Updates: रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव नई दिल्ली पहुंचे; करोड़ों के गैंडे के सींग के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के नालंदा जिले में नींबू तोड़ने पर एक किशोर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार को सकरावा गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, एक बुजुर्ग ने नींबू तोड़ने पर किशोर को पीटा था। पुलिस अधीक्षक भरत सोनी ने जांच की बात कही। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव नई दिल्ली पहुंचे
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव एक आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे हैं, जहां वे BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे।
बंगाल में 243 अफसर सेवामुक्त, सरकार ने सेवा विस्तार समाप्त किया
पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को 243 अधिकारियों और मनोनीत व्यक्तियों की सूची जारी की, जिन्हें अब उनके पदों से मुक्त कर दिया गया है। यह विभिन्न सरकारी निकायों, बोर्डों और संगठनों में सेवानिवृत्ति के बाद सेवा जारी रखने की प्रथा को समाप्त करने की दिशा में एक व्यापक प्रशासनिक कदम है। यह घटनाक्रम भाजपा की नई सरकार की तरफ से सभी विभागों को अपने नियंत्रण में आने वाले विभिन्न गैर-वैधानिक निकायों, बोर्डों, संगठनों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के मनोनीत सदस्यों, निदेशकों और अध्यक्षों का कार्यकाल तत्काल समाप्त करने का निर्देश देने के एक दिन बाद आया है। एक आधिकारिक आदेश में राज्य सरकार ने विभागों को 60 वर्ष की सामान्य सेवानिवृत्ति आयु के बाद सेवा में बने रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के पुनर्नियोजन और सेवा विस्तार को समाप्त करने का भी निर्देश दिया है।
मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, चार उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि ये गिरफ्तारियां राज्य के तीन जिलों में चलाए गए अभियान के दौरान की गईं।
पुलिस के मुताबिक, एक उग्रवादी को इंफाल वेस्ट जिले के कैनचिपुर सुपरमार्केट इलाके से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे को इंफाल ईस्ट जिले के चेकोन क्रॉसिंग क्षेत्र से पकड़ा गया। वहीं बाकी दो उग्रवादियों को लांगोल लाइमानाई और नोंगादा मखा लीकाई इलाकों से गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तारियां बुधवार को की गईं।
इससे पहले सोमवार को सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना क्षेत्र के ट्रोंग्लाओबी मानिंग गुरुखाना इलाके में तलाशी अभियान चलाकर विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। बरामद सामान में वायरलेस कंट्रोल रिले स्विच से लैस एक आईईडी, पांच बैटरियां, गनपाउडर से भरे छह प्लास्टिक पाउच, 12.75 मीटर लाल तार और दो डेटोनेटर शामिल हैं।
आकाशीय बिजली गिरने से चार युवकों की मौत पर पिनराई विजयन ने जताया दुख
केरल के निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने मलप्पुरम जिले के मंकडा इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से चार युवकों की मौत पर गहरा दुख जताया है। बुधवार को जारी बयान में विजयन ने इस घटना को बेहद दर्दनाक और दुखद बताया और कहा कि यह अपूरणीय क्षति है।
दरअसल, मंगलवार शाम मलप्पुरम जिले के मंकडा के पास एक पहाड़ी क्षेत्र में बिजली गिरने से चार युवकों की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच थी। सभी सात दोस्तों के एक समूह का हिस्सा थे, जो इलाके के लोकप्रिय व्यू-पॉइंट माने जाने वाले पहाड़ी क्षेत्र में घूमने गए थे।
घटना में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए पिनराई विजयन ने कहा कि पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने लोगों से प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अत्यधिक सतर्क रहने की अपील भी की। विजयन ने कहा कि बिजली गिरने संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेना चाहिए और सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करना जरूरी है।
पूर्व विधायक हाजी अयूब खान नहीं रहे
ओडिशा के बलांगीर जिले से पूर्व बीजेडी विधायक हाजी मोहम्मद अयूब खान का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। परिवार के मुताबिक, उन्होंने सुबह करीब 8:30 बजे अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह 78 वर्ष के थे।
