Jammu Kashmir: जम्मू और श्रीनगर में कॉरिडोर व 35 पुल बनेंगे, 21 स्नो कटर खरीदने की मंजूरी
जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने पीडब्ल्यूडी, खनन और श्रम विभाग के बजट प्रस्ताव को पारित किया, जिसके तहत जम्मू और श्रीनगर में कॉरिडोर बनाए जाएंगे, 35 नए पुल और 21 स्नो कटर खरीदे जाएंगे।
विस्तार
विधानसभा सदन ने पीडब्ल्यूडी, खनन और श्रम विभाग के बजट प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उपमुख्यमंत्री ने वीरवार को प्रस्ताव रखे और 33 विधायकों ने कटौती प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लिया। विधायकों को उपमुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद कोई भी प्रस्ताव वोटिंग के लिए नहीं गया और सदन ने विभागीय बजट को मंजूरी दे दी।
इससे पूर्व संबोधन के दौरान उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा, गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं होगा। विधायक और एमपी की प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य पूरे होंगे। पारदर्शिता और गुणवत्ता का ख्याल रखा जाएगा। सरकार 35 नए पुल बनाने जा रही है। बर्फबारी प्रभावित इलाकों में 21 स्नो कटर खरीदे जाएंगे। जम्मू और श्रीनगर में कॉरिडोर बनाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एक हजार नई सड़कें बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। खनन की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। लघु उद्योगों को तीन साल के लिए सैद्धांतिक अनुमोदन प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। सुरिंदर चौधरी ने विभागों के बजट प्रस्ताव सदन में रखे। उन्होंने कटौती प्रस्ताव का जवाब दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, खनन विभाग में 31 मार्च 2027 को समाप्त होने वाले वर्ष के दौरान पूंजीगत व्यय के संबंध में 6,492.81 लाख से अधिक राशि खर्च होगी। उद्योग और खनिज समेत अन्य ऋण के संबंध में 6,615.70 लाख और पीडब्ल्यूडी में 5,29,842.67 लाख से अधिक की राशि सड़क निर्माण, पुल, आवास और पूंजीगत व्यय पर वहन होगी। श्रम एवं रोजगार के भुगतान के लिए 28,526.22 लाख की राशि तय की है। विभागीय बजट के प्रस्ताव को सदन ने पारित कर दिया है।
विधानसभा में एक ही सीट के ज्यादा पास जारी करने पर जांच
विधानसभा में एक ही सीट के लिए अधिक पास जारी होने का मामला सामने आया है। सुरक्षाकर्मियों ने विधानसभा परिसर के बाहर कर्मचारियों के माध्यम से जारी किए गए कार्ड उन व्यक्तियों से बरामद किए हैं, जिनके पास गैलरी के पास भी थे। विधानसभा सचिवालय के एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है और इसे विधानसभा अध्यक्ष के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
सदन में आज: विधानसभा में शुक्रवार को जलशक्ति, वन और पर्यावरण विभाग के बजट प्रस्ताव प्रस्तुत होंगे। चर्चा के बाद इन्हें मतदान के लिए रखा जाएगा। मंत्री जावेद अहमद राणा प्रस्तावों को प्रस्तुत करेंगे। प्रस्ताव पर तय समय में विधायक कटौती प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे और मंत्री जावेद अहमद राणा चर्चा का जवाब देंगे।