सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   Jammu girl Sugandha secured 207th rank in UPSC, a huge success in her first attempt

UPSC Result: नतीजे से खिले चेहरे, खुद से किया बेहतरी का इरादा, जम्मू-कश्मीर की सुगंधा और रितिका बनीं स्टार

अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू Published by: Nikita Gupta Updated Sat, 07 Mar 2026 01:03 PM IST
विज्ञापन
सार

जम्मू की सुगंधा गुप्ता ने यूपीएससी में अपने पहले प्रयास में 207वीं रैंक हासिल कर शानदार सफलता पाई। शोपियां की रितिका भान को 456वीं रैंक मिली, जो पहले ही जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के लिए चयनित हो चुकी हैं।

Jammu girl Sugandha secured 207th rank in UPSC, a huge success in her first attempt
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) - फोटो : LinkedIn: UPSC
विज्ञापन

विस्तार

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएसी) की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए जम्मू के छात्र-छात्राओं में कुछ का नतीजा खिला है तो कुछ खुद से बेहतरी का वादा कर रहे हैं। ये वे छात्र हैं, जिन्होंने इस परीक्षा को निकालने के लिए दिन-रात एक किया था। मां-बाप भी अपने बच्चों की कामयाबी देख गर्वित महसूस कर रहे हैं।

Trending Videos


जम्मू के शक्तिनगर निवासी सुगंधा गुप्ता के पिता जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। यह सुगंधा का पहला प्रयास था। बकौल सुगंधा अभी उनकी उम्र है। वे अभी अपनी रैंक को सुधार सकती हैं। इस बार सुगंधा को 207वीं रैंक हासिल हुई है। वहीं, रितिका भान को 456वीं रैंक हासिल हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मूल रूप से शोपियां की रहने वाली रितिका का जन्म और परवरिश जम्मू में हुई है। रितिका ने एक अंग्रेजी माध्यम के स्कूल से शुरुआती शिक्षा प्राप्त करने के बाद क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू से स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की। रितिका को मॉडलिंग के साथ ही समाज सेवा का शौक है। वे वृद्धाश्रम में भी सेवा के लिए जाती रही हैं। इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के लिए भी चयनित हुई थीं।

पुंछ के तीन युवाओं ने यूपीएससी परीक्षा में लहराया परचम
प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा परीक्षा यूपीएससी के शुक्रवार को घोषित परिणामों में पुंछ के तीन युवाओं ने विजय का परचम लहराया। इनमें पुंछ नगर निवासी आकाश जग्गी ने 747वां, मेंढर निवासी कोह ए सफा ने 763वां और लोरन निवासी मोहम्मद एजाज ने 869वां रैंक प्राप्त किया। इससे न सिर्फ इन तीनों युवाओं के परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है बल्कि इनकी इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उनको और उनके परिवारों को बधाइयां दे रहे हैं।

यूपीएससी परीक्षा में 747वां रैंक प्राप्त करने वाले आकाश जग्गी पुंछ नगर के मोहल्ला खोड़ीनाड़ निवासी सेवानिवृत प्रिंसीपल दलीप जग्गी के पुत्र हैं. आकाश जग्गी इससे पहले जम्मू कश्मीर प्रशासनिक परीक्षा भी पास कर चुके हैं। वह मेंढर उपजिले में बतौर चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। आकाश जग्गी के परिजनों और रिश्तेदारों का कहना है कि हम आज बहुत खुश हैं।

869वां रैंक प्राप्त करने वाले मोहम्मद एजाज उल रहमान तांत्रे जिले की मंडी तहसील के लोरन निवासी पुंछ हवेली विधानसभा के पूर्व पीडीपी विधायक शाह मोहम्मद तांत्रे के पुत्र हैं। इससे पहले वह जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा परीक्षा पास कर चुके हैं। वर्तमान में वह रियासी में औद्योगिक इकाई में जनरल मैनेजर के पद पर तैनात हैं। उनके पिता शाह मोहम्मद तांत्रे ने बेटे की सफलता पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा कि लोगों की दुआएं और बच्चे की कुछ कर दिखाने की जिद ने उसे आज यह सफलता दिलाई है।

