{"_id":"6a815294b4046a43e60bb815","slug":"shah-rukh-khan-ajay-devgn-and-tiger-shroff-received-an-fda-notice-regarding-vimal-elaichi-advertisement-2026-08-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"तुकाराम मुंडे के निशाने पर बॉलीवुड: शाहरुख, अजय और टाइगर को इलायची का प्रचार करना पड़ा भारी; FDA ने भेजा नोटिस","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
तुकाराम मुंडे के निशाने पर बॉलीवुड: शाहरुख, अजय और टाइगर को इलायची का प्रचार करना पड़ा भारी; FDA ने भेजा नोटिस
Sun, 16 Aug 2026 11:33 AM IST
प्रशांत तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Sun, 16 Aug 2026 11:33 AM IST
सार
महाराष्ट्र FDA ने विमल इलायची के विज्ञापन में नजर आने वाले बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस भेजा है। FDA को आशंका है कि विज्ञापन प्रतिबंधित विमल पान मसाला का सरोगेट प्रमोशन हो सकता है।
विज्ञापन
शाहरुख, अजय और टाइगर को FDA का नोटिस
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन, शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आरोप है कि यह विज्ञापन राज्य में प्रतिबंधित विमल पान मसाला का सरोगेट विज्ञापन हो सकता है। महाराष्ट्र FDA ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब राज्य में तंबाकू और पान मसाला की बिक्री और प्रचार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। नियामक ने FSS Act की धारा 24 और 53 का हवाला देते हुए विज्ञापन और तीनों अभिनेताओं की भूमिका की जांच शुरू की है।
विज्ञापन
विमल पान मसाला के अप्रत्यक्ष प्रचार का आरोप
इस सप्ताह जारी किए गए नोटिस में तीनों अभिनेताओं से विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। FDA का कहना है कि विज्ञापन विमल पान मसाला ब्रांड के साथ सीधा जुड़ाव बनाता दिखाई देता है और इसे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत प्रतिबंधित उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार माना जा सकता है।
विज्ञापन
नोटिस में कहा गया है, 'विज्ञापन की जांच करने पर पहली नजर में ऐसा लगता है कि यह विमल ब्रांड को बढ़ावा देता है, जो मुख्य रूप से पान मसाला से जुड़ा हुआ है। पान मसाला ऐसा उत्पाद है, जिसके निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर महाराष्ट्र राज्य में एक वर्ष के लिए रोक लगाई गई है। यह रोक महाराष्ट्र राज्य के फूड सेफ्टी कमिश्नर द्वारा FSS एक्ट, 2006 की धारा 30(2)(a) के तहत 13 जुलाई, 2026 को जारी किए गए प्रतिबंध आदेश में निर्धारित तारीख से प्रभावी है।'
विज्ञापन
पहली बार सरोगेट विज्ञापन की जांच
महाराष्ट्र FDA ने कहा है कि वह पहली बार किसी सरोगेट विज्ञापन की इस तरह जांच कर रहा है। नियामक के मुताबिक, विज्ञापन की प्रस्तुति, संवाद, उत्पाद का नाम और बाजार में उसकी पहचान ऐसे कई सवाल खड़े करते हैं, जिनसे यह आशंका पैदा होती है कि कहीं यह प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद का अप्रत्यक्ष या सरोगेट प्रचार तो नहीं है। तीनों अभिनेता ब्रांड एंडोर्सर के तौर पर इस विज्ञापन में नजर आए हैं। इसी वजह से FDA ने विज्ञापन में उनकी भूमिका और ब्रांड के साथ उनके जुड़ाव को जांच के दायरे में रखा है।
महाराष्ट्र में पान मसाला और गुटखा पर सख्ती
महाराष्ट्र में 2012 से तंबाकू या निकोटीन युक्त गुटखा और पान मसाला पर प्रतिबंध है। अब FDA ने राज्य में तंबाकू और प्रतिबंधित पान मसाला उत्पादों की बिक्री और उनके प्रचार के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी है। कमिश्नर तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में महाराष्ट्र FDA प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ सख्त अभियान चला रहा है। विभाग पुलिस के साथ मिलकर उन मामलों में महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) लागू करने की दिशा में भी समन्वय कर रहा है, जहां गुटखा, तंबाकू, निकोटिन युक्त पान मसाला या इसी तरह के प्रतिबंधित उत्पादों के संगठित नेटवर्क सामने आते हैं।
भ्रामक विज्ञापन पर FSS Act की धाराएं लागू
रेगुलेटर ने इस मामले में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 की धारा 24 का भी हवाला दिया है। यह धारा खाद्य पदार्थों से जुड़े भ्रामक और धोखाधड़ी वाले विज्ञापनों पर रोक लगाती है। इसके अलावा FDA ने धारा 53 का उल्लेख किया है। इसके तहत खाद्य पदार्थों के भ्रामक विज्ञापन को प्रकाशित करने में शामिल किसी भी व्यक्ति पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: किसानों के दिल्ली कूच को लेकर जींद पुलिस अलर्ट:खनौरी बॉर्डर पर कंक्रीट बैरिकेडिंग, वाटर कैनन-वज्र वाहन तैनात
FDA की कार्रवाई से बढ़ी फिल्मी सितारों की मुश्किलें
विमल इलायची के विज्ञापन में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी ने इसे खासा चर्चित बनाया है। अब FDA की जांच इस बात पर केंद्रित है कि विज्ञापन वास्तव में इलायची जैसे अलग उत्पाद का प्रचार करता है या इसके जरिए प्रतिबंधित विमल पान मसाला ब्रांड की पहचान और बाजार में उसकी मौजूदगी को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।