SSC Phase 13: एसएससी ने बदली सिलेक्शन पोस्ट फेज-13 परीक्षा की DV प्रक्रिया, अब विभाग करेंगे दस्तावेजों की जांच
SSC Phase 13 Exam: कर्मचारी चयन आयोग ने चयन पोस्ट फेज-13 परीक्षा की दस्तावेज सत्यापन (DV) प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच सीधे संबंधित विभागों द्वारा की जाएगी। यह नई व्यवस्था Phase-13/2025 से लागू होगी और आगे की चयन प्रक्रिया इसी के अनुसार पूरी की जाएगी।
विस्तार
SSC: स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) ने चरण-XIII/2025 चयन पद परीक्षा के तहत दस्तावेजों की जांच (Scrutiny) और दस्तावेज सत्यापन (DV) की प्रक्रिया में अहम बदलाव किया है। अब उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच सीधे संबंधित उपयोगकर्ता विभागों द्वारा की जाएगी और वे ही आयोग को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। यह नई प्रक्रिया 2 जून 2025 को जारी परीक्षा सूचना के तहत लागू की गई है और आगे की सभी भर्तियों पर प्रभावी रहेगी।
दस्तावेज अपलोड और जांच की नई व्यवस्था
कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBE) का परिणाम आने के बाद उम्मीदवार पहले की तरह एसएससी पोर्टल पर अपने दस्तावेज अपलोड करेंगे। इसके बाद एसएससी ये दस्तावेज संबंधित विभागों (User Departments) को भेज देगा। विभाग परीक्षा नोटिफिकेशन में दी गई योग्यता और शर्तों के अनुसार दस्तावेजों की जांच करेंगे और अस्थायी स्वीकृति/अस्वीकृति सूची तैयार करेंगे।
जांच के बाद जारी होगी अंतिम सूची
अस्थायी सूची क्षेत्रीय कार्यालय (RO) की वेबसाइट पर डाली जाएगी। यदि किसी उम्मीदवार को आपत्ति हो तो वह सीधे संबंधित विभाग को अपना अभ्यावेदन दे सकता है। विभाग सभी अभ्यावेदनों की जांच करने के बाद अंतिम स्वीकृति/अस्वीकृति सूची तैयार करेगा और उसे आरओ को भेजेगा, जिसे वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा।
पद के अनुसार आयोजित होगी स्किल टेस्ट
जिन पदों पर कौशल परीक्षा जरूरी है, वहां संबंधित विभाग या एसएससी (जिसके अधिकार क्षेत्र में हो) परीक्षा आयोजित करेगा। इसके बाद जिन उम्मीदवारों के दस्तावेज सही पाए जाएंगे, उन्हें दस्तावेज सत्यापन (DV) के लिए बुलाया जाएगा। DV पूरा होने के बाद विभाग रिपोर्ट आरओ को भेजेगा और आगे चयन सूची जारी की जाएगी।
कमेंट
कमेंट X