J&K Assembly Budget Session: बजट सत्र में पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, क्या हैं इसके सियासी मायने?
विधानसभा के बजट सत्र के प्रश्नकाल की कार्यवाही देखने पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती सदन पहुंचीं।
विस्तार
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती प्रश्नकाल की कार्यवाही देखने के लिए सदन पहुंचीं। उनके आगमन से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा की खोई हुई गरिमा और ताकत को बहाल करने के लिए सरकार और विपक्ष दोनों को मिलकर काम करना होगा। वर्ष 2018 में उनकी सरकार गिरने के बाद यह उनका पहला विधानसभा दौरा था। इस दौरान वह प्रश्नकाल में कुछ समय तक मौजूद रहीं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा एक महत्वपूर्ण संस्थान है, लेकिन 2019 के बाद किसी न किसी रूप में इसकी अहमियत कम हुई है। उन्होंने कहा कि पीडीपी इस संस्थान को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएगी, लेकिन इसके लिए सत्तारूढ़ दल की भी बड़ी जिम्मेदारी है।
मुफ्ती ने सरकार से अपने चुनावी वादों को पूरा करने की अपील करते हुए रोजगार, आरक्षण और दैनिक वेतनभोगियों के मुद्दों पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि दैनिक वेतनभोगियों की स्थिति बेहद खराब है और इस मुद्दे को मानवीय दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। पश्चिम एशिया के हालात पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान संघर्ष में बलिदान की भावना के साथ लड़ रहा है और उन्हें विश्वास है कि अंततः ईरान ही विजयी होगा।