक तीन मंजिला और दो दो-मंजिला मकान शामिल हैं।

RailOne ऐप ने 8 माह में पार किया 2 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा
रेल मंत्रालय ने बताया कि उसकी यात्री सेवाओं से जुड़ी रेलवन ऐप ने लॉन्च के आठ महीनों के भीतर दो करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा पार कर लिया है। 1 जुलाई 2025 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा लॉन्च की गई इस ऐप के जरिए प्रतिदिन लगभग छह लाख टिकट बुक हो रहे हैं। यह प्लेटफॉर्म आरक्षित और अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, पीएनआर स्टेटस और ट्रेन संबंधी जानकारी एक ही इंटरफेस पर उपलब्ध कराता है।

हैदराबाद में मंदिर की मूर्ति तोड़ने के आरोप में तीन किशोर हिरासत में
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त करने और तांबे का पात्र चोरी करने के आरोप में तीन रोहिंग्या किशोरों को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

भारत के सहयोग से नेपाल में स्थिति अब स्थिर : माधव
नेपाल के वन एवं पर्यावरण मंत्री माधव प्रसाद चौलागांई ने विश्वास जताया है कि देश की चल रही चुनावी प्रक्रिया सुचारू और समयबद्ध तरीके से संपन्न होगी। विश्व सतत विकास शिखर सम्मेलन में पहुंचे चौलागांई ने इन चुनावों को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि नेपाल का राजनीतिक नेतृत्व और जनता इस लोकतांत्रिक अभियान में पूरी ऊर्जा के साथ जुटे हैं। मंत्री ने स्वीकार किया कि कुछ महीने पहले नेपाल गंभीर राजनीतिक संकट से जूझ रहा था, लेकिन सरकार ने सफलतापूर्वक स्थिति को नियंत्रित कर लोकतंत्र की वापसी सुनिश्चित की है। उन्होंने विशेष रूप से भारत जैसे मित्र देशों की ओर से दिए गए सहयोग की सराहना की, जिसने नेपाल में लोकतांत्रिक संक्रमण को सुगम बनाने में भूमिका निभाई है। नेपाल में 5 मार्च को प्रतिनिधि सभा के 275 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा, जिसमें 1.89 करोड़ मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

गोवा में TCP एक्ट पर विधायक का अनशन समाप्त
गोवा में रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी के विधायक वीरेश बोरकर ने TCP एक्ट की धारा 39A के विरोध में चल रहा अपना अनशन समाप्त कर दिया। सरकार द्वारा उनके निर्वाचन क्षेत्र में इस धारा के तहत स्वीकृत परियोजनाएं रद्द करने के आश्वासन के बाद उन्होंने यह निर्णय लिया। हालांकि, विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर विभागीय फाइलें चोरी करने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मेघालय में भाजपा नेता के बयान पर विवाद
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड कोंगकल संगमा ने भाजपा नेता सुनील देवधर की कथित विवादित टिप्पणी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान समाज को बांटने वाले हैं और संबंधित व्यक्ति को माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार सभी समुदायों की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

3,500 करोड़ के शराब घोटाले में मुख्य आरोपी रेड्डी का आत्मसमर्पण
आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान 3,500 करोड़ रुपये के शराब घोटाले के आरोपी एम अविनाश रेड्डी (43) ने विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने अविनाश को सिंडिकेट का मुख्य रणनीतिकार और वित्तीय नियंत्रक बताया है। एसआईटी ने सुबह 11:30 बजे गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

कर्नाटक कैबिनेट: रोहित वेमुला बिल और ऑनर किलिंग बिल पुनर्विचार के लिए भेजे गए
कर्नाटक के कानून और संसदीय मामलों के मंत्री एच.के. पाटिल ने कहा कि राज्य कैबिनेट ने कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा की, जिनमें प्रस्तावित रोहित वेमुला बिल और ऑनर किलिंग बिल शामिल हैं। कैबिनेट ने इन विधेयकों को आगे बढ़ाने से पहले गृह विभाग से अतिरिक्त सुझाव लेने का निर्णय लिया। मंत्री पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि कैबिनेट ने विधेयकों का विस्तार से परीक्षण किया और कुछ पहलुओं पर गृह विभाग की राय आवश्यक पाई। उन्होंने कहा कर्नाटक फ्रीडम ऑफ चॉइस इन मैरिज एंड प्रिवेंशन एंड प्रोहिबिशन ऑफ क्राइम्स इन द नेम ऑफ ऑनर एंड ट्रैडिशन बिल, 2026 पर चर्चा हुई। गृह विभाग की राय लेने के बाद इसे अगली कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा। यह मानवाधिकार से जुड़ा मामला है।

मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने मणिपुर की घाटी के जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े पांच आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। दो जिलों में अलग-अलग अभियानों में कम से कम 10 हथियारों और भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त किया गया। पुलिस के एक बयान के अनुसार, प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सक्रिय सदस्य को बुधवार को इंफाल पूर्वी जिले के कोइरेंगेई मानुंग लैखोन लेइकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से संगठन के तीन बैनर बरामद किए गए। प्रतिबंधित संगठन के दो अन्य कार्यकर्ताओं को भी उसी दिन इंफाल पूर्वी जिले के याइंगंगपोकपी से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के बयान के अनुसार, उनके पास से एक हैंड ग्रेनेड, एक डेटोनेटर और गोला-बारूद बरामद किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed