इंदौर: अब इंदौर में पढ़रीनाथ मार्ग पर सड़क धंसी, दस फीट गहरा गड्ढा हुआ
इंदौर में सीवरेज लाइनों में रिसाव और निर्माण में लापरवाही के कारण जगह-जगह सड़कें धंसने का सिलसिला जारी है। अनंत चतुर्दशी की झांकी मार्ग के निरीक्षण के दौरान पंढरीनाथ मार्ग पर अचानक 10 फीट गहरा गड्ढा होने से हड़कंप मच गया।
विस्तार
इंदौर में सड़क धंसने और गहरे गड्ढे होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिनों पहले रावजी बाजार क्षेत्र में सड़क में पंद्रह फीट गहरा गड्ढा हुआ था और अब पंढरीनाथ मार्ग पर सड़क धंस गई और दस फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया।
सड़क पर हुए गड्ढे के कारण कोई हादसा न हो, इसके लिए नगर निगम के अफसरों ने मौके पर पहुंचकर गड्ढे को मलबे से भर दिया। यह सड़क पांच साल पहले बनी थी। अफसरों का कहना है कि जिस जगह गड्ढा हुआ है, उसके नीचे सीवरेज लाइन है। लाइन में रिसाव होने के कारण गड्ढा हुआ है। लाइन को अब ठीक किया जा रहा है।
झांकी मार्ग का दौरा कर रहे थे अफसर
इंदौर में अनंत चतुर्दशी पर झांकियां निकलती हैं। जब पंढरीनाथ मार्ग पर गड्ढा होने की खबर आई, तब अफसर झांकी मार्ग का दौरा कर रहे थे। कुछ अफसर दौरा छोड़कर मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने बताया कि रविवार रात को सड़क पर छोटा सा गड्ढा हुआ था। सुबह आए तो गड्ढे की गहराई दस फीट से ज्यादा हो गई और सड़क के नीचे की मिट्टी खिसक गई थी और सड़क के आसपास का हिस्सा धंसने लगा। अफसरों ने बैरिकेड लगाकर गड्ढे को सुरक्षित किया है।
ब्रिज सहित तीन मार्गों पर हो चुके हैं गड्ढे
इंदौर में तीन माह पहले शास्त्री ब्रिज पर फुटपाथ के समीप गड्ढा हो गया था। पिछले माह रावजी बाजार में सड़क धंस गई थी। उससे पहले विजय नगर मार्ग पर भी गड्ढा हो गया था। बार-बार सड़क धंसने से सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल सड़क बनने से पहले सीवरेज व नर्मदा लाइन का काम होता है, जिसमें लापरवाही बरतने के कारण गड्ढे हो रहे हैं।
