तुलसी सिलावट सिंधिया को बोल गए मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने कसा तंज
मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट की जुबान क्या फिसली कांग्रेस को तंज कसने का एक और मौका मिल गया। दरअसल, एक वीडियो में सिलावट ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बता दिया। इसके बाद कांग्रेस ने कहा कि शिवराज बीमार क्या हुए सिलावट ने सिंधिया को मुख्यमंत्री बना दिया।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो सांवेर में नर्मदा के भूमिपूजन का है। इसमें सिवालट कह रहे हैं, 'इसमें आपका बेटा (सिलावट) और सीएम ज्योतिरादित्य सिंधिया भी आएंगे।' हालांकि, इस वीडियो पर सिलावट ने खुद कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन उनके करीबियों का कहना है कि इसे गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।
मप्र कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से लिखा गया, 'शिवराज बीमार क्या हुए, सिलावट ने सिंधिया को मुख्यमंत्री बना दिया! शिवराज और मोदी को समाज के लिए कलंक बताने के बात तुलसी सिलावट ने 15 दिन के भीतर ही सिंधिया को मुख्यमंत्री भी बना दिया है। सिलावट जी, शिवराज जी अस्पताल क्या गए, आप तो तख्ता पलटने लगे।'
शिवराज बीमार क्या हुये,
— MP Congress (@INCMP) July 28, 2020
—सिलावट ने सिंधिया को मुख्यमंत्री बना दिया..!
शिवराज और मोदी जी को समाज के लिये कलंक बताने के बाद तुलसी सिलावट ने 15 दिन के भीतर ही ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री भी बना दिया है।
सिलावट जी,
शिवराज जी अस्पताल क्या गये,
—आप तो तख़्ता पलटने लगे..? pic.twitter.com/Vcx0vErXF7
'भाजपा वाले क्या घंटा बजाएंगे?'
वहीं, कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी इस वीडियो को लेकर सिलावट पर तंज कसा। सज्जन सिंह वर्मा ने ट्वीट किया, 'महाराज मुख्यमंत्री और चेले उप मुख्यमंत्री बन जाएंगे तो भाजपा वाले क्या मंदिर का घंटा बजाएंगे।' सज्जन सिंह पूर्व मैं कैबिनेट मंत्री रहे हैं और फिलहाल देवास के सोनकच्छ से विधायक हैं।
महाराज मुख्यमंत्री और चेले उपमुख्यमंत्री बन जाएंगे तो भाजपा वाले क्या मंदिर का घंटा बजाएंगे?? pic.twitter.com/dIjozWFQC1
— Sajjan Singh Verma (@sajjanvermaINC) July 28, 2020
पहले भी फिसली थी सिलावट की जुबान
वहीं, कुछ दिन पहले कुख्यात गैंग्स्टर विकास दुबे के एनकाउंटर को लेकर मीडिया से बात करते समय सिलावट दुबे की जगह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समाज के लिए कलंक बोल गए थे। हालांकि, बाद में इस वीडियो को सिलावट ने एडिटेड बताया था।