इंदौर में आज विकास की नई लहर देखने को मिल रही है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहर के दौरे पर पहुंचे हैं। उनके इस दौरे का मुख्य उद्देश्य शहर को बुनियादी सुविधाओं और तकनीकी विकास से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात देना है। मुख्यमंत्री का आगमन सुबह 11 बजे इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर हुआ, जहां से उनके दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
Indore News: सीएम मोहन यादव ने खोला इंदौर में पिटारा, किया एयरपोर्ट का उद्घाटन, जानें और क्या रहा खास
Indore News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर को करोड़ों की सौगातें दे रहे हैं। इसमें एयरपोर्ट के नए टर्मिनल-1 का लोकार्पण, नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का शुभारंभ और सिंहासा आईटी पार्क में नए स्टार्टअप सेंटर का उद्घाटन शामिल है।
एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल का भव्य लोकार्पण
शहर में कदम रखते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले विमानतल की सुविधाओं में विस्तार करते हुए नए टर्मिनल-1 का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर इस नवनिर्मित भवन को जनता के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर उनके साथ इंदौर के सांसद शंकर लालवानी, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट और शहर के प्रथम नागरिक महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नया टर्मिनल भविष्य में इंदौर की हवाई कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। इसके बाद वे ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विमानन क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया है। भारत में हवाई सेवाओं का विस्तार अकल्पनीय, अब हर तबके के लिए हवाई यात्रा संभव हुई।
नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का शुभारंभ
विमानतल के कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री का काफिला शहर के प्रसिद्ध दशहरा मैदान की ओर रवाना हुआ। दशहरा मैदान से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महावीर जयंती के अवसर पर आयोजित महावीर अलंकरण समारोह में भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि महावीर जयंती केवल एक दिन नहीं बल्कि हर दिन मानना चाहिए। जैन सिद्धांत दुनिया में अत्यंत अलौकिक सिद्धांत है। पौधों में प्राण है, यह सिद्ध करना जीवन का बड़ा दर्शन है। क्योंकि पौधे से भी हमें जीवनदायिनी वायु मिलती है। ज्ञानेन्द्रियां और कर्मेन्द्रियां जीवन के अनमोल तत्वों से वास्तविक परिचय का आधार है। इस मौलिक सिद्धांत का अनुसरण हर इंसान को प्रेम करना सिखाता है।
दशहरा मैदान में मिली नर्मदा जल की सौगात
इंदौर की बढ़ती जनसंख्या और पानी की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री के द्वारा यहां नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का शुभारंभ किया गया। यहां मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसी सिलावट समेत भाजपा के प्रमुख नेता मौजूद रहे। सीएम ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पास बैठकर यहां शहर के मुद्दों पर लंबी चर्चा भी की। इसके बाद सीएम ने जनता को संबोधित किया। यह परियोजना इंदौरवासियों की प्यास बुझाने और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। इस योजना से शहर के कई नए क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
पेंट हाउस केस में जान गंवाने वाली इंजीनियर के परिजन पहुंचे मिलने, पुलिस ने लौटाया
इंदौर के निपानिया स्थित एक टाउनशिप में रहने वाली इंजीनियर महिला शंपा पाठक को पिता-पुत्र ने कार से कुचल दिया था। इस हादसे में शंपा की मौत हो गई। इस मामले में उनके परिजन हाथ में तख्तियां लेकर मुख्यमंत्री से मिलने संगीत कला अकादमी पहुंचे, लेकिन टीआई तारेश सोनी ने उन्हें वहां से हटा दिया।
सत्तन हुए नाराज, वापस लौटे
भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन को नर्मदा को कार्यक्रम में मंच पर बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिली और वे नाराज होकर कार्यक्रम छोड़कर निकल गए। एमआईसी सदस्य बबलू शर्मा ने कहा कि सत्तन की कुर्सी आगे ही थी, लेकिन उस पर नाम की पर्ची नहीं लगी थी। बैठने को लेकर हुई बातचीत के दौरान वे नाराज होकर यहां वहां से चले गए।
आईटी पार्क में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा दिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में सिहांसा आईटी पार्क में लांचपेड एन एनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर का लोकार्पण किया। इसके पश्चात उन्होंने स्टार्टअप करने वाले युवाओ के साथ संवाद किया। साथ इस सेंटर की उपयोगिता जानी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश ने कहा तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे। यह केंद्र शहर के युवाओं और नए उद्यमियों को अपने स्टार्टअप शुरू करने के लिए आधुनिक प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में आयोजित दो दिवसीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप-2026 के विजेयताओं को सम्मानित किया। उन्होंने बॉडी बिल्डिंग में सहभागिता करने वाले खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बॉडी बिल्डिंग शरीर की साधना का अद्भुत खेल है। यह साधना संगमरमर की मूर्तियों पर नसें उकेरने जैसा कठिन कार्य है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई ऊंचाइयां मिल रही हैं और नई शिक्षा नीति में भी खेलों को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंडियन बॉडी बिल्डर फेडरेशन को 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय खिलाड़ी और पद्मश्री से सम्मानित प्रेमचंद डिगरा का सम्मान भी किया। इंदौर में आज 17वीं सीनियर मेन्स-विमेंस नेशनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में किया गया। प्रतियोगिता इंडियन बॉडी बिल्डर फेडरेशन, मुंबई के तत्वावधान में राज्य शरीर सौष्ठव संस्था द्वारा आयोजित की गई, जिसमें देशभर से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व मंत्री वर्मा के निवास पहुंचे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अपने इंदौर प्रवास के दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने वर्मा की धर्मपत्नी स्व. सुभद्रा वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और उन्हें श्रीचरणों में स्थान देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
“राठौर रॉयल पैलेस मैरिज गार्डन” का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर के अरिहंत नगर में राठौर रॉयल सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा निर्मित “राठौर रॉयल पैलेस मैरिज गार्डन” का फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने इस नवनिर्मित परिसर के लिए समाज के पदाधिकारियों एवं नागरिकों को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राठौर रॉयल सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किए जा रहे मानव सेवा, जनकल्याण और सामाजिक उत्थान के कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर जैसे महानगर में समाज के लिए सुव्यवस्थित विवाह परिसर की आवश्यकता को समझते हुए इस परिसर का निर्माण एक महत्वपूर्ण पहल है।

कमेंट
कमेंट X