Burhanpur News: अजमेर दरगाह पर विवादित पोस्ट करने वाला भाजपा नेता गिरफ्तार, सांप्रदायिक भावना भड़काने का आरोप
अजमेर दरगाह को लेकर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने वाले भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पोस्ट वायरल होने के बाद मुस्लिम समाज ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
-
- 1
-
Link Copied
विस्तार
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर नगर के भाजपा नेता और पार्षद पुत्र सुमित वारूड़े को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बारूड़े ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक विवादित पोस्ट की थी। जिसके बाद नगर में हंगामा हुआ और शहर में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। देश और दुनिया भर में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अजमेर शरीफ की दरगाह को लेकर डाली गई इस विवादित पोस्ट के बाद स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोग सोमवार रात शिकारपुरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता सुमित वारूड़े के खिलाफ सांप्रदायिक भावना भड़काने का केस दर्ज किया। मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बता दें कि यह मामला सामने आने के बाद साम्प्रदायिक सद्भाव से जुड़े इस मामले की गंभीरता को देखते हुए रात से ही बुरहानपुर नगर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इस दौरान शहर के सभी थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और रात के समय मुख्य बाजार सहित चौराहों पर पुलिस बल ने गश्त की। बाजारों को जल्दी बंद करवा दिया गया।
इस मामले में बुरहानपुर एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार ने बताया कि शिकारपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात को एक आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस पोस्ट से एक वर्ग विशेष की भावनाएं आहत हुईं। दर्ज रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 223 और 299 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी सुमित वारूड़े को गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत किया।
एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर की जाने वाली पोस्ट्स को लेकर साइबर सेल के माध्यम से लगातार सलाह दी जाती है। सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें। ऐसी पोस्ट जो किसी की भावनाओं को आहत करती हो या सांप्रदायिक भावना भड़काने का काम करती हो, उनका उपयोग न करें। साइबर सेल की निगरानी में ऐसी आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X