{"_id":"69ab02bcce9203e79a07f6c5","slug":"elderly-woman-assault-and-killed-accused-bites-off-nose-and-lips-when-she-resists-2026-03-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजगढ़ शर्मसार: बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म कर मार डाला, विरोध करने पर आरोपी पोते ने दांतों से काटे नाक-होंठ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजगढ़ शर्मसार: बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म कर मार डाला, विरोध करने पर आरोपी पोते ने दांतों से काटे नाक-होंठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़
Published by: राजगढ़ ब्यूरो
Updated Fri, 06 Mar 2026 10:07 PM IST
विज्ञापन
सार
राजगढ़ जिले से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। विरोध करने पर उसके नाक-होंठ भी आरोपी ने चबा लिए। आरोपी महिला का रिश्ते में पोता लगता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
वृद्ध महिला से दुष्कर्म (सांकेतिक चित्र)
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी ने पहले बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उस पर बर्बर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतका के दूर के रिश्ते में पोता बताया जा रहा है।
Trending Videos
पुलिस के अनुसार यह घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। मृतका के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब 30 वर्षों से महिला अपने पति और एक बेटे के साथ गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत में बनी झोपड़ी में रहती थी। दो साल पहले उसके पति का निधन हो गया था। इसके बाद महिला अपने बेटे और बहू के साथ वहीं रह रही थी। करीब 10 दिन पहले बहू मजदूरी करने के लिए अपने मायके वालों के साथ राजस्थान चली गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- नाबालिग का अपहरण कर महाराष्ट्र ले गए, फिर किया सामूहिक दुष्कर्म; एक गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
खेत में मिली वृद्धा
घटना की रात महिला का बेटा पास के खेत में सिंचाई करने गया हुआ था। झोपड़ी में महिला अकेली थी। देर रात बेटा वापस लौटा और झोपड़ी में सो गया। होली वाले दिन सुबह जब वह चाय बनाने के लिए उठा तो उसकी मां झोपड़ी में नहीं थी। पहले उसे लगा कि मां गांव में किसी काम से गई होंगी, लेकिन गांव में तलाश करने पर भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद उसने आसपास के खेतों में खोजबीन शुरू की। झोपड़ी से कुछ दूरी पर गेहूं के खेत में उसकी मां गंभीर हालत में पड़ी मिली। महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और काफी खून बह चुका था। पास में एक खटिया भी पड़ी हुई थी। बेटे ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को गंभीर हालत में खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची थी। खेत में गेहूं की फसल के बीच महिला लहूलुहान हालत में पड़ी मिली। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इसके बाद मृतका के बेटे की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में घटना की एक महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई। जांच के दौरान पता चला कि घटना से एक रात पहले गांव से कुछ दूरी पर स्थित खेत में मृतका के बेटे, उसके दो दोस्तों और रिश्ते में भतीजा लगने वाले आरोपी युवक ने मुर्गा-मटन और शराब की पार्टी की थी। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच आरोपी वहां से चुपचाप निकल गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी जब झोपड़ी के पास से गुजर रहा था, तब उसने बुजुर्ग महिला को देखा। आरोपी महिला के दूर के रिश्ते में पोता लगता था। उसने महिला को पकड़कर खेत के अंदर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी गांव पहुंचा और सबूत छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ दुष्कर्म और हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

कमेंट
कमेंट X