किश्तवाड़ के दच्छन में बड़ा हादसा: अनियंत्रित स्कॉर्पियो गहरी खाई से नदी में गिरी, पांच लोगों की मौत, कई लापता
किश्तवाड़ के दच्छन में दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिरकर नदी में गिरी जिसमें पांच लोगों की मौत की सूचना है। पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले की दच्छन तहसील में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए जा रहे लोगों की स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिरकर नदी में समा गई। हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे टेंडर नाला के पास याइवन इलाके में हुआ।
जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो वाहन नंबर HR29AG-0648 डंगडीरू से पक्कल डूल पावर प्रोजेक्ट की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो गहरी खाई में जा गिरी और नीचे बह रही नदी में समा गई।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर मौत होने की सूचना है और उनके शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, नदी में एक अन्य शव दिखाई देने की भी जानकारी सामने आई है। वाहन में 10 से 12 लोगों के सवार होने की बात सामने आ रही है, हालांकि सवारियों की सही संख्या और मृतकों व लापता लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नदी और आसपास के इलाके में लापता लोगों की तलाश की जा रही है। वाहन के भी नदी में समा जाने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
पुलिस और बचाव दल की ओर से मामले में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। मृतकों और लापता लोगों की पहचान तथा हादसे के सही कारणों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक तौर पर सामने आना अभी बाकी है।