चीखें, मलबा और उम्मीद की जंग: एक पल में उजड़ गए कई घर, 21 लोगों की दर्दनाक मौत, उधमपुर बस हादसे का भयावह मंजर
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक यात्री बस खाई में गिरने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए, हादसा खतरनाक मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ। सरकार और नेताओं ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक यात्री बस के खाई में गिरने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब बस रामनगर से उधमपुर जा रही थी और एक खतरनाक मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा।
गिरते समय ऑटो-रिक्शा से हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस करीब 100 मीटर गहरी ढलान में गिर गई और नीचे सड़क पर गिरते समय एक ऑटो-रिक्शा से भी टकरा गई। हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसमें फंस गए।
सेना ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे सेना के जवानों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। बचाव कार्य काफी मुश्किल था क्योंकि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने जताया गहरा शोक
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 25 हजार की सहायता देने की घोषणा की है।
पीएम राहत कोष से मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने इस हादसे पर दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा तेज मोड़ पर बस के नियंत्रण से बाहर होने के कारण हुआ।
