Dewas News: ग्राम सिरोलिया में दो बाइक सवारों की हुई टक्कर, दो की मौत, एक घायल
देवास के ग्राम सिरोलिया में दो बाइकों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल है। मृतकों में इरशाद और दीपक शामिल हैं, जबकि भूरा का इलाज जारी है। हादसे के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
विस्तार
देवास जिले के ग्राम सिरोलिया में शनिवार को दो बाइकों की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में नागदा निवासी इरशाद और भूरा सिरोलिया काम पर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक की टक्कर दीपक की बाइक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इरशाद और दीपक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि भूरा का इलाज जारी है।
दीपक के बारे में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह कहां से आ रहा था, लेकिन यह पता चला है कि वह कन्नौद का निवासी था। हादसे की सूचना मिलते ही इरशाद और दीपक के परिजन अस्पताल पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिरोलिया के पास दोनों बाइकों में जबरदस्त टक्कर हुई थी, जिसके बाद तीनों सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है। पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से सुरक्षित और सतर्क होकर वाहन चलाने की अपील की है।

एक्सीडेंट के बाद क्षतिग्रस्त बाइक

कमेंट
कमेंट X