सांबा। सीआरपीएफ के जवान अब्दुल गनी (35) को बुधवार को सैनिक सम्मान के साथ विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस के साथ सेना के अधिकारी भी जवानों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिले के चक दियाला गांव के रहने वाले जवान की मंगलवार को पुंछ में अचानक गोली लगने से मौत हो गई थी। मौत की सूचना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। जवान अब्दुल गनी पुत्र हाजी बशीर रहमत निवासी चक दियाला सीआरपीएफ की 38वीं बटालियन में पुंछ में तैनात थे। अचानक गोली चलने से उनकी मौत हो गई।
अब्दुल गनी के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, तीन बहनें और दो भाई हैं। एक भाई जम्मू कश्मीर पुलिस में और दूसरे भाई शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। जवान अपने पीछे तीन छोटे बच्चों, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। बलिदानी की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल था।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। देर रात तक परिजन और ग्रामीण शोक में डूबे रहे। बुधवार सुबह जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो दूर-दराज से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। माहौल अत्यंत भावुक हो गया। ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।