सीएम उमर बोले: 'ईरान को अपनी लीडरशिप चुनने का अधिकार, गम-गुस्से का इजहार करें, पर कानून को अपने हाथ में न लें'
उमर अब्दुल्ला ने ईरान पर हुए हमले की निंदा करते हुए जम्मू-कश्मीर के लोगों से अपील की कि वे गम और गुस्से का इजहार करें, लेकिन कानून अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि ईरान को बिना बाहरी दखल के अपनी लीडरशिप तय करने का अधिकार है और वहां फंसे छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए विदेश मंत्रालय से संपर्क किया जा रहा है।
विस्तार
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि ईरान के लोगों के साथ मैं हमदर्दी का इजहार करता हूं। हमले की निंदा करता हूं। जिस बेरहमी से ईरान के सुप्रीम लीडर और उनके परिवार के लोगों की हत्या की गई। बमबारी की गई। अंतरराष्ट्रीय कानून इसकी इजाजत नहीं देता है। जम्मू-कश्मीर के लोगों से गुजारिश है कि वे संयम रखें। गुस्से-नाराजगी-दुख-दर्द का इजहार करें लेकिन कानून हाथ में न लें।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को जम्मू में मीडिया से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा, ईरान के लोगों को बिना किसी बाहरी दखल के अपनी लीडरशिप खुद तय करने का अधिकार है। जैसे भारत में प्रधानमंत्री का चुनाव होता है, वैसे ही ईरान के लोग भी अपना नेता चुनने के लिए स्वतंत्र हैं।
युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं है और अगर किसी देश में लोग अपनी सरकार से नाखुश हैं तो यह उनका अंदरूनी मामला है।मुख्यमंत्री ने कहा, कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और कुछ जगहों से घटनाओं की खबरें आ रही हैं। वे नहीं चाहते कि यहां पुलिस या सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स बल का इस्तेमाल करें। इससे लोग घायल हों या भगवान न करे, किसी की जान चली जाए। यह बहुत बुरा होगा।
ईरान में फंसे छात्रों को वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय के संपर्क में
उमर ने कहा, ईरान में फंसे जम्मू-कश्मीर के छात्रों को वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय से संपर्क साधा जा रहा है। बहुत से छात्र सुरक्षित जगह पहुंच चुके हैं। हालांकि अभी भी अंतिम वर्ष के कुछ छात्र अपना अस्पताल छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे भारतीय दूतावास से मिले निर्देश का अनुसरण करें। सीएम ने कहा, किसी भी देश को कानून के तहत दूसरों पर हमले करने का अधिकार नहीं है। इस्राइल और अमरीका ने ईरान पर हमला कर गलत किया है लेकिन ईरान ने भी सऊदी अरब और दूसरे देशों पर हमला कर सही प्रतिक्रिया नहीं दी।