West Bengal: 'सिंडिकेट राज खत्म होगा', पूर्व बर्धमान में PM बोले अवैध खनन और हिंसा पर करेंगे सख्त कार्रवाई
पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले पीएम मोदी ने टीएमसी पर भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज का आरोप लगाते हुए व्हाइट पेपर लाने का एलान किया। उन्होंने महिलाओं को ₹3,000 मासिक सहायता देने का वादा किया। आइए विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व बर्धमान एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जोरदार हमला बोला और सत्ता में आने पर सिंडिकेट राज खत्म करने का एलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर टीएमसी के 15 साल के शासन में हुए कथित भ्रष्टाचार का पूरा हिसाब सामने लाने के लिए एक व्हाइट पेपर जारी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में मंत्रियों, विधायकों और स्थानीय स्तर पर सिंडिकेट से जुड़े लोगों द्वारा व्यवस्थित तरीके से लूट की गई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी व्हाइट पेपर लाएगी, जिसमें टीएमसी के विधायकों, मंत्रियों और सिंडिकेट के भ्रष्टाचार का पूरा लेखा-जोखा होगा। हमारी सरकार हर ऐसे अपराध को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करेगी।
महिलाओं के लिए बड़ा वादा
महिला मतदाताओं को साधने के लिए पीएम मोदी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर राज्य की महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में बीजेपी को मिल रहे समर्थन से टीएमसी घबरा गई है और झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, टीएमसी कह रही है कि बीजेपी आने पर योजनाएं बंद हो जाएंगी, लेकिन सच्चाई यह है कि बीजेपी किसी योजना को बंद नहीं करेगी, बल्कि भ्रष्टाचार और बिचौलियों को खत्म कर योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाएगी।
केरल और बंगाल में जीत का दावा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में केरल का भी जिक्र किया और दावा किया कि वहां एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ही जीत का दावा करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी महिलाओं की ज्यादा भागीदारी होती है, वहां बीजेपी-एनडीए को भारी जनादेश मिलता है। इसी आधार पर उन्होंने बंगाल में भी जीत का भरोसा जताया।
चुनाव की तारीखें और पिछला परिणाम
पश्चिम बंगाल में इस बार मतदान 23 और 29 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। 2021 के चुनाव में टीएमसी ने 213 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी 77 सीटों के साथ प्रमुख विपक्षी दल बनकर उभरी थी। इस बार दोनों दलों के बीच मुकाबला और भी कड़ा और हाई-स्टेक्स माना जा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.