MP News: रीवा में गैस के लिए जंग जैसे हालात! सुबह 4 बजे से लाइन, कई लोग खाली सिलिंडर लेकर लौटे
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में घरेलू गैस सिलिंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को शहर के अजगरहा स्थित पापुलर गैस एजेंसी के बाहर सुबह 4 बजे से ही लोगों की लंबी कतार लग गई।
विस्तार
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में घरेलू गैस सिलिंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को गैस सिलिंडर लेने के लिए तड़के सुबह से ही एजेंसी के बाहर लाइन लगानी पड़ रही है। रविवार को शहर के अजगरहा स्थित पापुलर गैस एजेंसी के बाहर सुबह 4 बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। बड़ी संख्या में महिलाएं खाली सिलिंडर लेकर घंटों इंतजार करती नजर आईं, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को बिना सिलिंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा।
सुबह 4 बजे से लगी लंबी कतारें
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह अजगरहा की पापुलर गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लोग सुबह 4 बजे से ही खाली सिलिंडर लेकर लाइन में लग गए थे। कई महिलाएं अपने घर का काम छोड़कर और बच्चों को घर पर छोड़कर सिलिंडर लेने पहुंचीं। घंटों इंतजार के बावजूद कई लोगों को सिलिंडर नहीं मिल सका, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली।
प्रशासन के दावों पर उठ रहे सवाल
गौरतलब है कि प्रशासन की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि जिले में गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध हैं। लेकिन एजेंसियों के बाहर लग रही भीड़ और लंबी कतारें इन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर गैस की कमी नहीं है तो फिर लोगों को घंटों लाइन में क्यों लगना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें- MP: एक तरफा प्यार की सनक में रच डाली अपहरण की साजिश, पुलिस को लगी भनक तो तीन आरोपियों को यहां से दबोचा
महिलाओं की परेशानी, घर में खत्म हो चुकी गैस
लाइन में खड़ी कई महिलाओं ने बताया कि वे सुबह से बच्चों को घर पर छोड़कर सिलिंडर लेने आई हैं। कुछ महिलाओं ने कहा कि घर में गैस खत्म हो चुकी है और खाना बनाने में काफी दिक्कत हो रही है। छोटे-छोटे बच्चे घर पर भूखे बैठे हैं, लेकिन घंटों इंतजार करने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
बुकिंग और कूपन को लेकर उलझन
वहीं प्रशासन के प्रतिनिधियों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग हो चुकी है और जिन्हें कूपन मिल चुका है, केवल उन्हीं को सिलिंडर की डिलीवरी दी जा रही है। दूसरी ओर कई उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग सर्वर की समस्या के कारण नहीं हो पा रही है। ऐसे में जिनकी बुकिंग ही नहीं हो पा रही, उन्हें सिलिंडर भी नहीं मिल रहा।
‘जुगाड़’ वालों को मिल रहा सिलिंडर? उपभोक्ताओं का आरोप
कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों का “जुगाड़” होता है, उन्हें एजेंसी से दूर ही गैस सिलिंडर उपलब्ध करा दिया जाता है। जबकि आम उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
अन्य एजेंसियों में भी यही हाल
बताया जा रहा है कि यह समस्या केवल अजगरहा की पापुलर गैस एजेंसी तक सीमित नहीं है। शहर की अन्य गैस एजेंसियों के बाहर भी इसी तरह की भीड़ और अव्यवस्था देखने को मिल रही है। गैस सिलिंडर को लेकर पूरे शहर में हाहाकार की स्थिति बनी हुई है।
व्यवस्था सुधारने की मांग
इस स्थिति से परेशान उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को जल्द सुधारा जाए और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X