{"_id":"6a3c3dc9214475a0c6030e1b","slug":"a-day-of-tragedies-in-the-valley-seven-killed-in-separate-road-accidents-2026-06-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"घाटी में हादसों का दिन: अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात की मौत; उधमपुर, डोडा और रियासी के कई परिवारों में मातम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
घाटी में हादसों का दिन: अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात की मौत; उधमपुर, डोडा और रियासी के कई परिवारों में मातम
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 25 Jun 2026 01:58 AM IST
विज्ञापन
सार
डोडा जिले में मचैल माता के दर्शन कर लौट रहा एक परिवार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया।
रियासी में हुए हादसे के चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
जम्मू संभाग के उधमपुर, डोडा और रियासी जिलों के लिए बुधवार का दिन कई परिवारों के लिए अमंगल रहा। तीनों जिलों में तीन अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई। सात गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में से अधिकांश की हालत नाजुक बनी हुई है। रियासी में हुए हादसे के चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
डोडा जिले में मचैल माता के दर्शन कर लौट रहा एक परिवार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। मल्होरी के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में जान गंवाने वालों में 46 वर्षीय जय सिंह, उनकी 44 वर्षीय पत्नी बबली देवी और 18 वर्ष की बेटी सोनाक्षी शामिल हैं। ये सभी जम्मू के नगरोटा के रहने वाले थे। हादसे 13 वर्षीय आर्यन और 23 वर्षीय वैशाली गंभीर रूप से घायल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार हादसा शाम को हुआ। परिवार के सभी लोग कार (जेके 02 डीबी 6037) से लाैट रहे थे। जैसे ही वे मल्होरी इलाके में पहुंचे तो कार अनियंत्रित हो गई। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों और शवों को बाहर निकाला। घायलों को जीएमसी डोडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रियासी : दो महिलाओं की मौत, चार घायल
रियासी में बुधवार दोपहर को कार हादसा का शिकार हो गई। इसमें दो महिलाओं की जान चली गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार दरमाड़ी से शजरू की तरफ जा रहे थे। रास्ते में चिरल के पास कार अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में चिरल की रहने वाली रजिया बेगम की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी दरमाड़ी पहुंचाया। यहां से सभी को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अरनास के पास ताहिरा बेगम ने भी दम तोड़ दिया। चार घायलों आशिक अली, आयरा, एहतिशाम और एमान चौधरी का इलाज जीएमसी जम्मू में चल रहा है।
नाशरी टनल में ट्रक और बाइक की भिड़ंत, एक की मौत, एक घायल
चिनैनी-नाशरी टनल के अंदर बुधवार शाम को एक ट्रक और मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार ट्रक टनल के रास्ते उधमपुर की ओर आ रहा था। वहीं मोटरसाइकिल सवार रामबन की तरफ जा रहे थे। इसी दाैरान भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और टनल की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अनिल कुमार सीएचसी चिनैनी में भर्ती कराया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
जखैनी नाके पर मेटाडोर और बाइक में टक्कर, पंजाब के युवक की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जखैनी के पास सड़क हादसे में पंजाब के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार मेटाडोर और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जखैनी नाके के पास हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान लकविंदर सिंह पुत्र अशोक कुमार निवासी मुकेरियां, पंजाब के रूप में हुई है। लकविंदर मोटरसाइकिल से कश्मीर से जम्मू की ओर जा रहा था। इसी दौरान जखैनी नाके के पास उसकी बाइक की मेटाडोर से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार लकविंदर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी उधमपुर पहुंचाया। पुलिस ने उक्त वाहनों को कब्जे में लेने के साथ जांच शुरू कर दी है।