प्रेम विवाद: प्रेमिका ने आत्मदाह का किया प्रयास, प्रेमी ने फोन न उठाया तो नर्सिंग की छात्रा ने खुद को लगाई आग
जम्मू के डोगरा चौक में प्रेमी से अनबन और फोन का जवाब न मिलने से परेशान नर्सिंग छात्रा ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डोगरा चौक स्थित मंदिर-मस्जिद पॉइंट पर वीरवार शाम को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 25 वर्षीय नर्सिंग की छात्रा ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। युवती का चेहरा छोड़कर गर्दन के नीचे का लगभग 70 फीसदी शरीर बुरी तरह झुलस गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा का युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन दिन से प्रेमी फोन नहीं उठा रहा था जिससे वह सदमे में थी। फिलहाल युवती को गंभीर हालत में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में भर्ती कराया गया है जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
पीड़िता मूल रूप से रेजिडेंसी रोड की रहने वाली है। पुलिस पूछताछ और प्रारंभिक जांच के अनुसार पीड़िता लगातार प्रेमी से संपर्क करने का प्रयास कर रही थी लेकिन युवक उसकी कॉल और मैसेज का जवाब नहीं दे रहा था। रिश्ते में आए तनाव से आहत होकर युवती शाम करीब साढ़े चार बजे प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर डोगरा चौक पहुंची। इसके बाद शिव मंदिर के नीचे अखाड़े में युवक के साथ बैठी। इसी बीच दोनों में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बातचीत के दौरान ही अचानक गुस्से में आकर युवती ने खुद पर पेट्रोल फेंक लिया और माचिस जलाकर आग के हवाले कर दिया।
मौके से भागा युवक, राहगीरों ने बचाई जान
जैसे ही युवती के शरीर से आग की लपटें उठने लगीं, युवक उसे बचाने का प्रयास करने के बजाय भाग गया। चीख-पुकार सुनकर राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। लोगों ने कंबल डालकर किसी तरह आग को बुझाया और तुरंत नवाबाद पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पुलिस ने बिना वक्त गंवाए पीड़िता को एंबुलेंस से जीएमसी पहुंचाया। घटना के बाद से युवती का परिवार भी सदमे में है और फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। परिजन ने पुलिस को बयान नहीं दिया है। वहीं पीड़िता की हालत नाजुक बनी होने के कारण पुलिस देर रात तक बयान दर्ज नहीं कर सकी थी। थाना प्रभारी विकास हंस ने बताया कि पुलिस गहनता से जांच कर रही है और युवती के होश में आने के बाद बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जेयू के पास बेहोशी की हालत में मिले युवक-युवती
जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) के पिछले गेट के पास वीरवार को युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। दोनों की हालत गंभीर थी और मुंह से झाग निकल रही थी। राहगीरों उन्हें तुरंत जीएमसी ले गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। दोनों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच लग रही है और सुरंसिर और मानसर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मेटाडोर में बैठे थे। बाद में जेयू के पिछले गेट पर उतरने के बाद सड़क किनारे पड़े रहे। राहगीरों की नजर उन पर पड़ी। लोगों का कहना है कि दोनों की हालत खराब थी। शुरुआत में लगा कि शायद उन्हें डीहाइड्रेशन हुआ है लेकिन हालत गंभीर होने पर तुरंत निजी वाहन के जरिये जीएमसी पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिवार को जानकारी दी है।
लड़की को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में लाया गया था। वह करीब 70 फीसदी तक झुलस चुकी है। चेहरे और शरीर के ऊपरी हिस्से को छोड़कर बाकी हिस्सा आग की चपेट में आया है। उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की ओर से उसे गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) और सर्जरी यूनिट की विशेष निगरानी में रखा गया है। टीम उसे बचाने की हरसंभव कोशिश कर रही है। -डॉ. सोनी सिंह, सीएमओ, जीएमसी