इकलौते थे कमाने वाले: ससुराल आए सीआरपीएफ जवान की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रैहम्बल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
छुट्टी पर घर आए जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से सनसनी फैल गई। रामनगर के बैंसता-पिंगर निवासी सीआरपीएफ जवान बच्चन सिंह (34) की उनके ससुराल में कथित तौर पर फंदा लगाने से मौत हो गई। हालांकि मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
नगरोटा में तैनात बच्चन सिंह करीब आठ दिन की छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। मंगलवार को वह पत्नी के साथ टिकरी ब्लॉक के मांड स्थित ससुराल गए थे। बैंसता-पिंगर के पूर्व सरपंच कैप्टन मेहर सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे उन्हें घटना की सूचना मिली जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया।
ससुराल के मुताबिक शाम करीब साढ़े छह बजे बच्चन सिंह कमरे में अकेले थे। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आए तो परिजन को शक हुआ। दरवाजा जोर लगाकर खोला गया तो अंदर का मंजर भयावह था। जवान का शव पंखे से लटके पर्दे के फंदे पर था। परिजनने आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिकरी ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पूरे परिवार में इकलौते थे कमाने वाले
मृतक के पिता प्रीतम सिंह का पहले ही देहांत हो चुका है। बच्चन सिंह अपने पीछे पत्नी, वृद्ध मां और भाई को छोड़ गए। उनकी तीन बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी है। घर के बड़े बेटे होने के नाते पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। बताया जा रहा है कि जब यह घटना हुआ उस वक्त पत्नी दूसरे कमरे में पूजा-पाठ कर रही थी।
परिजनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रैहम्बल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। परिजन और क्षेत्रवासियों ने पुलिस से मांग की है कि घटना की तह तक जाकर सच्चाई सामने लाई जाए ताकि स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।