{"_id":"6ade03ae1cba3e723b0145a4","slug":"lured-by-the-offer-of-downloading-a-film-for-one-rupee-a-person-lost-89000-rupees-from-their-account-bhopal-news-c-1-1-noi1404-4870968-2026-10-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"साइबर ठगी का नया जाल: एक रुपये में फिल्म डाउनलोड का लालच देकर खाते से उड़ाए 89 हजार, दो लोग बने शिकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
साइबर ठगी का नया जाल: एक रुपये में फिल्म डाउनलोड का लालच देकर खाते से उड़ाए 89 हजार, दो लोग बने शिकार
Sun, 25 Oct 2026 10:35 PM IST
भोपाल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: भोपाल ब्यूरो
Updated Sun, 25 Oct 2026 10:35 PM IST
सार
भोपाल में एक रुपये में फिल्म डाउनलोड करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने दो लोगों से कुल 89 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने इंटरनेट मीडिया पर फर्जी विज्ञापन और वेबसाइट के जरिए बैंकिंग जानकारी हासिल की। साइबर पुलिस ने संदिग्ध लिंक, अनजान एप और गोपनीय जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी है।
विज्ञापन
cyber crime
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नई फिल्म या वेब सीरीज डाउनलोड करने के लिए महज एक रुपये खर्च करने का लालच लोगों को हजारों रुपये की चपत लगा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर सस्ते मनोरंजन के आकर्षक विज्ञापन दिखाकर साइबर ठग लोगों को फर्जी वेबसाइट तक पहुंचाते हैं। यहां एक रुपये के भुगतान के नाम पर बैंकिंग जानकारी हासिल कर खातों से रकम उड़ा दी जाती है। भोपाल में ऐसे दो मामले सामने आए हैं, जिनमें ठगों ने दो लोगों से कुल 89 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। साइबर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने ठगों से सावधान रहने की एडवाइजरी जारी की है।
विज्ञापन
एक रुपये के चक्कर में गंवाए हजारों
साइबर ठगों के जाल में फंसकर एयरपोर्ट रोड स्थित गुलमोहर गार्डन निवासी शहजाद के खाते से 50 हजार रुपये निकल गए। वहीं, पिपलानी निवासी संतोष सेन के साथ भी एक रुपये में फिल्म डाउनलोड करने का झांसा देकर 39 हजार रुपये की ठगी की गई। दोनों मामलों में ठगी का तरीका लगभग एक जैसा बताया गया है। कम कीमत में नई फिल्म देखने की चाह में पीड़ित संदिग्ध लिंक पर पहुंचे और ठगों के जाल में फंस गए।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- भोपाल क्राइम: बायपास पर घेराबंदी कर पकड़े एमडी ड्रग्स के दो तस्कर, डेढ़ लाख का माल जब्त
विज्ञापन
ऐसे काम करता है ठगी का नेटवर्क
जालसाज इंटरनेट मीडिया पर नई फिल्मों और वेब सीरीज को एक रुपये में डाउनलोड करने के विज्ञापन प्रसारित करते हैं। विज्ञापन पर क्लिक करते ही उपयोगकर्ता को फर्जी वेबसाइट पर पहुंचा दिया जाता है। वहां फिल्म डाउनलोड करने या सेवा शुरू करने के नाम पर मामूली भुगतान करने को कहा जाता है। इस प्रक्रिया में लोगों को यूपीआई पिन दर्ज करने या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया जाता है। कुछ मामलों में संदिग्ध एप या एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल तक पहुंच बनाने की कोशिश भी की जाती है। जानकारी हाथ लगते ही ठग बैंक खाते से रकम निकाल सकते हैं।
इन सावधानियों से बच सकती है रकम
साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान विज्ञापनों और संदिग्ध लिंक के जरिए फिल्म डाउनलोड करने से बचना जरूरी है। फिल्मों और वेब सीरीज के लिए आधिकारिक ओटीटी प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट पर ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। यूपीआई पिन केवल भुगतान अधिकृत करने के लिए दर्ज किया जाता है, पैसे प्राप्त करने के लिए इसकी जरूरत नहीं होती। इसी तरह, अनजान स्रोत से एपीके फाइल डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच शैलेंद्र सिंह चैहान ने इंटरनेट मीडिया पर कम कीमत में फिल्म डाउनलोड करने के विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या यूपीआई पिन साझा न करें।
