Burhanpur: अन्नदूत योजना के वाहन में गड़बड़ी का आरोप, गेहूं के कट्टों के बीच रखे पत्थर, ग्रामीणों का हंगामा
बुरहानपुर के खातला में राशन दुकान के लिए गेहूं लेकर जा रहे वाहन में वजन बढ़ाने के लिए कट्टों के बीच पत्थर रखने का आरोप लगा। दोबारा तौल में करीब 2 क्विंटल वजन कम मिला। ग्रामीणों के हंगामे के बाद अधिकारियों ने वाहन का पंचनामा बनाकर उसे पुलिस अभिरक्षा में रखवाया और जांच शुरू की।
विस्तार
बुरहानपुर जिले के धुलकोट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खातला में मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के तहत राशन दुकान पर गेहूं पहुंचाने वाले एक अनलोडिंग आयशर वाहन को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गेहूं का वजन बढ़ाने के लिए कट्टों के बीच पत्थर रखे गए थे। मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने राशन दुकान पर पहुंचकर हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि खातला की राशन दुकान के लिए गेहूं लेकर जा रहे वाहन का जलांद्रा स्थित तौल कांटे पर वजन किया गया, जहां वाहन में 177 क्विंटल वजन पाया गया। आरोप है कि इसके बाद परिवहनकर्ता द्वारा रास्ते में गेहूं के कट्टों के बीच रखे गए पत्थरों को फेंक दिया गया। इस घटना को कथित तौर पर राहगीरों ने देख लिया और इसकी जानकारी खातला राशन दुकान संचालक को दी। शिकायत मिलने के बाद वाहन को दोबारा तौल कांटे पर ले जाकर वजन कराया गया, जहां 175 क्विंटल वजन पाया गया। दोनों वजन में करीब 2 क्विंटल का अंतर सामने आने के बाद मामला ग्रामीणों तक पहुंचा और उन्होंने राशन दुकान पर पहुंचकर मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के तहत गेहूं पहुंचाने वाले वाहन के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
ये भी पढ़ें- दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे सीएम मोहन, अतिवृष्टि राहत की समीक्षा; बोले- बीमारी फैलने न दें
घटना की सूचना मिलने पर जिला खाद्य अधिकारी भूपेंद्र चोपड़ा, धुलकोट तहसीलदार दिनेश भेवंदिया, नायब तहसीलदार फिरोज खान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जांच करते हुए वाहन का पंचनामा बनाया और वाहन को निंबोला थाने में पुलिस अभिरक्षा में रखवाया गया है। जिला खाद्य अधिकारी भूपेंद्र चोपड़ा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट जिला कलेक्टर को भेजी जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

गेहूं के कट्टों का फिर से वजन कराया गया।

ग्रामीणों ने किया हंगामा

इस वाहन से गड़वड़ी की जा रही थी।
