Indore: इंदौर में एक अप्रैल से दूध के दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ेंगे, घर पहुंचा सेवा शुल्क भी लगेगा
इंदौर में एक अप्रैल से आम जनता की जेब पर दूध की महंगाई का बोझ बढ़ने वाला है। पशु आहार में वृद्धि के कारण दूध विक्रेता संघ ने कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। अब शहर में दूध 60 के बजाय 63 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
विस्तार
एक अप्रैल को इंदौर में लोगों को दूध तीन रुपये महंगा मिलेगा। अब तक शहर में दूध 60 रुपये प्रति लीटर था, लेकिन अब 63 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा। इसमें एक रुपये घर पहुंच सेवा शुल्क भी शामिल है। उधर सांची ने दूध के दाम नहीं बढ़ाए है। सांची का दूध पुरानी कीमत पर ही मिलेगा। दाम बढ़ाने का फैसला दूध विक्रेता संघ की कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। संघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला ने बताया कि पशु आहार की बढ़ती कीमतों तथा दुग्ध पशुओं की लागत में वृद्धि के कारण दूध के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही शहर में दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए फैट के आधार पर दूध क्रय-विक्रय की व्यवस्था को जारी रखने पर सहमति बनी।
अब तक दूध विक्रेता संघ द्वारा उत्पादकों से 8.60 पैसे प्रति फैट के हिसाब से दूध खरीदा जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 8.95 पैसे प्रति फैट कर दिया गया है। इसके साथ ही बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखते हुए घर पहुंच सेवा में 1 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है।
संघ के अनुसार अभी तक बंदी भाव 60 रुपये प्रति लीटर था, जो अब बढ़ाकर 63 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जिसमें घर पहुंच सेवा शुल्क भी शामिल है। वहीं दुकानों और डेयरियों पर दूध 65 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें लेबर और पैकिंग मटेरियल का खर्च शामिल रहेगा।
मथुरावाला ने बताया कि दरें 5.5 से 6 फैट प्रति लीटर के आधार पर तय की गई हैं। यदि भविष्य में परिस्थितियां दूध उत्पादन के प्रतिकूल रहती हैं या पशु आहार के दाम और बढ़ते हैं, तो कीमतों में इजाफा किया जा सकता है।

कमेंट
कमेंट X