Bihar Crime: दो साल का एकतरफा प्रेम, 'ना' सुनते ही बना कातिल; सोनम हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
समस्तीपुर के चर्चित सोनम हत्याकांड में पुलिस ने पांच दिन बाद ₹25 हजार के इनामी मुख्य आरोपी बब्लू साह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शादी से इनकार और एकतरफा प्रेम में उसने छात्रा की गोली मारकर हत्या की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूसा प्रखंड के वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव में इंटरमीडिएट की छात्रा सोनम कुमारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने वारदात के पांचवें दिन ₹25 हजार के इनामी मुख्य आरोपी बब्लू साह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने एकतरफा प्रेम और शादी से इंकार के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, इस कथित स्वीकारोक्ति की पुष्टि अदालत में पेश साक्ष्यों के आधार पर होगी।
20 जुलाई को कैजिया गांव की रहने वाली इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष की छात्रा सोनम कुमारी रोज की तरह स्कूल जा रही थी। गांव के मलंग स्थान के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उसका रास्ता रोका और उस पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से सोनम से एकतरफा प्रेम करता था। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। उसने सोनम के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन छात्रा और उसके परिवार ने रिश्ते से इंकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि इसी के बाद आरोपी ने हत्या की साजिश रची।जांच में सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले आरोपी सोनम के घर पहुंचा था और शादी का दबाव बनाया था। परिवार के मना करने के बाद अगले दिन उसने स्कूल जाते समय रास्ते में रोककर गोली मार दी।
पढे़ं: बिजली चोरी के केस में मृत व्यक्ति बना आरोपी, एफआईआर पर उठे सवाल; विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर
मृतका के पिता उमेश ठाकुर ने वैनी थाना में दर्ज प्राथमिकी में भी यही आरोप लगाया था कि बब्लू साह शादी का दबाव बना रहा था। परिवार द्वारा इंकार किए जाने के बाद उसने उनकी बेटी की हत्या कर दी। इसी आधार पर पुलिस शुरू से एकतरफा प्रेम के एंगल पर जांच कर रही थी।
घटना के बाद कैजिया गांव में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और वैनी थाना परिसर में भी हंगामा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर लोगों ने आरोपी के घर के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया तथा घर में आग लगाने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
हत्या के बाद फरार चल रहे बब्लू साह पर पुलिस मुख्यालय ने ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि इनाम घोषित होने के बाद मिली मानवीय सूचना और उसके तकनीकी सत्यापन के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी गई है और उन्हें जल्द ही इनाम की राशि दी जाएगी।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। हत्या में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही न्यायालय में मजबूत आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के सामने अब हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी, आरोपी के कथित बयान की पुष्टि तथा यह पता लगाना बड़ी चुनौती है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं। मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।