Updates: दिल्ली दौरे पर सीएम शिवकुमार, कैबिनेट विस्तार पर चर्चा संभव; राज्यसभा में दो सदस्यों का शपथ ग्रहण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
Karnataka CM DK Shivakumar writes a letter to Prime Minister Narendra Modi seeking urgent intervention in view of the emerging drought situation in Karnataka. pic.twitter.com/p9AeOTSrx8
— ANI (@ANI) July 15, 2026विज्ञापन
फरार दोषी की तलाश में मुठभेड़, दो जवान भी जख्मी
कर्नाटक के कलबुर्गी सेंट्रल जेल से फरार हुए तीन दोषी कैदियों की तलाश के दौरान पुलिस ने एक फरार कैदी को पकड़ लिया। कलबुर्गी सिटी पुलिस आयुक्त शरणप्पा एस.डी. ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि एक दोषी हुमनाबाद रिंग रोड औद्योगिक क्षेत्र के पास घूम रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल पुलिसकर्मियों और दोषी कैदी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर है। पुलिस ने जवानों पर हमले के मामले में अलग से केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
HMDA के मुख्य अभियंता पर भ्रष्टाचार का शिकंजा, 9.24 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
तेलंगाना के हैदराबाद में हैदराबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (HMDA) के मुख्य अभियंता बी. रविंदर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने सेवा के दौरान भ्रष्टाचार और संदिग्ध तरीकों से संपत्ति अर्जित की। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(b) सहपठित 13(2) के तहत दर्ज मामले में 14 जुलाई 2026 को उनके घर, कार्यालय और रिश्तेदारों, सहयोगियों व कथित बेनामी लोगों से जुड़े नौ अन्य ठिकानों पर तलाशी ली गई। जांच में अब तक करीब 9.24 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। अतिरिक्त संपत्तियों की जांच जारी है। आरोपी अधिकारी को हैदराबाद की विशेष एसीबी अदालत में न्यायिक रिमांड के लिए पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
TTD बोर्ड सदस्य ने पहली आरती मामले में कर्नाटक सीएम के प्रस्ताव का किया स्वागत
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) बोर्ड सदस्य एस. नरेश कुमार ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के उस प्रस्ताव का स्वागत किया है, जिसमें तिरुमला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर की 'पहली आरती' (फर्स्ट आरती) के लिए नया प्रोटोकॉल बनाने की बात कही गई है। हालांकि, उन्होंने सुझाव दिया कि यह सम्मान केवल राजनीतिक प्रतिनिधियों तक सीमित न रहे, बल्कि उस दिन तिरुमला में मौजूद कर्नाटक के किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति को राज्य की ओर से यह सम्मान दिया जाए। नरेश कुमार ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से यह परंपरा मैसूर महाराजा और उनके राजपरिवार के संरक्षण से जुड़ी रही है। आज भी आरती में इस्तेमाल होने वाला दीपक और घी महाराजा के नाम पर ही अर्पित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कर्नाटक सरकार आधिकारिक प्रस्ताव भेजती है तो TTD बोर्ड मंदिर की परंपराओं, इतिहास और नियमों को ध्यान में रखते हुए उस पर सकारात्मक विचार करेगा।
शिक्षक की डांट के बाद 7वीं के छात्र ने की आत्महत्या की कोशिश
बंगलूरू में 7वीं कक्षा के एक छात्र ने स्कूल में शिक्षक की कथित सजा और डांट से आहत होकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार की है। छात्र ने फांसी लगाने से पहले अपनी बहन को इसकी जानकारी दी थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र को एक सहपाठी से जुड़े मामूली शरारत के मामले में शिक्षक ने डांटा था और कक्षा से बाहर खड़ा कर दिया था। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला एक सामान्य कक्षा विवाद का प्रतीत होता है, लेकिन यह जांच की जा रही है कि क्या छात्र को किसी तरह से प्रताड़ित किया गया या शारीरिक दंड दिया गया था। छात्र के माता-पिता सदमे में हैं और उन्होंने अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और परिवार को काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई जा रही है।
भाजपा ने किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की
कर्नाटक में सूखे की आशंका के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से सरकार द्वारा किए गए सूखा राहत कार्यों का पारदर्शी ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने किसानों को 50,000 रुपये प्रति एकड़ सूखा मुआवजा देने की भी मांग की। विजयेंद्र का यह बयान उस पत्र के बाद आया, जिसमें मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य में सूखे की स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम भेजने का अनुरोध किया था। विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार सूखा प्रबंधन में विफल रही है और कई मंत्री अपने विभागों के बजाय अन्य गतिविधियों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की टीम आने से पहले राज्य सरकार किसानों को अंतरिम राहत दे और मंत्रियों को जिलों में भेजकर सूखे का आकलन कराए।
कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच दिल्ली पहुंचे डी.के. शिवकुमार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार बुधवार को दिल्ली पहुंचे, जिसके बाद राज्य मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, वह केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे, हालांकि कांग्रेस नेतृत्व से संभावित बैठक का उल्लेख नहीं है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शिवकुमार इस दौरान कांग्रेस हाईकमान से भी कैबिनेट विस्तार पर चर्चा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने हाल ही में कहा था कि हाईकमान से समय मिलते ही वह दिल्ली जाएंगे। जून में शपथ लेने के बाद अभी तक 34 सदस्यीय मंत्रिमंडल में 20 पद खाली हैं, जबकि मंत्री बनने के इच्छुक नेताओं की संख्या अधिक है। ऐसे में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बनाए रखते हुए कैबिनेट विस्तार करना शिवकुमार के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। भाजपा लगातार कैबिनेट विस्तार में देरी को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साध रही है।