Amarnath Yatra: बाबा बर्फानी की प्रथम पूजा 29 जून को, यात्रा शुरू होने की तारीख का जल्द किया जाएगा एलान
श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की प्रथम पूजा 29 जून को होगी। यात्रा की शुरुआत की औपचारिक तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। उपराज्यपाल मनाेज सिन्हा की अध्यक्षता में श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की 50वीं बैठक में वीरवार को यह फैसला लिया गया।
विस्तार
बाबा बर्फानी के दर्शन को आतुर भक्तों के लिए अच्छी खबर है। श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की प्रथम पूजा 29 जून को होगी। यात्रा की शुरुआत की औपचारिक तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। उपराज्यपाल मनाेज सिन्हा की अध्यक्षता में श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की 50वीं बैठक में वीरवार को यह फैसला लिया गया। बोर्ड ने बाबा बर्फानी को समर्पित लेज़र और साउंड शो के आयोजन का निर्णय लिया है।
उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, उनके आध्यात्मिक अनुभव और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बोर्ड में तय हुआ कि श्रीनगर-जम्मू में लेजर एंड साउंड शो का आयोजन किया जाएगा। यह शो एक कल्चरल लाइटहाउस के तौर पर काम करेगा, जो केंद्र शासित प्रदेश के समृद्ध आध्यात्मिक इतिहास को दिखाएगा।
अब 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर
बोर्ड ने पंजीकृत यात्रियों, सेवा प्रदाताओं, अधिकारियों, सीजनल वर्कर और पुजारियों के लिए दुर्घटना बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का फैसला किया। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भी इसी तरह बीमा कवर पांच से लाख से बढ़ाकर 10 लाख किया है।
अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र समेत कई सुविधाओं का विस्तार
यात्रा मार्ग पर अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र, त्वरित आपदा प्रतिक्रिया दल और जानकारी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उपराज्यपाल ने निर्देश दिया कि स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा बल और स्वैच्छिक संस्थाएं एकजुट होकर यात्रा को श्रद्धा, सुरक्षा और सेवा का एक अनुपम और विश्वस्तरीय उदाहरण बनाएं। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्ग में पर्याप्त टॉयलेट सुविधा के लिए जगहें चिह्नित करने, ट्रैक पर शेल्टर शेड और रेन शेल्टर लगाने का निर्देश दिया।
- ऑनलाइन और प्री-पेड सेवाओं के विस्तार, पंजीकरण, आपदा की तैयारी और उन्हें कम करने के उपायों, लंगरों, सुरक्षा और निगरानी के साथ ही बैठक में डिजिटल प्री-पेड प्रणाली पर भी चर्चा हुई
क्रैश बैरियर और रेलिंग से पुख्ता होगी सुरक्षा
बैठक में बताया गया कि दोनों यात्रा मार्गों के कमजोर हिस्सों को क्रैश बैरियर और सुरक्षा रेलिंग से कवर किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं के लिए यात्रा मार्ग और भी ज्यादा सुरक्षित हो जाएगा।
दोनों यात्रा मार्ग पर ट्रैक का चौड़ीकरण पूरा
बैठक में सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों ने बताया कि यात्रा ट्रैक का काम प्रगति पर है। यह भी बताया गया कि बीआरओ ने बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर ट्रैक चौड़ीकरण का काम पूरा कर लिया है।