सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates 6 feb earthquake magnitude 4.5 hit Gyalshing Sikkim prime accused Sabarimala gold theft case bail

News Updates: सिक्किम में 4.5 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती; सबरीमाला सोना चोरी मामले के मुख्य आरोपी को जमानत

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Fri, 06 Feb 2026 02:58 PM IST
विज्ञापन
news updates 6 feb earthquake magnitude 4.5 hit Gyalshing Sikkim prime accused Sabarimala gold theft case bail
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार गुरुवार की देर रात एक बजकर नौ मिनट पर सिक्किम के ग्यालशिंग में भूकंप से धरती हिल गई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई। देर रात आए भूकंप की वजह से दहशत की वजह से लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की वजह से चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भूकंप के डर की वजह से लोग देर रात तक अपने घरों के बाहर ही रहे।
Trending Videos

तिरुवनंतपुरम की एक अदालत ने सबरीमाला सोना चोरी मामले के मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को 90 दिन की चार्जशीट दाखिल करने की अवधि समाप्त होने के बाद वैधानिक जमानत दे दी है। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 187(3) के तहत जारी किया गया। पोट्टी को 3 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था और अपराध शाखा द्वारा अंतिम रिपोर्ट दाखिल किए बिना वह 90 दिनों से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहा। न्यायालय ने सर्वोच्च न्यायालय के हितेंद्र विष्णु ठाकुर बनाम महाराष्ट्र राज्य मामले में दिए गए फैसले का हवाला देते हुए कहा कि धारा 167(2) के तहत जमानत रद्द न करने का अधिकार आरोपों की गंभीरता से परे पूर्ण है।
विज्ञापन
विज्ञापन

एशियाई शेर 674 से बढ़कर 891 हुए
केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में बताया कि देश में एशियाई शेरों की आबादी में भारी बढ़ोत्तरी हुई है। साल 2020 में एशियाई शेरों की संख्या 674 थी, जो 2025 में बढ़कर 891 हो गई है। मंत्री के अनुसार, शेरों ने अब नदी गलियारों और राजस्व बंजर भूमि जैसे नए क्षेत्रों में अपना बसेरा बना लिया है। सरकार ने शेरों के संरक्षण के लिए बरदा वन्यजीव अभयारण्य को उनके दूसरे घर के रूप में विकसित किया है। सासन-गिर में साल 2019 में एक हाई-टेक मॉनिटरिंग यूनिट स्थापित की गई है, जो रेडियो टेलीमेट्री के जरिये शेरों की रीयल-टाइम ट्रैकिंग करती है। 

सेशेल्स के राष्ट्रपति पेट्रिका हर्मिनी भारत पहुंचे, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात
सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी बृृहस्पतिवार को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर चेन्नई पहुंचे। उनकी यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। हवाईअड्डे पर तमिलनाडु के मंत्री एम मथिवेंधन और चेन्नई की मेयर आर प्रिया ने उनका स्वागत किया। अपनी पांच दिवसीय यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति हर्मिनी मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत के विजन महासागर और वैश्विक दक्षिण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

ईरान के हालात पर नजर, विरोध प्रदर्शनों में किसी भारतीय की मौत की सूचना नहीं
सरकार ने बताया कि ईरान में जारी तनावपूर्ण हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है। हाल में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान किसी भी भारतीय नागरिक के लापता या मारे जाने की कोई सूचना नहीं है। राज्यसभा में एक प्रश्न के जवाब में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ईरान में रह रहे भारतीयों, खासकर छात्रों के लगातार संपर्क में है। उन्हें जरूरी सलाह और मदद दी जा रही है। मंत्री ने बताया कि ईरान में लगभग 9,000 से 10,000 भारतीय रह रहे हैं। सरकार उन्हें फंसा हुआ नहीं मानती, क्योंकि ईरान का हवाई क्षेत्र खुला है और व्यावसायिक उड़ानें सामान्य रूप से चल रही हैं। कीर्ति वर्धन ने बताया कि जून 2025 में ऑपरेशन सिंधु के बाद कोई रेस्क्यू (बचाव) अभियान नहीं चलाया गया है। जो लौटना चाहते हैं, उन्हें व्यावसायिक उड़ानों के उपयोग की सलाह दी गई है। 

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसान हित सुरक्षित : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। यह समझौता कूटनीति, विकास और गरिमा का एक नया उदाहरण है। उन्होंने कहा, किसानों के हित पूरी तरह संरक्षित हैं। कृषि और डेयरी को किसी तरह का खतरा नहीं है। इस समझौते से उल्टा भारत के किसानों को नए अवसर मिलेंगे। इस आशंका पर कि देश की 50 फीसदी से ज्यादा आबादी खेती पर निर्भर है और छोटे किसानों पर असर पड़ सकता है, सिंह ने कहा कि कोई बड़ी चीज भारत के बाजार में अचानक नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सभी मुख्य फसलें, मुख्य अनाज, फल और डेयरी उत्पाद सुरक्षित हैं। किसी भी ऐसे क्षेत्र के लिए बाजार नहीं खोला गया है, जो भारतीय किसानों के लिए नुकसानदेह हो सके। समझौते के तहत अमेरिका में भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ घटकर 18 फीसदी हो गया है, जबकि वाशिंगटन का दावा है कि इससे उसे भारत में अधिक कृषि उत्पाद निर्यात करने में मदद मिलेगी। मंत्री ने कहा, टैरिफ कम होने से हमारे चावल, मसालों और टेक्सटाइल के निर्यात को बल मिलेगा। जब टेक्सटाइल एक्सपोर्ट बढ़ेगा तो इसका सीधा लाभ कपास उगाने वाले हमारे किसानों को होगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता समग्र रूप से भारत के किसानों के हित में है। सरकार के लिए किसान हित सर्वोपरि है।