नायदखाई के इरफान ने यूपीएससी परीक्षा की उत्तीर्ण
जिले के नायदखाई सोनावारी के इरफान अहमद लोन ने यूपीएससी परीक्षा पास कर ली है जिसके नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए। उनकी इस बड़ी कामयाबी से पूरे गांव और सोनावारी इलाके में बहुत गर्व और खुशी है। इरफान की कामयाबी वर्षों की लगन और कड़ी मेहनत को दर्शाती है जो उन्हें इलाके के युवाओं के लिए एक प्रेरणा देने वाली मिसाल बनाती है। उनका सफर दिखाता है कि पक्के इरादे और फोकस से सबसे मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। नायदखाई और सोनावारी के लोगों ने उनकी कामयाबी पर बहुत खुशी जताई है और दिल से बधाई दी है।

बिजबिहाड़ा के मुनीब ने पाई 581वीं रैंक, इलाके में खुशी की लहर
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा क्षेत्र के क्रांडीगाम गांव के रहने वाले मुनीब अफजल ने प्रतिष्ठित यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में 581वां ऑल इंडिया रैंक हासिल कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मुनीब की इस उपलब्धि से पूरे बिजबिहाड़ा इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। मुनीब अफजल के घर पर उनके परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है।

पुलवामा के तौसीफ को 254वीं रैंक
जिले के पुचल के रहने वाले तौसीफ अहमद गनी ने यूपीएससी परीक्षा में 254वीं रैंक हासिल की है। उनकी कामयाबी पर जिले में जश्न मनाया जा रहा है। उनके पिता का दावा है कि पुलवामा के वह पहले हैं जिन्होंने परीक्षा में इतने अंक पाए हैं। गनी के पड़ोसी फारूक अहमद ने बातचीत में कहा कि तौसीफ बहुत ही विनम्र और अच्छे इंसान हैं। पड़ोसी व क्लासमेट होने के नाते मुझे यकीन था कि इस बार वह एग्जाम पास कर लेंगे।

रितिका भान ने उत्तीर्ण की परीक्षा
बाटापोरा की रितिका भान ने यूपीएससी परीक्षा पास की है। इससे पहले उन्होंने जेकेएएस परीक्षा पास की थी। उनकी लगन और कड़ी मेहनत ने शोपियां के लोगों को बहुत गर्व महसूस कराया है और वे जिले भर के युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करती हैं। यह प्रवासी कश्मीरी पंडित समुदाय की लड़की हंै जो अभी जम्मू में रह रही हैं। 

जम्मू के होनहारों में छात्राएं आगे
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के सिविल सर्विसेज एग्जाम (सीसीई) में जम्मू-कश्मीर के जिन अभ्यर्थियों ने कामयाबी हासिल की है, उनमें जम्मू के होनहार आगे हैं। इनमें भी छात्राओं ने नाम किया है। सुवन शर्मा ने इस परीक्षा में 148वीं रैंक हासिल कर नाम किया। जम्मू संभाग की ही सुगंधा गुप्ता ने 207वीं रैंक प्राप्त की है। जम्मू की रितिका भान 456 रैंक हासिल कर इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने में कामयाब रहीं, वहीं सुयश शिवम ने भी 572वीं रैंक ली। द्वारका को 721 रैंक मिली तो आकाश ने 747वीं रैंक पाई। अभिषेक 820वीं और पंकज 856वीं रैंक हासिल करने में कामयाब रहे।

यूपीएससी परीक्षा पास करने वाले युवाओं को बधाई : एलजी
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास करने वाले जम्मू-कश्मीर के युवाओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आपकी सफलता से यूटी को गर्व महसूस हो रहा है। यह सफलता प्रदेश के युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। मैं सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल और संतोषजनक कॅरिअर की शुभकामनाएं देता हूं।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले जम्मू-कश्मीर के उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए अपार गौरव का क्षण बताया। मुख्यमंत्री ने सफल उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा, उनकी यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर के युवाओं के दृढ़ संकल्प और क्षमता को दर्शाती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed