Jharkhand: सिविल कोर्ट के बाद रांची समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस
रांची में सिविल कोर्ट के बाद अब समाहरणालय को भी ईमेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली। मामले को देखते हुए बम निरोधक दस्ता ने तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस की जांच कर रही है।
विस्तार
राजधानी रांची में प्रशासनिक संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों से दहशत का माहौल है। 6 फरवरी को रांची सिविल कोर्ट को धमकी मिलने के बाद अब कचहरी स्थित रांची समाहरणालय (डीसी ऑफिस) को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है। ईमेल में समाहरणालय भवन को “सल्फर नाइट्रेट बम” से उड़ाने की बात कही गई है। धमकी मिलते ही पूरे परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया। बीडीएस टीम ने समाहरणालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। रांची कोतवाली के डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की गंभीरता से जांच की जा रही है। साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी है।
पढ़ें: बेकाबू थार का कहर! 6 लोगों को कुचला, एक की मौत, दो की हालत गंभीर
गौरतलब है कि इससे पहले 6 फरवरी को सिविल कोर्ट को भी इसी तरह ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। वहां दो दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों मामलों के पीछे एक ही व्यक्ति या गिरोह का हाथ तो नहीं है।