PP Thankachan Passes Away: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीपी थंकाचन का निधन; 86 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
कांग्रेस के दिग्गज नेता और केरल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष पीपी थंकाचन का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और वेंटिलेटर पर थे। पेरुम्बावूर से विधायक रह चुके थंकाचन ने कृषि मंत्री, केपीसीसी अध्यक्ष और यूडीएफ संयोजक जैसे अहम पदों पर कार्य किया था।

विस्तार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पीपी थंकाचन का गुरुवार को निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे और पिछले एक महीने से उम्र संबंधी बीमारियों के कारण अलुवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। केरल के पूर्व कृषि मंत्री थंकाचन को छाती में संक्रमण के चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उन्होंने शाम 4:30 बजे अंतिम सांस ली। पीपी थंकाचन का जन्म 29 जुलाई 1939 को अंगमाली में हुआ था। उन्होंने 26 वर्ष की उम्र में पेरुम्बावूर नगरपालिका के चेयरमैन के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया।

पेरुम्बावूर से पहली बार बने विधायक
बता दें कि थंकाचन 1982 में पहली बार पेरुम्बावूर से विधायक चुने गए और 2001 तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे। वे 1987 से 1991 तक विपक्ष के मुख्य सचेतक और 1995-96 में राज्य के कृषि मंत्री भी रहे। 2004 में उन्हें केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) का अध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने यूडीएफ संयोजक, रबर बोर्ड सदस्य और मार्केटफेड के चेयरमैन जैसे कई पदों पर भी काम किया। उनके परिवार में पत्नी टी. वी. थंकम्मा और तीन बच्चे हैं।
ये भी पढ़ें:- Supreme Court: 'वर्दी पहनते ही पुलिस को त्यागनी होंगी निजी और धार्मिक सोच', लापरवाही पर सुप्रीम कोर्ट नाराज
केरल के सीएम ने जताया दुख
थंकाचन के निधन पर राजनीतिक दलों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने उन्हें एक शांत स्वभाव वाले नेता बताया, जो हमेशा विवादों से दूर रहे और विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री के रूप में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। वहीं पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने उन्हें छात्र जीवन से अपना करीबी मित्र बताया और कहा कि उन्होंने कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत किया।
इसके साथ ही केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन, यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश, केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ, कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला, के. सी. वेणुगोपाल और माकपा राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने भी थंकाचन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें:- Meghalaya: मेघालय कैबिनेट ने आबकारी नियमों में बदलाव को दी मंजूरी, MeECL जांच रिपोर्ट की सिफारिशें मानीं