ईंधन बचाने की मुहिम: PM-CM के काफिले में कटौती; बस-ट्रेन-रिक्शे पर आ रहे माननीय! साइकिल पर हाईकोर्ट जज और अफसर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिजूलखर्ची और ईंधन कटौती की अपील पर देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों ने कदम उठाए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने काफिले की गाड़ियों में 50% कटौती के साथ वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने का निर्देश दिया है। दिल्ली, मध्य प्रदेश के मंत्रियों ने भी सार्वजनिक परिवहन और ई-रिक्शा अपना लिया है, वहीं गुजरात के राज्यपाल अब ट्रेन से यात्रा करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीएम योगी ने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन जैसे बस, मेट्रो का इस्तेमाल करें। सार्वजनिक परिवहन, साइक्लिंग, कार पूलिंग तथा ईवी के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाए। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी काफिलों से गाड़ियां घटाने को कहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उन्होंने काफिले का आकार कम कर दिया है और भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिल्ली में भी सीएम और मंत्रियों ने अपनाया मंत्र
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभागीय कामकाज के लिए वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मैं और सभी मंत्री, भाजपा विधायक, जनप्रतिनिधि, दिल्ली सरकार के अधिकारी एवं सभी विभाग भी आवश्यकता के अनुरूप कम से कम वाहनों का उपयोग करेंगे व कारपूल व सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देंगे। ऊर्जा संरक्षण राष्ट्रहित से जुड़ा दायित्व है।
दिल्ली सरकार ईंधन संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वहीं मंत्री आशीष सूद ने एक कार्यक्रम में जाने के लिए पहले मेट्रो और फिर ई-रिक्शा का सफर किया।
साइकिल से कार्यालय जा रहे अधिकारी
पीएम मोदी की अपील पर आईआरएस अधिकारी और फिट इंडिया के ब्रांड एंबेसडर नरेंद्र कुमार यादव प्रतिदिन लगभग आठ किलोमीटर साइकिल चलाकर अपने कार्यालय पहुंच रहे हैं।
#WATCH | Delhi: Narendra Kumar Yadav, IRS officer and Fit India Brand Ambassador, has been regularly cycling nearly 8 kilometers to his office, promoting Prime Minister Narendra Modi’s vision of a healthier and more environmentally conscious India.
— ANI (@ANI) May 13, 2026
(Video Source: IRS Narendra… pic.twitter.com/rybI1BsvfG
मध्य प्रदेश: सीएम के दौरे में कोई वाहन रैली नहीं
सीएम मोहन यादव ने काफिले में न्यूनतम वाहन रखने का आदेश दिया है। कहा है कि भ्रमण के दौरान कोई वाहन रैली नहीं होगी। सभी मंत्री भी यात्रा के समय कम से कम वाहनों का उपयोग करेंगे। वहीं जस्टिस डीडी बंसल साइकिल चलाकर हाईकोर्ट पहुंचे।
गुजरात: राज्यपाल चलेंगे ट्रेन से, सांघवी ने अमेरिका दौरा रद्द किया
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने घोषणा की है कि वह राज्य के अंदर यात्रा करने के लिए हेलिकॉप्टर व हवाई जहाज के बजाय ट्रेन, बस और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करेंगे। राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने अमेरिका की अपनी यात्रा रद्द कर दी है। उन्हें मई के अंत में वहां जाना था।
राष्ट्रहित में लिया गया ऐतिहासिक फैसला: नितिन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पीएम की पहल से प्रेरित होकर काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फैसला राष्ट्रहित में ऐतिहासिक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब नेतृत्व स्वयं मिसाल पेश करता है, तो वह जन-आंदोलन बन जाता है।
हिमाचल: राज्यपाल नहीं करेंगे हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने ने रविवार को पेट्रोल-मुक्त घोषित किया है। रविवार को कोई भी सरकारी गाड़ी ईंधन का इस्तेमाल नहीं करेगी। साथ ही सरकारी कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या एकसाथ यात्रा की व्यवस्था के जरिये किए जाएंगे। खुद हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
महाराष्ट्र: विमान का इस्तेमाल करने से पहले सीएम से लेनी होगी मंजूरी
महाराष्ट्र सरकार ने अपने मंत्रियों को निर्देश दिया है कि उन्हें सरकारी यात्रा के लिए विमान का इस्तेमाल करने से पहले मुख्यमंत्री से मंजूरी लेनी होगी। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मंत्रियों को सरकारी काम के लिए उड़ान भरने से पहले मुख्यमंत्री कार्यालय से मंजूरी लेनी होगी।
नई गाड़ी न खरीदें, काफिले में इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल करें: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले में कटौती करते हुए कहा कि जहां तक हो सके, बिना कोई नई गाड़ी खरीदे, उनके काफिले में इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल की जाएं। सामान्य स्थिति में पीएम के काफिले में 12-15 गाड़ियां होती हैं। मर्सिडीज बेंज एंबुलेंस भी काफिले के साथ चलती है।