Operation Sindoor: 'मुर्शिदाबाद में प्रतिनिधिमंडल भेजे TMC', अभिषेक बनर्जी की विदेश यात्रा पर दिलीप घोष का तंज
भाजपा नेता दिलीप घोष ने ऑपरेशन सिंदूर में अभिषेक बनर्जी के शामिल होने का स्वागत किया, लेकिन तंज कसते हुए कहा कि टीएमसी पहले इसका बहिष्कार कर रही थी। साथ ही उन्होंने मुर्शिदाबाद हिंसा पर टीएमसी से वहां भी प्रतिनिधिमंडल भेजने की मांग की।
विस्तार
भाजपा के पूर्व सांसद दिलीप घोष ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के ऑपरेशन सिंदूर के तहत सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस फैसले का स्वागत किया, लेकिन एक तीखा तंज भी कस दिया। उन्होंने कहा कि पहले टीएमसी इसका बहिष्कार करने वाली थी, लेकिन देशभर में पाकिस्तान के खिलाफ जो जनमत बना है, उसे देखकर उन्हें लगा कि अगर वे चुप रहे तो राजनीति करना मुश्किल हो जाएगा। घोष ने कहा कि अच्छा है कि वे अब पाकिस्तान के खिलाफ बोल रहे हैं।
टीएमसी मुर्शिदाबाद भेजे प्रतिनिधिमंडल
घोष ने आगे कहा कि वे चाहते हैं कि टीएमसी एक प्रतिनिधिमंडल मुर्शिदाबाद भी भेजे, जहां हाल ही में हिंसा हुई थी। उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि इस रिपोर्ट में बताया गया है कि मुर्शिदाबाद के बेटबोना गांव में हिंसा के दौरान 113 घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए।
ये भी पढ़ें:- Operation Sindoor: एशियाई देशों के लिए सर्वदलीय सांसद दल रवाना, संजय झा बोले- आतंक के सहारे जिंदा है पाकिस्तान
घोष ने आगे कहा कि लोग मालदा में शरण लिए हुए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि हमलों का नेतृत्व एक स्थानीय पार्षद ने किया और स्थानीय पुलिस पूरी तरह से निष्क्रिय रही। गांव के लोग अब अपनी सुरक्षा के लिए स्थायी बीएसएफ और केंद्रीय बलों की मांग कर रहे हैं।
उधर, टीएमसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी को भारत के आतंकवाद विरोधी वैश्विक अभियान में पार्टी का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया है। इसपर भाजपा सांसद और प्रतिनिधिमंडल की सदस्य अपराजिता सारंगी ने कहा कि पीएम मोदी की तरफ से 33 देशों में 7 प्रतिनिधिमंडल भेजना एक सोची-समझी रणनीति है, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भारत का रुख स्पष्ट किया जा सके।
ये भी पढ़ें:- Operation Sindoor: 'यह ध्यान भटकाने की कोशिश', सर्वदलीय सांसदों के विदेश दौरे पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला
सर्वदलीय सांसदों का विदेश दौरा
गौरतलब है कि इससे पहले, मंगलवार को संसद भवन में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सभी सांसदों और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर जानकारी दी। इस अभियान के तहत सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों सहित कई अहम देशों का दौरा कर रहे हैं।