मुरैना: बिजली का तार डालने को लेकर खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र पर लाठियों से हमला; चार पर केस दर्ज
मुरैना के परम सिंह का पुरा गांव में बिजली का तार डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने पिता-पुत्र पर लाठियों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विस्तार
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बिजली का तार डालने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के परम सिंह का पुरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में आरोप है कि कुछ लोगों ने पिता-पुत्र पर लाठियों से हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, परम सिंह का पुरा गांव निवासी उदय सिंह जाटव का बेटा रंजीत जाटव और भूरा जाटव अपने घर में बिजली जलाने के लिए दूसरी जगह से तार डालकर ला रहे थे। इसी दौरान गांव के हरिसिंह जाटव, उसके बेटे अतेंद्र और प्रमोद तथा भांजे नीकेश जाटव ने बिजली का तार डालने का विरोध किया। बताया जा रहा है कि बिजली के तार को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ने लगा। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पढे़ं: एक बहन ने बेटे के साथ तो दूसरी ने तीन बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग, छह मौतों से कांप उठा इलाका; कोहराम
पीड़ित उदय सिंह जाटव की शिकायत के मुताबिक, विरोध करने वाले लोगों ने उनके साथ लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। पिता को पिटता देख उनका बेटा रंजीत जाटव बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने रंजीत को भी नहीं छोड़ा और उसके साथ भी मारपीट की। बताया गया कि आरोपियों ने पिता-पुत्र को सड़क पर पटककर लाठियों से पीटा। अचानक हुए इस हमले में दोनों घायल हो गए। घटना के बाद गांव में विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मारपीट की घटना के बाद उदय सिंह जाटव ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हरिसिंह जाटव, उसके बेटे अतेंद्र और प्रमोद तथा भांजे नीकेश जाटव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद बिजली का तार डालने को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
