Leh-Ladakh: लद्दाख पहुंचे दलाई लामा, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत; छह जुलाई को मनाएंगे 91वां जन्मदिन
दलाई लामा दो महीने के प्रवास पर लद्दाख पहुंचे जहां उनका हजारों श्रद्धालुओं और बौद्ध भिक्षुओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
14वें तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के रविवार को लेह आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भिक्षु, विद्यार्थी तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के सदस्य उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे।
टेक्निकल एयरपोर्ट से लेकर फोदांग स्थित परम पावन के आवास तक सड़क के दोनों ओर लोग घंटों तक उनकी एक झलक पाने के लिए इंतजार करते रहे। पारंपरिक परिधानों में सजे विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मार्ग के निर्धारित स्थानों पर उनका स्वागत किया। यह परंपरा उनके पूर्ववर्ती लद्दाख दौरों की तरह इस बार भी उत्साहपूर्वक निभाई गई। स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी सड़क किनारे कतारबद्ध होकर खड़े रहे। उनके काफिले के गुजरने पर उत्साहपूर्वक हाथ हिलाकर दलाई लामा का अभिवादन किया।
पूरे लेह शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। मंत्रोच्चार, प्रार्थनाओं और श्रद्धा-भक्ति से वातावरण गुंजायमान रहा। हजारों श्रद्धालु परम पावन के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए एकत्रित हुए। उनके आगमन से पूरे क्षेत्र में हर्ष, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
लद्दाख बौद्ध एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि दलाई लामा लगभग दो महीने तक लद्दाख में प्रवास करेंगे। इस यात्रा को अत्यंत सौभाग्य एवं आशीर्वाद का अवसर बताते हुए कहा कि परम पावन की उपस्थिति पूरे क्षेत्र में शांति, करुणा और सद्भाव का संदेश प्रसारित करेगी। परम पावन के 91वें जन्मदिवस का भव्य समारोह 6 जुलाई को चोगलामसर स्थित जीवेत्सल में आयोजित किया जाएगा।