ओडिशा : चेन्नई एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
ओडिशा के जाजपुर जिले में बृहस्पतिवार सुबह चेन्नई-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22611) के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह 8:51 बजे जाखपुरा रेलवे स्टेशन के पास यार्ड में हुई। पटरी से उतरने वाले डिब्बों में एक एसी और दो सामान्य कोच शामिल थे। पूर्व तटीय रेलवे के अनुसार, घटना के समय ट्रेन की गति बहुत धीमी थी, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के बाद सभी यात्री सुरक्षित हैं और ट्रेन परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। सूचना मिलते ही भुवनेश्वर और खुर्दा रोड से दुर्घटना राहत ट्रेनें मौके पर भेजी गईं। सीपीआरओ ने बताया कि ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो चुकी है, और बालासोर में तीन नए कोच जोड़े जाएंगे।

मानवाधिकार आयोग ने जिम नियमों पर राज्यों से रिपोर्ट मांगी
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने देश भर में जिम और फिटनेस केंद्रों को लेकर बढ़ती चिंताओं का संज्ञान लिया है। यह कदम जिमों में यौन शोषण और अनियमित गतिविधियों के कारण पैदा स्वास्थ्य जोखिमों के मद्देनजर उठाया गया है। आयोग ने सभी राज्य सरकारों, खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय और संबंधित खेल प्राधिकरणों को नोटिस जारी कर जिम और फिटनेस क्लबों की स्थापना और संचालन को नियंत्रित करने वाले मौजूदा नियमों और दिशानिर्देशों के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी है। एनएचआरसी के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने कहा, देश के विभिन्न हिस्सों से कई परेशान करने वाले मामले सामने आए हैं। देश भर में कई जगहों पर जिम और फिटनेस क्लबों में प्रशिक्षकों की ओर से  महिलाओं के यौन शोषण के कई मामले सामने आए हैं।

तंजावुर में झंडे लगाते समय नेता के घर दो मजदूरों की करंट लगने से मौत
तमिलनाडु के तंजावुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां पिल्लैयारपट्टि-तिरुवैयारु बाईपास रोड पर स्थित एक निजी मैरिज हॉल के पास डीएमके नेता सकरालाई दुरई जयकुमार का घर है। उनके घर पर शादी का एक कार्यक्रम था। इस फंक्शन के लिए कार्तिक और गोकुल नाम के दो मजदूर पार्टी के झंडे लगा रहे थे। इस दौरान झंडे लगाते समय दोनों को बिजली का जोरदार करंट लगा और उनकी मौत हो गई। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन इस शादी समारोह में शामिल होने वाले थे।
 

केरल में स्पा कर्मचारी से यौन उत्पीड़न के मामले में गैंगस्टर गिरफ्तार, अन्य साथी की तलाश जारी 
केरल के पथानामथिट्टा में पुलिस ने एक गैंगस्टर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। इन पर तिरुवल्ला के एक स्पा में महिला कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। मुख्य आरोपी की पहचान सुबिन अलेक्जेंडर के रूप में हुई है। सुबिन पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर पहले भी केरल असामाजिक गतिविधियां रोकथाम अधिनियम 'कापा' (KAAPA) के तहत कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, सुबिन और उसका गैंग स्पा मालिक से पैसों की मांग कर रहे थे। पैसे देने से मना करने पर एक फरवरी को सुबिन अपने पांच साथियों के साथ स्पा पहुंचा। वहां एक आरोपी ने महिला कर्मचारी को चाकू दिखाकर डराया और कथित तौर पर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। गैंग के सदस्यों ने दूसरे कर्मचारियों से भी बदतमीजी की और ऑफिस से पैसे लूट लिए।इसके बाद मामला दर्ज होने पर अलेक्जेंडर और उसके साथी छिप गए।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। गुरुवार को एक सूचना के आधार पर तिरुवल्ला के डिप्टी एसपी जीजू टीआर की टीम ने सुबिन को कुट्टापुझा से पकड़ लिया। इस मामले में कुल छह आरोपी हैं, जिनमें से दो पकड़े जा चुके हैं। बाकी चार फरारा हैं, जिनकी तलाश जारी है। मामले को लेकर केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज जो इसी जिले की रहने वाली हैं उन्होंने इस घटना पर हैरानी जताई। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फुटेज चौंकाने वाले थे। ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए।"
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed