05:13 PM, 17-Apr-2024
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पीएम मोदी का वीडियो किया शेयर
केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने अयोध्या में आयोजित रामलला के सूर्य तिलक कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देख रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा 'धैर्य, समर्पण और आस्था का प्रतिफल। जय जय श्री राम'!
04:06 PM, 17-Apr-2024
सूर्याभिषेक के बाद रामलला का हुआ अलौकिक शृंगार
काम कोटि छबि स्याम सरीरा। नील कंज बारिद गंभीरा॥ अरुन चरन पंकज नख जोती। कमल दलन्हि बैठे जनु मोती॥ रेख कुलिस धवज अंकुर सोहे। नूपुर धुनि सुनि मुनि मन मोहे।। कटि किंकिनी उदर त्रय रेखा। नाभि गभीर जान जेहि देखा।।
रामलला के सूर्याभिषेक के बाद प्रभु का अलौकिक शृंगार किया गया। जिसे देख हर रामभक्त भाव-विभोर हो गया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से एक्स अकाउंट पर इस चौपाई के साथ रामलला के दिव्य और भव्य शृंगार की तस्वीरें साझा की गई हैं। ट्रस्ट ने चौपाई का भावार्थ बताते हुए लिखा है कि 'उनके नीलकमल और गंभीर जल से भरे हुए मेघ के समान श्याम शरीर में करोड़ों कामदेवों की शोभा है। लाल-लाल चरण कमलों के नखों की शुभ्र ज्योति ऐसी मालूम होती है, जैसे लाल कमल के पत्तों पर मोती स्थिर हो गए हों। चरणतलों में वज्र, ध्वजा और अंकुश के चिह्न शोभित हैं। नूपुर की ध्वनि सुनकर मुनियों का भी मन मोहित हो जाता है। कमर में करधनी और पेट पर तीन रेखाएँ हैं। नाभि की गंभीरता को तो वही जानते हैं, जिन्होंने उसे देखा है'।
03:30 PM, 17-Apr-2024
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें
असुर नाग खग नर मुनि देवा। आइ करहिं रघुनायक सेवा।। जन्म महोत्सव रचहिं सुजाना। करहिं राम कल कीरति गाना।।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने एक्स अकाउंट पर इस चौपाई के साथ रामलला की अलौकिक तस्वीरें साझा की हैं। ट्रस्ट ने चौपाई का भावार्थ बताते हुए लिखा है कि असुर-नाग, पक्षी, मनुष्य, मुनि और देवता सब अयोध्या में आकर रघुनाथ जी की सेवा करते हैं। विद्वान जन प्रभु के जन्म का महोत्सव मनाते हैं और श्री राम की सुंदर कीर्ति का गान करते हैं।
03:04 PM, 17-Apr-2024
कंगना ने राम नवमी के शुभ अवसर पर दी शुभकामनाएं
राम नवमी के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए हिमाचल के मंडी से भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार नामित होने के बाद चुनावी राजनीति में कदम रखने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इस साल 22 जनवरी को मंदिर के भव्य उद्घाटन के दिन राम मंदिर की अपनी यात्रा का एक वीडियो क्लिप साझा किया।
02:14 PM, 17-Apr-2024
पूरा देश आनंद के सागर में डूबा है: शिवराज सिंह
विदिशा से भाजपा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि "आज का दिन विषेश इसलिए है कि 500 साल की प्रतीक्षा के बाद रामलला अयोध्या में जन्म स्थान पर दिव्य और भव्य मंदिर में विराजे हैं। पूरा देश आनंद के सागर में डूबा है। भगवान से प्रार्थना है कि सब पर कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें।"
02:03 PM, 17-Apr-2024
'रामनवमी के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रामनवमी के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह पावन पर्व हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देता है। निस्वार्थ प्रेम, पराक्रम और उदारता के उच्चतम आदर्श स्थापित करने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का संपूर्ण जीवन मानव जाति के लिए प्रेरणास्रोत है। आज के शुभ दिन हम ऐसे राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लें जहां सबका जीवन गरिमापूर्ण हो और सर्वत्र समृद्धि का संचार हो।
01:37 PM, 17-Apr-2024
'श्रीराम जन्मभूमि का ये बहुप्रतीक्षित क्षण हर किसी के लिए परमानंद का क्षण है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि "नलबाड़ी की सभा के बाद मुझे अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक के अद्भुत और अप्रतिम क्षण को देखने का सौभाग्य मिला। श्रीराम जन्मभूमि का ये बहुप्रतीक्षित क्षण हर किसी के लिए परमानंद का क्षण है। ये सूर्य तिलक, विकसित भारत के हर संकल्प को अपनी दिव्य ऊर्जा से इसी तरह प्रकाशित करेगा।
01:02 PM, 17-Apr-2024
आज हम देशभर में रामनवमी मना रहे हैं: नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री और नागपुर से भाजपा उम्मीदवार नितिन गडकरी ने कहा कि "यह पूरे देश के लिए बेहद खुशी की बात है कि भगवान राम की जन्मभूमि पर राम मंदिर का निर्माण हो गया है। आज हम देशभर में रामनवमी मना रहे हैं। भगवान राम हमारे इतिहास और संस्कृति के प्रतीक हैं। आज भगवान राम के आशीर्वाद से हमने राम राज्य की स्थापना का संकल्प लिया है।
12:53 PM, 17-Apr-2024
बिजली, बैटरी और लोहे का नहीं हुआ इस्तेमाल
राम नवमी की तारीख चंद्र कैलेंडर से निर्धारित होती है इसलिए यह सुनिश्चित करने के लिए कि शुभ अभिषेक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हो, 19 गियर की विशेष व्यवस्था की गई है। डॉ. चौहान का कहना है कि, गियर-बेस्ड सूर्य तिलक मैकेनिज्म में बिजली, बैटरी या लोहे का उपयोग नहीं किया गया है।
12:38 PM, 17-Apr-2024
ऐसे हुआ सूर्य तिलक
प्रोजेक्ट सूर्य तिलक में एक गियर बॉक्स, रिफ्लेक्टिव मिरर और लेंस की व्यवस्था इस तरह की गई है कि मंदिर के शिखर के पास तीसरी मंजिल से सूर्य की किरणों को गर्भगृह तक लाया गया। इसमें सूर्य के पथ बदलने के सिद्धांतों का उपयोग किया गया। सीबीआरआई के वैज्ञानिक डॉ. प्रदीप चौहान ने बताया कि, शत प्रतिशत सूर्य तिलक रामलला की मूर्ति के माथे पर अभिषेक हुआ।