{"_id":"69b42627aff9cd169d0bb6bd","slug":"parivartan-yatra-in-bengal-bjp-claims-widespread-public-support-perps-for-pm-modi-kolkata-rally-brigade-ground-2026-03-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"बंगाल में परिवर्तन यात्रा: भाजपा का दावा- मिल रहा व्यापक जनसमर्थन; ब्रिगेड मैदान में ऐतिहासिक होगी PM की रैली","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बंगाल में परिवर्तन यात्रा: भाजपा का दावा- मिल रहा व्यापक जनसमर्थन; ब्रिगेड मैदान में ऐतिहासिक होगी PM की रैली
अमर उजाला ब्यूरो, कोलकाता।
Published by: एन अर्जुन
Updated Fri, 13 Mar 2026 08:28 PM IST
विज्ञापन
सार
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले की तैयारियों का जायजा लिया। भाजपा नेता शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि कोलकाता में पीएम मोदी की रैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने दावा किया कि देश की की जनता बदलाव चाहती है।
कोलकाता में होगी पीएम मोदी की रैली, भाजपा नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को कहा है कि कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी की होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ को जिस तरह का समर्थन मिला है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि तृणमूल कांग्रेस के प्रति लोगों का भरोसा तेजी से कम हुआ है।
Trending Videos
भट्टाचार्य ने बताया कि भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ 1 और 2 मार्च को आयोजित नौ बड़ी जनसभाओं के साथ शुरू हुई थी और लगभग 5000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए राज्य के 237 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान 10 लाख से अधिक लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों को सत्तारूढ़ दल का मजबूत वोट बैंक माना जाता है, वहां भी लोगों ने उत्साह के साथ यात्रा का समर्थन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों की मुख्य मांग है कि आगामी चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हों और मतगणना निष्पक्ष ढंग से कराई जाए। उनके अनुसार तृणमूल कांग्रेस के प्रति जनता की भावना अब जनमत से आगे बढ़कर जनाक्रोश में बदलती दिखाई दे रही है।
भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विभाजनकारी राजनीति कर रही हैं और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘परिवर्तन यात्रा’ और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य के कई हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद पार्टी कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं।
गैस आपूर्ति को लेकर बनाए जा रहे राजनीतिक माहौल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि भारत के पास पेट्रोलियम और गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों को लेकर अनावश्यक राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने राष्ट्रपति के हालिया दौरे के दौरान अपेक्षित सम्मान नहीं दिखाया। उनके अनुसार न तो मुख्यमंत्री और न ही सत्तारूढ़ दल के किसी वरिष्ठ नेता ने उनसे मुलाकात की। राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लगातार क्रूड बम विस्फोटों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें कई बच्चों की जान जा चुकी है। इसके अलावा किसानों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आलू किसानों की आर्थिक हालत खराब है और कई स्थानों पर किसानों द्वारा आत्महत्या की घटनाएं सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा इन सभी मुद्दों को ‘परिवर्तन यात्रा’ के माध्यम से जनता के सामने ला रही है और राज्य में राजनीतिक बदलाव का माहौल बन रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने भी ब्रिगेड मैदान का निरीक्षण किया है और व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। भट्टाचार्य ने विश्वास जताया कि ब्रिगेड मैदान की यह रैली पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देगी और राज्य की जनता के बीच बदलाव की आकांक्षा को और मजबूत करेगी।
कमेंट
कमेंट X