हाजी अयूब खान कांटाबांजी विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे थे। उन्होंने पहली बार 2004 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर ओडिशा विधानसभा में प्रवेश किया था। बाद में वह बीजू जनता दल (BJD) में शामिल हो गए और 2014 में पार्टी के टिकट पर दोबारा कांटाबांजी सीट से विधायक चुने गए। उनके निधन पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि अयूब खान को एक अनुभवी जनप्रतिनिधि के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वहीं, नवीन पटनायक ने अयूब खान को कुशल संगठनकर्ता और संवेदनशील नेता बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। पटनायक ने उनके बेटे अमजद अली खान से फोन पर बात कर परिवार के प्रति संवेदना भी जताई। उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव, जो स्वयं बलांगीर जिले से आते हैं, ने भी अयूब खान के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र और उनके समर्थकों के लिए अपूरणीय क्षति है। सिंह देव ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि आरोपियों के पास से करीब 1.2 करोड़ रुपये मूल्य का गैंडे का सींग बरामद किया गया है।
पापुम पारे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक तरु गुसर ने बताया कि यह अभियान 12 मई को होलोंगी और असम से सटे इलाकों में चलाया गया। पुलिस को वन्यजीव तस्करी से जुड़े इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
एसपी के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान एक गैंडे का सींग बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि इस सींग की तस्करी लगभग 1.2 करोड़ रुपये में की जानी थी। मामले में बालिजान पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है और जांच जारी है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि तस्करी नेटवर्क के तार किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नाटुंग ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार वन्यजीव संरक्षण और संगठित अपराध रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि बालिजान पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई सरकार की वन्यजीव सुरक्षा के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव तस्करी देश की जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत के लिए गंभीर खतरा है और ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
आंध्र प्रदेश में झींगा पालन (एक्वाकल्चर) उद्योग को राहत देते हुए राज्य सरकार के हस्तक्षेप के बाद श्रिम्प फीड निर्माताओं ने फीड की कीमतों में प्रस्तावित बढ़ोतरी फिलहाल टालने पर सहमति जताई है। यह फैसला बुधवार को राज्य के मत्स्य पालन मंत्री के. अचन्नाइडु के हस्तक्षेप के बाद लिया गया।
दरअसल, फीड निर्माताओं ने हाल ही में झींगा पालन में इस्तेमाल होने वाले फीड की कीमतों में प्रति किलोग्राम 10 रुपये तक बढ़ोतरी करने की तैयारी की थी। इस प्रस्तावित बढ़ोतरी से राज्य के एक्वाकल्चर किसानों की लागत बढ़ने और मुनाफा घटने की आशंका जताई जा रही थी।
आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मत्स्य पालन मंत्री ने फीड कंपनियों को निर्देश दिया कि बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। इस मुद्दे पर अच्चन्नायडु ने श्रिम्प फीड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, एक्वाकल्चर किसानों और अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक की। बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसानों की आजीविका को प्रभावित करने वाला कोई भी एकतरफा फैसला स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता एक्वाकल्चर किसानों के हितों की रक्षा करना है। अच्चन्नायडु ने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार एक्वाकल्चर क्षेत्र को हरसंभव समर्थन देती रहेगी।
मणिपुर के कांगपोकपी में घात लगाकर हमला, कुकी समुदाय के 3 लोगों की मौत
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में बुधवार को अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने दो वाहनों पर घात लगाकर हमला कर दिया, जिसमें कुकी समुदाय के कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, हमला टाइगर रोड पर उस समय हुआ जब पीड़ित चर्च सम्मेलन में शामिल होकर चुराचांदपुर (लमका) से कांगपोकपी लौट रहे थे। मृतकों की पहचान वुमथांग, पादरी पाओगौलेन और पादरी कैगौलुन के रूप में हुई है।
