पाकिस्तान से चल रहा था नार्को टेरर नेटवर्क: जम्मू-कश्मीर और पंजाब में नौ ठिकानों पर छापे, ईडी ने कसा शिकंजा
ईडी ने पाकिस्तान से हेरोइन तस्करी कर आतंकवाद की फंडिंग करने वाले नार्को टेरर नेटवर्क का खुलासा करते हुए जम्मू-कश्मीर और पंजाब में नौ स्थानों पर छापा मारा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान से एलओसी के रास्ते जम्मू-कश्मीर में हेरोइन पहुंचाने और फिर उसे पंजाब में बेचकर आतंकवाद के लिए फंड जुटाने वाले नार्को टेरर नेटवर्क का प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क के जरिए 60 किलोग्राम से अधिक हेरोइन पंजाब पहुंचाई गई। इस मामले में ईडी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर और पंजाब में नौ ठिकानों पर छापे मारे। इस दौरान अहम दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड जब्त किए। 49.90 लाख वाले बैंक खातों को फ्रीज किया।
ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के पास के इलाकों में ये कार्रवाई की। ईडी के अनुसार, जांच में पाकिस्तान, जम्मू-कश्मीर और पंजाब के बीच संचालित एक संगठित नार्को टेरर नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एजेंसी ने दावा किया है कि पाकिस्तान स्थित हैंडलर प्रतिबंधित आंतकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन से जुड़े थे। वे कुपवाड़ा जिले के एलओसी से सटे अमरोही क्षेत्र के रास्ते भारत में हेरोइन की तस्करी कर रहे थे। इस नेटवर्क में कश्मीर के सफीर अहमद और कफील अहमद, जबकि पंजाब के सतनाम सिंह और मनजीत सिंह उर्फ मान सहित अन्य लोगों की भूमिका सामने आई है।
जांच में सामने आया कि 35 पैकेट हेरोइन सीमापार से भेजी गई। इनमें पांच पैकेट स्थानीय स्तर पर रखे गए। वहीं 30 पैकेट ट्रक के टायर में छिपाकर श्रीनगर पहुंचाए गए। इसके बाद ये खेप पंजाब भेजी गई जिसे सितंबर 2023 में बनिहाल के पास पकड़ लिया गया। इसका वजन करीब 31 किलोग्राम था। ईडी ने बताया कि इसी नेटवर्क के माध्यम से 60 किलोग्राम से अधिक हेरोइन जम्मू-कश्मीर से पंजाब पहुंचाई गई। उसकी ब्रिकी से अर्जित पैसों का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों में किया गया।
जांच एजेंसी ने दस्तावेज और कई बैंक खाते किए फ्रीज
ईडी की जांच में पता चला कि पंजाब स्थित नेटवर्क ने हेरोइन को इधर-उधर करने और बांटने के लिए जाली दस्तावेज, गाड़ियों के नकली कागजात, गाड़ियों में छिपी हुई जगह, कई तरह के ट्रांसपोर्ट के साधन और नकद लेन-देन का इस्तेमाल किया। इसी नेटवर्क से कश्मीर से पंजाब तक हेरोइन ले जाने के कई और मामलों का भी पता लगाया है। जांच में मनजीत सिंह उर्फ मान व सरबजीत सिंह के खातों में बड़ी रकम नकद जमा करने से जुड़े बैंकिंग ट्रांजेक्शन का भी पता चला है। तलाशी के दौरान ईडी ने आपत्तिजनक दस्तावेज व बैंक खाते के रिकॉर्ड जब्त किए। एजेंसी ने कई बैंक खाते भी फ्रीज किए। इनमें करीब 49.9 लाख रुपये जमा थे।