हादसों का बुधवार: महीने के पहले दिन ही 29 लोगों की मौत, कहीं जिंदा जले लोग, कहीं दीवार गिरने से दबे; कई घायल
बुधवार को हुए कई सड़क हादसों में 20 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। कहीं सड़क हादसों में लोग जिंदा जल गए तो कहीं अन्य हादसों की वजह से लोगों की मौत हुई। इस तरह महीने का पहला दिन अपने साथ कई परिवारों के लिए मातम लेकर आया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा
आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रतिपाडु मंडल में बोयापालेम के पास दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 6 बजे बोयापालेम गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार, एक ट्रक कुरनूल से गुंटूर की ओर और दूसरा गुंटूर से चिलकलुरिपेट की ओर कागज का सामान लेकर जा रहा था। तभी बोयापालेम के पास नेशनल हाईवे-16 पर दोनों की आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर के बाद गाड़ियों में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग में दो ड्राइवर और एक हेल्पर जिंदा जल गए।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर भारी जाम लग गया, क्योंकि दोनों लॉरी पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थीं। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्य शुरू किया, जबकि भीड़ कम करने के लिए गाड़ियों की आवाजाही सर्विस रोड से डायवर्ट कर दी गई। फायरफाइटर भी दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और आग बुझाई।
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ। मृतकों में छह लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है। बस में तेजी से फैली आग पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।
बस में 37 यात्रियों ने ऑनलाइन बुकिंग करवाई थी। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। राजस्थान सरकार ने पीड़ित परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सभी शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। कई शव बुरी तरह झुलस गए हैं, ऐसे में उनकी पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग की जरूरत पड़ेगी।
उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास बुधवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें स्लीपर बस की टक्कर से संतकबीरनगर के रजिस्ट्रेशन नंबर की कार में सवार एक महिला, दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, डिवाइडर की ग्रिल तोड़ने हुए दूसरी लेन में पलटी बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए। बस में कुल 85 यात्री सवार थे। पुलिस व यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने घायलों को अस्पताल भेजा और मृतकों की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। कार में आठ लोग सवार थे।
गुजरात के भरूच जिले में बुधवार तड़के भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें निर्माणाधीन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर शॉपिंग मॉल की दीवार ढहकर पास के एक घर पर गिर गई। इस हादसे में पिता और उनके 21 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। यह घटना शहर के अली मातरिया तालाब क्षेत्र में करीब सुबह 2:30 बजे हुई, जब निर्माण स्थल की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा टूटकर पास के रिहायशी मकान पर गिर गया। हादसे के समय घर में परिवार के चार सदस्य मौजूद थे। इस दौरान दो महिलाओं ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली या उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि पिता और पुत्र मलबे के नीचे दब गए।
कर्नाटक के तटीय शहर मंगलूरू में बुधवार को भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण एक रिहायशी इमारत पर कंपाउंड (घेराबंदी) दीवार गिर गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कंकनाडी क्षेत्र में हुआ। मृतकों में एक महिला और दो लड़कियां शामिल हैं। वहीं, इस घटना में एक पुरुष और दो लड़कियां चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच निकले। कई अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया है कि प्रभावित घरों में से एक में बिहार से आए प्रवासी परिवार रहता था।
महाराष्ट्र के बीड जिले में एक बहुउद्देशीय वाहन (एमयूवी) और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में 14 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार शाम माजलगांव बाईपास रोड पर तहसील कार्यालय के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे 14 वर्षीय करीम कदीर शेख की मौके पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल चला रहे काइफ इरफान पठान और मोटरसाइकिल सवार एक अन्य व्यक्ति शफीक इमरान शेख गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को माजलगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
राजस्थान के बाड़मेर से अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की एक गाड़ी डबवाली बठिंडा हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह भीषण सड़क हादसा बुधवार सुबह तड़के करीब चार-पांच बजे हुआ। एक खड़े ट्रक से टकराने के कारण गाड़ी में सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल यात्री को तत्काल प्रभाव से एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि यात्रियों से भरी गाड़ी डबवाली बठिंडा हाईवे पर एक किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना बुधवार तड़के चार से पांच बजे के बीच हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के गांगन वाली मैनाठेर गांव में गौशाला के पास बुधवार की सुबह करीब नौ बजे खेत में काम कर रहे लोगों पर बिजली गिर गई। जिसमें विनीता (21)और संतराम (30) की मौत हो गई जबकि सपना, देवांशी और कामिनी घायल हो गई। घायलों को साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मझोला के गांगन वाली मैनाठेर निवासी बिलाल का खेत गौशाला के पास है। बुधवार को खेत में धान की रोपाई का काम चल रहा था। गांगन वाली मैनाठेर निवासी संतराम, विनीता, सपना, देवांशी और कामिनी समेत अन्य युवती और युवक मजदूरी पर धान की रोपाई क रहे थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे तेज बारिश होने लगी। जिस कारण सभी युवक और युवतियां एक पेड़ के नीचे बैठ गए। इसी दौरान बिजली गिर गई। जिसमें संतराम, विनीता, देवांशी,सपना और कामिनी झुलस गए। इस हादसे से चीख पुकार मच गई। आस पड़ोस के खेतों में काम करने वाले लोग दौड़े और युवक व युवतियों के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन आ गए और सभी को साईं अस्पताल ले गए। जहां विनीता और संतराम को मृत घोषित कर दिया गया। तीन युवतियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।