Anuppur Building Collapse: लॉज हादसे में मृतकों का आंकड़ा तीन पर पहुंचा, गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा
अनूपपुर के कोतमा में तीन मंजिला इमारत गिरने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। तीन घायल हो गए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम ने 21 घंटे से लगातार रेस्क्यू किया। घायलों में से एक की हालत गंभीर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आर्थिक मदद की घोषणा की है।
विस्तार
अनूपपुर के कोतमा में लॉज की तीन मंजिला इमारत गिरने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन पहुंच गई। वहीं तीन घायल हैं, जिनमें से दो घायलों को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। लगातार 21 घंटे से पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर रेस्क्यू कर रही है। इसके साथ ही एनडीआरएफ की दो टीमें, एसडीआरएफ व एसईसीएल और निजी कंपनी की रेस्क्यू टीम मौके पर मलबा हटाते हुए अभियान को आगे बढ़ा रही है।
दो के शव शनिवार की रात ही निकाल लिए गए थे, जबकि रविवार की सुबह 11:30 बजे मलबे में दबा तीसरा शव निकाला गया। इसके साथ ही लगातार रेस्क्यू कार्य जारी है।
रात भर मौजूद रहे मंत्री और प्रभारी मंत्री
मौके पर कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल घटना की सूचना मिलने के बाद से ही उपस्थित रहे और रात भर वहां मौजूद रहे। वर्तमान में भी वे मौके पर उपस्थित हैं। इसके साथ ही रात लगभग 3:00 बजे प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार भी मौके पर पहुंचे। दोनों ही मंत्री रेस्क्यू कार्य पर नजर बनाए हुए हैं।
बनारस और भिलाई से आई एनडीआरएफ की 2 टीमें
रेस्क्यू कार्य में देरी होने और घायलों को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार की रात्रि 3:00 बजे तथा रविवार की सुबह 7:00 बजे एनडीआरएफ की दो टीमें मौके पर पहुंची। बनारस से 41 सदस्यों की टीम यहां रेस्क्यू के लिए आई हुई हैं। वहीं, भिलाई से 36 सदस्य टीम मौके पर पहुंची। टीम के साथ डॉग स्क्वॉड भी मौजूद है, जो मलबे में दबे लोगों की जानकारी जुटा रहा हैं।
अब तक तीन घायल और तीन की मौत
घटना में अब तक तीन घायलों को बाहर निकाला गया है, जिनमें रामकिशोर (50 वर्ष), जयप्रकाश (50 वर्ष) एवं तुलसी भैंना (40 वर्ष) शामिल हैं। उन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया, जिसमें से एक की हालत गंभीर होने पर उन्हें शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इसके साथ ही तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें हनुमान दिन यादव (55 वर्ष), रामकृपाल यादव (50 वर्ष) एवं राधाबाई कोल (42 वर्ष) शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- Anuppur Building Collapse: तीन मंजिला इमारत गिरने से खौफ, मलबा हटाने का कार्य जारी; देखें हादसे की तस्वीरें
मृतकों के परिजनों और घायलों को सहायता राशि दी जाएगी
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने बताया कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को नौ लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों को ढाई लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रेस्क्यू कार्य पूरा होते ही घटना की उच्च स्तरीय जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी रेस्क्यू में रात भर दिया साथ
घटना के पश्चात पुलिस और प्रशासन की टीम तो मौके पर लगी ही रही, इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने भी पूरी रात उपस्थित रहकर संवेदनशीलता दिखाई। जनप्रतिनिधियों के साथ ही सामान्य जनता भी मौके पर उपस्थित रही और हर तरह से कार्य में सहयोग प्रदान किया।

कमेंट
कमेंट X