कुकी स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (KSO) ने दावा किया कि हमले में चार चर्च नेताओं की मौत हुई है और इसके पीछे एक नगा उग्रवादी संगठन का हाथ है। संगठन ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इसे इस वर्ष मणिपुर में पहला बड़ा उग्रवादी हमला माना जा रहा है।
इसी बीच, सुरक्षा बलों ने पिछले 24 घंटों में विभिन्न उग्रवादी संगठनों के पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया है। असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर इम्फाल पश्चिम और काकचिंग जिलों में उग्रवादी ठिकानों का भंडाफोड़ किया। अभियान में INSAS, AK-56, M-4 राइफलें, स्नाइपर राइफलें, पिस्तौल, बम और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया।
POCSO केस में बंदी संजय के बेटे पर लुकआउट सर्कुलर जारी हो- के. कविता
तेलंगाना रक्षा सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष के. कविता ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे भागीरथ के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की। भागीरथ पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है और तेलंगाना पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
कविता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लुकआउट सर्कुलर जारी करना जरूरी है क्योंकि “भाजपा पर आरोपियों को देश से बाहर भेजने” का आरोप लगता रहा है। उन्होंने कहा कि इससे जांच की पारदर्शिता को लेकर जनता का भरोसा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भागीरथ के खिलाफ दर्ज पॉक्सो केस और उनकी ओर से पीड़िता व उसके माता-पिता के खिलाफ दर्ज मामले की सच्चाई अदालत के फैसले के बाद सामने आएगी।
कविता ने जातिगत जनगणना को लेकर भी बयान दिया और मांग की कि मौजूदा जनगणना में जाति, उपजाति और आर्थिक स्थिति से जुड़ा डेटा भी एकत्र किया जाए। गौरतलब है कि बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव की बेटी कविता ने अप्रैल में तेलंगाना रक्षा सेना (टीआरएस) का गठन किया था।
पुलिस के अनुसार, भागीरथ के खिलाफ एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में पॉक्सो केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें 13 मई को पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस भी जारी किया था, जिसे परिवार के एक सदस्य ने प्राप्त किया।
गुजरात में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 72 IAS अधिकारियों के हुए तबादले
गुजरात सरकार ने बुधवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 72 IAS अधिकारियों के तबादले किए। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जामनगर नगर आयुक्त डी एन मोदी को गांधीनगर में विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं कच्छ-भुज के कलेक्टर आनंद पटेल को स्कूल आयुक्त बनाया गया। उन्हें पीएम-पोषण योजना और GCERT के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अहमदाबाद कलेक्टर सुजीत कुमार को राज्य कर विभाग में विशेष आयुक्त बनाया गया, जबकि सूरत कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी को नागरिक आपूर्ति विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया। भरूच कलेक्टर गौरांग मकवाणा को गुजरात एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (GEDA) का निदेशक बनाया गया।
मोरबी कलेक्टर किरण बी झावेरी को नवगठित नडियाद नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया। नवसारी कलेक्टर क्षिप्रा अग्रे को MSME आयुक्त बनाया गया है। दाहोद कलेक्टर योगेश निरगुडे को अतिरिक्त विकास आयुक्त और खेड़ा कलेक्टर अमित प्रकाश यादव को उद्योग विभाग में अतिरिक्त आयुक्त बनाया गया। इसके अलावा कई जिलों के कलेक्टरों और निगमों के प्रबंध निदेशकों के पदों पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं।
गुजरात हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बीरेन वैष्णव ने बुधवार को गुजरात के नए लोकायुक्त के रूप में शपथ ली। गांधीनगर स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) वैष्णव का कार्यकाल पांच वर्षों का होगा।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद रहे। न्यायमूर्ति बीरेन वैष्णव जून 2025 में गुजरात हाई कोर्ट के न्यायाधीश पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अब उन्हें राज्य के लोकायुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है।