Bihar Election Live: कल छपरा-मुजफ्फरपुर में PM मोदी की जनसभा, जेपी नड्डा और शाह भी बिहार में; जानें कार्यक्रम
Bihar Vidhan Sabha Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। मंगलवार को महागठबंधन ने अपना घोषणा पत्र जारी किया, वहीं आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार के दौरे पर हैं। चुनावी माहौल गर्म है और हर पार्टी जनता को साधने में जुटी है।
लाइव अपडेट
कल बीजेपी नेताओं का प्रस्तावित कार्यक्रम
| क्रम | नेता का नाम | विधानसभा क्षेत्र |
|---|---|---|
| 1 | पीएम मोदी | छपरा, मुजफ्फरपुर |
| 2 | जेपी नड्डा | तेघड़ा, हरनौत |
| 3 | गृह मंत्री | लखीसराय, तारापुर, हिलसा, पालीगंज |
| 4 | पुष्कर सिंह धामी | हरिसिद्धि, कल्याणपुर |
| 5 | रेखा गुप्ता | दिनारा, सासाराम, कसबा |
| 6 | बाबूलाल मरांडी | ठाकुरगंज |
| 7 | साध्वी निरंजन ज्योति | सिक्रिटी, बांका, पूर्णिया |
| 8 | मनोज तिवारी | सिक्रिटी, बांका, पूर्णिया |
गोपालगंज जिले के कटेया नगर के खुरहुरिया उच्च विद्यालय के प्रांगण में बुधवार को आयोजित जनसभा में दिल्ली के सांसद और भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी ने एनडीए प्रत्याशी सुनील कुमार के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की। सभा में पहुंचते ही मनोज तिवारी ने सुनील कुमार को माला पहनाकर जीत की शुभकामनाएं दीं और कहा कि जब सुनील कुमार पुलिस पदाधिकारी थे, तब से वे उनके कर्मठ और ईमानदार स्वभाव से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत का डंका पूरे विश्व में बज रहा है।
राजनाथ सिंह ने लालू-तेजस्वी पर बोला हमला
दरभंगा जिले के हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के बहेरी प्रखंड अंतर्गत निमेठी स्थित रामशरण लक्ष्मीनारायण महाविद्यालय के प्रांगण में बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी रामचंद्र प्रसाद के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने आतंकवाद और पाकिस्तान पर कड़ा रुख दिखाते हुए कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सेना ने आतंकियों को गिनती से ज्यादा मारा, लेकिन एक भी पाकिस्तानी निर्दोष की जान नहीं ली। हमारी सरकार जात-पात नहीं, बल्कि इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करती है।
सभा में उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने लालू प्रसाद यादव के शासनकाल को जंगलराज बताया और तेजस्वी यादव के ‘हर घर नौकरी’ वाले वादे पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “दो करोड़ अस्सी लाख लोगों को नौकरी देना संभव नहीं है। जनता से झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने की कोशिश की जा रही है। हमारी सरकार भले हर घर नौकरी न दे पाए, लेकिन हर घर को काम और रोजगार से जोड़ने का प्रयास करेगी।
टिकारी विधानसभा क्षेत्र के हम प्रत्याशी अनिल कुमार पर हमला करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने उनपर गोलीबारी और पत्थरबाजी की, जिसमें प्रत्याशी अनिल कुमार के सिर पर चोट लगी और हाथ टूट गया। इसके साथ ही कई समर्थक भी घायल हो गए। इस घटना में वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि यह हमला दिघौरा गांव में जनसंपर्क अभियान के दौरान हुआ।
Bihar Vidhan Sabha Chunav Live: मिसा भारती तेजस्वी के लिए करेगी चुनाव में प्रचार, तेज प्रताप को दिया आशीर्वाद
वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद मिशा भारती अपने भाई तेजस्वी यादव के समर्थन में रोड शो करने पहुंचीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि तेजस्वी को प्यार और आशीर्वाद दें ताकि वे मुख्यमंत्री बनकर बिहार में विकास करें।
तेज प्रताप यादव को लेकर पूछे गए सवाल पर मिशा ने कहा, “तेज प्रताप मेरे छोटे भाई हैं, उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं देती हूं, लेकिन वे पार्टी से निष्कासित हैं, इसलिए राजनीतिक तौर पर कुछ नहीं कह सकती।” उन्होंने कहा कि तेज प्रताप अब अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और जहां चाहें प्रचार कर सकते हैं। यह बयान उस वक्त आया है जब तेज प्रताप ने तेजस्वी को महुआ में प्रचार करने पर राघोपुर जाकर प्रचार करने की चेतावनी दी थी।
Bihar Vidhan Sabha Chunav Live: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा- बिहार में लालटेन युग खत्म
बांका जिले के कटोरिया विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को बीजेपी प्रत्याशी पूरन लाल टुड्डू के समर्थन में विशाल जनसभा आयोजित हुई। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन शामिल हुए। सभा में उमड़ी भारी भीड़ ने ‘फिर एक बार, मोदी सरकार’ के नारों से माहौल को चुनावी रंग में रंग दिया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, तकनीकी और सांस्कृतिक रूप से नई ऊंचाइयां छुई हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हमारी आस्था की जीत है, जिसे कांग्रेस ने पहले रोका था।
शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि बिहार में अब लालटेन की रोशनी बुझ चुकी है, अब हर ओर कमल खिलेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि एनडीए प्रत्याशी पूरन लाल टुड्डू को भारी मतों से विजयी बनाएं और मोदी-नीतीश सरकार को मजबूत करें।
सभा में जिला अध्यक्ष पप्पू यादव, नेता रणजीत यादव समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरन लाल टुड्डू ने कहा कि वे कटोरिया को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाकर विकास की नई पहचान देंगे।