TOP News: शीतलहर को लेकर दिल्ली में अलर्ट, ट्रंप बोले- ग्रीनलैंड के PM की दिक्कत बढ़ने वाली; पढ़ें सुर्खियां
देश और दुनिया में बुधवार को कई बड़ी और अहम घटनाएं सुर्खियों में रहीं। उत्तर भारत, खासकर दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते तीन साल में दिल्ली की यह सबसे सर्द सुबह रही, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शीतलहर और कोहरे को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, वहीं मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर बड़ा बयान देकर डेनमार्क और ग्रीनलैंड नेतृत्व के साथ तनाव बढ़ा दिया है। साथ ही ईरान में जारी प्रदर्शनों पर उन्होंने कहा कि वह लोगों को मारे जाते नहीं, बल्कि आज़ाद देखना चाहते हैं। ट्रंप ने अपनी टैरिफ नीति को भी सही ठहराते हुए दावा किया कि इससे अमेरिका का व्यापार घाटा तेजी से कम हुआ है। पर्यावरण के मोर्चे पर चिंता बढ़ी है। 2025 को दुनिया का तीसरा सबसे गर्म साल बताया गया है और वैश्विक तापमान 1.5 डिग्री सीमा पार करने के करीब है। वहीं भारत के लिए राहत की खबर यह रही कि देश में बाघों की संख्या 3,682 पहुंच गई है और मृत्यु दर में कमी आई है। आर्थिक क्षेत्र में जीएसटी 2.0 से ऑटो उद्योग को बड़ा बूस्ट मिला है और 2025 में यात्री वाहन बिक्री ने रिकॉर्ड बनाया है। विदेश नीति में भारत-कनाडा संबंधों में भी सुधार के संकेत दिखे हैं, क्योंकि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के भारत दौरे की तैयारी चल रही है। इसके अलावा यूपी में कोडीन कफ सिरप तस्करी के मामले में आरोपियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। आइए देश-दुनिया की अहम खबरें पर एक नजर डालते हैं...
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन पूरी तरह जकड़ लिया है। पूरा उत्तर भारत कोहरे की चपेट में है। बीती सुबह दिल्ली में बीते तीन साल में सबसे सर्द रही, जब न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं, घने कोहरे और शीतलहर ने लोगों की कंपकंपी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर...
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ग्रीनलैंड को अमेरिकी नियंत्रण में लाने को लेकर बयान दे रहे हैं। वहीं, ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री ने डेनमार्क के साथ रहने की प्राथमिकता पर जोर दिया। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'खैर, यह उनकी समस्या है। मैं उनसे असहमत हूं। मैं उन्हें नहीं जानता। उनके बारे में मुझे कुछ भी नहीं पता। लेकिन यह उनके लिए एक बड़ी समस्या बनने वाली है।' पढ़ें पूरी खबर...
भारत की बाघ संरक्षण नीति को बड़ी सफलता मिली है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में देश में कुल 167 बाघों की मौत दर्ज की गई, जिनमें 31 शावक शामिल हैं। इसके बावजूद पिछले चार वर्षों में बाघों की कुल आबादी के अनुपात में मृत्यु दर 5 फीसदी से नीचे बनी हुई है, जिसे संरक्षण के लिहाज से सकारात्मक माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
वैश्विक तापमान को लेकर चेतावनी और गंभीर गई है। साल 2025 रिकॉर्ड में तीसरा सबसे गर्म साल रहा। यह 2023 से महज 0.01 डिग्री सेल्सियस ठंडा और 2024 (अब तक का सबसे गर्म साल) से 0.13 डिग्री कम रहा। चौंकाने वाली बात यह है कि 2015 से 2025 के बीच के 11 साल ही अब तक के 11 सबसे गर्म साल साबित हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
आतंकी फंडिंग मामले में आरोपी कश्मीरी अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि उसने जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर भारत के पांच प्रधानमंत्रियों से मुलाकात की थी। उनके भाषण ज्यादातर पूर्ववर्ती राज्य के लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते थे।शीर्ष अदालत शाह की जमानत याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पढ़ें पूरी खबर...
ईरान में जारी राजनीतिक अस्थिरता और सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि आदर्श स्थिति में अमेरिका ईरान में लोकतंत्र देखना चाहता है। उनका कहना है कि ईरानी लोगों को लंबे समय से दमन और भय में जीना पड़ रहा है और अब उन्हें आज़ादी मिलनी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर...
देश के ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए साल 2025 ऐतिहासिक साबित हुआ है। जीएसटी 2.0 के लागू होने, कीमतों में कमी और त्योहारी सीजन के दौरान मजबूत मांग के चलते यात्री वाहनों की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया है। थोक स्तर पर 44.89 लाख से अधिक यात्री वाहन बिके, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इससे साफ है कि ऑटो उद्योग ने धीमी शुरुआत के बाद साल के अंत तक जबरदस्त रफ्तार पकड़ी। पढ़ें पूरी खबर...
अमेरिका की आर्थिक नीतियों को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि टैरिफ नीति के चलते अमेरिका की अर्थव्यवस्था ने तेजी से करवट बदली है। ट्रंप का दावा है कि कुछ ही महीनों में रिकॉर्ड स्तर का व्यापार घाटा घटा है और शेयर बाजार ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गया है। उनके मुताबिक, यह बदलाव उनकी सरकार की सख्त टैरिफ रणनीति का सीधा नतीजा है। पढ़ें पूरी खबर...
लगभग दो साल तक चले कूटनीतिक तनाव के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में सुधार के साफ संकेत दिखने लगे हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के भारत दौरे की तैयारी इसी बदले हुए माहौल की सबसे बड़ी मिसाल मानी जा रही है। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका की सख्त टैरिफ नीति ने वैश्विक व्यापार को झकझोर दिया है और दोनों देश नए साझेदारों की तलाश में हैं। पढ़ें पूरी खबर...
कोडीनयुक्त कफ सिरप की बांग्लादेश तस्करी करने वाले वाराणसी के शुभम जायसवाल और विकास पाठक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो गया है। इस प्रकरण की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय एसआईटी के अनुरोध पर सीबीआई ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है जिसके बाद अब दोनों आरोपियों के किसी दूसरे देश की यात्रा करना आसान नहीं होगा। पढ़ें पूरी खबर...