Sehore: कथित प्रेमी के साथ इस बात का हवाला देकर फरार हुई पत्नी, नौ साल का प्रेम विवाह टूटा; पीड़ित ने दी जान
सीहोर जिले के भैरुंदा के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पत्नी के कथित रूप से प्रेमी के साथ चले जाने से आहत एक युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना से पहले युवक ने एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। मौत के बाद परिजनों ने थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीहोर जिले के भैरुंदा के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पत्नी के कथित तौर पर प्रेमी के साथ चले जाने से मानसिक रूप से आहत एक युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई है। मौत से पहले उसने मोबाइल पर एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें पारिवारिक विवाद और कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दंपती के दो छोटे बच्चे हैं
परिजनों के अनुसार, मनीष का नौ साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। मनीष निजी वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था और काम के सिलसिले में अक्सर कई दिनों तक घर से बाहर रहता था। इसी दौरान उसकी पत्नी का परिचय उस मकान मालिक से हुआ, जिसके यहां परिवार किराए से रहता था। परिजनों का आरोप है कि बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और महिला कथित तौर पर घर छोड़कर चली गई।
परिजनों का कहना है कि पत्नी की शिकायत थी कि मनीष उसे पर्याप्त समय नहीं दे पाता था। इसके बाद उसने अपनी गाड़ी बेच दी और कर्ज लेकर गांव में डेयरी का काम शुरू किया, ताकि परिवार के साथ अधिक समय बिता सके। इसके बावजूद पारिवारिक विवाद खत्म नहीं हुआ और पत्नी वापस नहीं लौटी।
कथित प्रेमी पर कई गंभीर आरोप लगाए
आत्मघाती कदम उठाने से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में मनीष ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उसने दावा किया कि उसे धमकियां दी गईं और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। वीडियो में उसने अपने दोनों मासूम बच्चों का जिक्र करते हुए भावुक अपील भी की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और अभी उनकी पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें- खूनी संघर्ष पर पुरानी शिकायत: बीजेपी नेता के भाई जय की भी हुई मौत, दो लोग भी गंभीर घायल,
पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मनीष ने पहले भी गोपालपुर थाने में शिकायत की थी, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गोपालपुर थाने के सामने शव रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर एसडीओपी रोशन कुमार जैन और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि महिला की गुमशुदगी का मामला पहले से दर्ज है और उसकी जांच जारी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनीष अपने पीछे सात वर्ष की बेटी और पांच वर्ष के बेटे को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस वीडियो, शिकायतों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
