कोच्चि पहुंची MP की पुलिस: वायरल कुंभ गर्ल की शादी को लेकर करेगी पूछताछ, बालिग और नाबालिग का है मामला; जानें
प्रयागराज कुंभ से वायरल हुई एमपी की लड़की ने केरलम के कोच्चि में मुस्लिम युवक से शादी कर ली। शादी करने के बाद बवाल मच गया। लड़की के परिजनों का आरोप है कि उनकी लड़की अभी नाबालिग है, जिसके बाद उक्त लड़के पर मामला दर्ज करवाया। अब इसी मामले की तफ्तीश में एमपी पुलिस कोच्चि गई है। आइये जानते हैं मामला।
विस्तार
मध्य प्रदेश पुलिस की एक टीम गुरुवार को केरलम के कोच्चि पहुंची, जहां उसने कुंभ वायरल गर्ल की शादी की जांच शुरू की, जो प्रयागराज कुंभ मेला के दौरान चर्चा में आई थी। वायरल गर्ल ने बाद में अपने मुस्लिम मित्र से केरल के एक मंदिर में विवाह कर लिया था। वायरल गर्ल और उसका पति निवासी पलरा (यूपी) फिलहाल कोच्चि में रह रहे हैं।
वायरल गर्ल के माता-पिता का दावा है कि उसकी उम्र केवल 16 वर्ष है और इस संबंध में मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने में फरमान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। केरल हाई कोर्ट ने 8 अप्रैल को फरमान को 20 मई तक गिरफ्तारी से अस्थायी राहत दी है। मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने से एक महिला अधिकारी सहित पांच सदस्यीय पुलिस टीम सुबह त्रिक्काकरा पुलिस स्टेशन पहुंची और थाना प्रभारी से मुलाकात की। त्रिक्काकरा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस ने उनके क्षेत्र में रहने वाले फरमान के एक मित्र के बारे में जानकारी मांगी थी, लेकिन वह व्यक्ति नहीं मिल सका।
पढ़ें: भोपाल में सनसनी: चलती स्कूटी से महिलाओं को गिराया, फिर पर्स लूटा और हो गए फरार; पुलिस जांच में जुटी
हम जांच के सिलसिले में यहां आए हैं: एमपी पुलिस के अफसर
अधिकारियों के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस को जानकारी है कि वायरल गर्ल और फरमान कलामसेरी में रह रहे हैं। जांच में शामिल मध्य प्रदेश के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दस्तावेजों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिनमें वायरल गर्ल की उम्र 16 वर्ष बताई गई है। उन्होंने यह भी कहा कि तिरुवनंतपुरम में विवाह पंजीकरण के लिए जमा किए गए आधार कार्ड का सत्यापन किया जाना जरूरी है। इस बीच एक अधिकारी ने कहा कि हम जांच के सिलसिले में यहां आए हैं। शादी का वीडियो तिरुवनंतपुरम का है, लेकिन वायरल गर्ल फिलहाल यहां रह रही है। इस बीच, वायरल गर्ल ने राज्य पुलिस प्रमुख और कोच्चि सिटी पुलिस आयुक्त से सुरक्षा की मांग करते हुए एक याचिका दायर की है।
याचिका में खुद को 18 वर्ष का बताया
अपनी याचिका में उसने खुद को 18 वर्ष का बताया है और आशंका जताई है कि उसे जबरन मध्य प्रदेश ले जाने की कोशिश हो सकती है। उसने अपने और फरमान के लिए ऐसी किसी भी कार्रवाई को रोकने के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है। सीपीआई (एम) के राज्य सचिव एम वी गोविंदन, मंत्री वी शिवनकुट्टी और राज्यसभा सांसद ए ए रहीम सहित कई नेताओं ने पिछले महीने तिरुवनंतपुरम में हुए इस विवाह में भाग लिया था। वहीं, वामपंथी नेताओं, जिनमें सीपीआई के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम शामिल हैं, ने इस मामले के पीछे राजनीतिक साजिश होने का आरोप लगाया है।

कमेंट
कमेंट X