Sehore News: कुबेरेश्वरधाम में बढ़ी भीड़, 19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण बंद; सोमवार को निकलेगी कांवड़ यात्रा
सावन के तीसरे सोमवार पर कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सीवन नदी से करीब 11 किमी पैदल कांवड़ लेकर भक्त धाम पहुंचे। बढ़ती भीड़ के कारण 19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण आगामी निर्देश तक बंद रहेगा। सोमवार को भव्य कांवड़ यात्रा निकलेगी, जिसमें बैंड और झांकियां आकर्षण रहेंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन मास के तीसरे सोमवार पर कुबेरेश्वरधाम में शिवभक्ति का रंग और गहरा हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए सीहोर पहुंच रहे हैं। शहर के सीवन नदी तट से लेकर कुबेरेश्वरधाम तक कांवड़ियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। श्रद्धालु नंगे पैर कंधे पर कांवड़ लेकर करीब 11 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर धाम पहुंच रहे हैं। रविवार को भी एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के कुबेरेश्वरधाम पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण अस्थायी रूप से बंद
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और व्यवस्थाओं पर बढ़ते दबाव को देखते हुए रुद्राक्ष वितरण को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। समिति के अनुसार 19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण आगामी निर्देश तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा। यह फैसला श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और धाम की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। समिति और प्रशासन का फोकस अब बढ़ती भीड़ के बीच यातायात, पार्किंग, चिकित्सा तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर है।
सोमवार शाम 5 बजे निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
सावन के तीसरे सोमवार को सीहोर शहर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा के अनुसार यात्रा सोमवार शाम 5 बजे सीवन नदी के तट से शुरू होकर कुबेरेश्वरधाम तक जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
श्याम बैंड और झांकियां रहेंगी आकर्षण
कांवड़ यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा में इंदौर का प्रसिद्ध श्याम बैंड-बाजा, भजन-कीर्तन मंडल और तीन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। धार्मिक भजनों और कीर्तन के बीच निकलने वाली यात्रा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से आए कांवड़ यात्री भी शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें- AI का गजब उपयोग: महाकाल आए युवक ने जूता खो जाने पर ली चैटजीपीटी की मदद, चंद सेकंड में मिल गई सफलता
सीवन से धाम तक सेवा पंडालों की व्यवस्था
कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक अलग-अलग स्थानों पर सेवा पंडाल लगाए जा रहे हैं। इन पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। सामाजिक संगठनों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने भी कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए तैयारियां पूरी की हैं। लंबी दूरी तय कर आने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते में राहत देने के लिए सेवा गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नीमच और देवास से पैदल पहुंचे कांवड़ यात्री
रविवार को नीमच, देवास और अन्य क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पैदल कांवड़ लेकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। नीमच से जल लेकर आए दो दर्जन से अधिक युवाओं का विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे लगातार दूसरे वर्ष कुबेरेश्वरधाम आ रहे हैं। इस बार भी उन्होंने कई दिनों का पैदल सफर तय कर सीवन नदी से जल लिया और भगवान शिव का जलाभिषेक करने धाम पहुंचे।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने दिया आस्था का संदेश
कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने सावन में भगवान शिव को जल अर्पित करने के महत्व पर श्रद्धालुओं को संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव पर किया गया विश्वास कभी खाली नहीं जाता। उन्होंने श्रद्धालुओं से आस्था और विश्वास के साथ भगवान शिव की आराधना करने का आह्वान किया।
यातायात और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर
आने वाले दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के कुबेरेश्वरधाम पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में प्रशासन और समिति द्वारा यातायात व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। रुद्राक्ष वितरण बंद करने का निर्णय भी इसी भीड़ प्रबंधन का हिस्सा बताया गया है। कांवड़ यात्रा और धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन और समिति स्तर पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

कुबेरेश्वरधाम में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कुबेरेश्वरधाम में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कुबेरेश्वरधाम में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
